
सिरोही. फोरलेन हाईवे पर बारीघाटा में गुरुवार दोपहर एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गया। जिससे खलासी की मौत हो गई। जबकि, चालक मौके से फरार हो गया। सूचना के बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। कोतवाली थाना प्रभारी आनंदकुमार ने बताया कि मोरबी टाइल्स भरकर पाली की ओर जा रहा एक ट्रेलर बारीघाटा में अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गया। जिससे खलासी नसीराबाद (अजमेर) निवासी अमजद (३०) पुत्र इस्माइल खां ट्रेलर के अंदर फंस गया। वहीं चालक ट्रेलर से कूदकर मौके से फरार हो गया। सूचना के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्नालाल मीणा, एसडीएम नाथूसिंह राठौड़, डीएसपी प्रेम धणदे, कोतवाली थाना प्रभारी आनंद कुमार मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकालकर सामान्य चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया।
पिछला भाग ही जला
हादसे के बाद ट्रेलर के डीजल टैंक में आग लग गई। सूचना पर दमकल वाहन ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हालांकि, केबिन के अंदर फंसे खलासी के शव को आग ने चपेट में नहीं लिया।
दो बाइक भिड़ी, तीन युवक घायल
मंडार. रीको आवासीय कॉलोनी के समीप मेगा हाइवे पर गुरुवार दोपहर दो बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जिससे दोनों बाइक चालक समेत पीछे बैठा युवक भी गम्भीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर एएसआई भागीरथसिंह इंदा मय जाप्ता मौके पर पहुंचे और घायलों को १०८ एम्बुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार दांतीवाड़ा ओढवा (गुजरात) निवासी हीराराम पुत्र सोनाराम माली व महेश कुमार पुत्र खेमाराम माली बाइक पर जीरावला गोगाजी के थान पर दर्शन करने जा रहे थे। इस दौरान रीको कॉलोनी के पास सामने से तेजगति बाइक लेकर आ रहे भंवरिया (रानीवाड़ा) निवासी दीपक कुमार पुत्र केसाराम ठाकोर ने टक्कर मार दी। जिससे तीन बाइक सवार घायल हो गए।