
आबूरोड. शहर के वार्ड-18 व वार्ड-24 स्थित शिवाजी कॉलोनी में जलापूर्ति व्यवस्था चरमराने से लोगों को पानी की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। शहर के वार्ड-18 में गुजराती मोहल्ला, बोहरा चाल व आसपास के इलाकों में दो दिन में जलापूर्ति हो रही है। ये सप्लाई भी पर्याप्त नहीं हो रही है। ऐसे में लोगों को पानी की भारी किल्लत से जूझना पड़ रहा है। स्थानीय रहवासियों ने बताया कि दो दिन में पानी की सप्लाई होती है, कम पानी की सप्लाई होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या को लेकर जलदाय विभाग के कार्मिकों को सूचित करने पर बताया जाता है कि पाइपलाइन सीवरेज कार्य में फुट गई है। हर बार एक ही जवाब दिया जाता है, लेकिन समस्या का कोई स्थानीय निराकरण नहीं हो रहा है। उधर, शहर के वार्ड-24 स्थित गांधीनगर शिवाजी कॉलोनी में तीन-चार दिन में जलापूर्ति हो रही है। जलापूर्ति पर्याप्त नहीं होने से लोगों को टैंकरों से पानी की आवश्यकता को पूरा करना पड़ रहा है। स्थानीय रहवासी देवीलाल भाटी ने बताया कि चार दिन बाद जलापूर्ति हो रही है। पानी की सप्लाई में केवल तीन-चार मटके ही भर पाते हैं। कई बार अधिकारियों को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन हर बार पाइपलाइन लीकेज होने का जवाब मिलता है। पानी की भारी किल्लत का लोगों को सामना करना पड़ रहा है।
आबूरोड. रेलवे ने रेल भर्ती बोर्ड परीक्षा को लेकर यात्रियों व परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए भिवानी-साबरमती-भिवानी अनारक्षित परीक्षा स्पेशल रेलसेवा का संचालन किया जा रहा है। भिवानी-साबरमती परीक्षा स्पेशल रेलसेवा 15 जून बुधवार को भिवानी से सुबह 4.30 बजे रवाना होकर जयपुर स्टेशन पर 11.35 बजे आगमन व 11.45 बजे प्रस्थान कर रात्रि 11.10 बजे साबरमती पहुंचेगी। अजमेर में यह रेलवे का आगमन-प्रस्थान समय दोपहर 2.45-2.55 बजे, ब्यावर में अपराह्न 3.45-3.47 बजे, मारवाड़ जं में शाम 4.52-4.54 बजे, फालना शाम 5.33-5.35 बजे व आबूरोड में शाम 7.00-7.10 बजे रहेगा। वहीं साबरमती-भिवानी परीक्षा स्पेशल रेलसेवा 16 जून गुरूवार को साबरमती से शाम 7.45 बजे रवाना होकर शुक्रवार को जयपुर स्टेशन पर सुबह 7.05 बजे आगमन व सुबह 7.15 बजे प्रस्थान कर दोपहर 1.00 बजे भिवानी पहुंचेगी। अजमेर में इस गाड़ी का आगमन-प्रस्थान समय 17 जून को सुबह 4.30-04.40 बजे, ब्यावर में 3.28-3.30 बजे, मारवाड़ जं 2.18-2.20 बजे, फालना 1.15/01.17 बजे व आबूरोड में 16 जून को देर रात्रि 11.45-11.55 बजे आगमन-प्रस्थान समय रहेगा। यह रेलसेवा मार्ग में रेवाडी, अलवर, बांदीकुई, दौसा, गांधीनगर जयपुर, जयपुर, फुलेरा, किशनगढ, अजमेर, ब्यावर, मारवाड जं., फालना आबूरोड, पालनपुर व महेसाना स्टेशनों पर ठहराव करेगी।