
सीतापुर. जनपद में जिला प्रशासन के लचर रवैये के चलते प्रदेश सरकार के आदेश के बावजूद भी आज तक जिला कारागार में सर्च अभियान नहीं चलाया गया है। बागपत जनपद के जिला कारागार की तन्हाई बैरिक में रह रहे मुन्ना बजरंगी की कारागार में ही सुबह तड़के गोली मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया था। वारदात में प्रयुक्त असलहा जेल के सख्त पहरे के बावजूद अंदर पहुंचना अपने आप में जेल की सुरक्षा पर सवालियां निशान खड़े करता है।
जेलों में सर्च अभियान चलाने के सख्त निर्देश जारी
उत्तर प्रदेश सरकार ने इस कांड के बाद जेलों में बंद कैदियों की सुरक्षा के लिए प्रदेश की सभी जेलों में सर्च अभियान चलाने के सख्त निर्देश जारी कर दिए थे। इसके बावजूद भी सीतापुर में जिला प्रशासन ने यहां की जेलों का अभी तक जायजा लेने की न ही जहमत उठाई और न ही अभी तक बैरिकों में सर्च अभियान चलाया गया। करीब एक हजार से कम की क्षमता वाले सीतापुर की जेल में इन दिनों तकरीबन 18 सौ के करीब कैदी विचाराधीन और कैदी बंद है। इतना ही नहीं यहां सूबे की राजधानी से सटे सीतापुर की इस जेल में काफी दिनों से उन्नाव रेप और हत्याकांड के आरोपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर भी निरुद्ध है। इससे पहले भी इस जेल में कुख्यात अपराधी जैसे मुख्तार अंसारी भी निरुद्ध रह चुके है।
शिकायतें आमतौर पर आती रहती हैं
सीतापुर की इस जेल में कई बार जेल में कैदियों की मौत और बैरिकों से ब्लेड आदि मिलने से शिकायतें आमतौर पर आती रहती हैं और वह अब आम बात बनकर रह गई है। इसके बावजूद भी सीतापुर जिला प्रशासन और पुलिस के आधिकारियों ने जेल का मुआयना करने की जरूरत नहीं समझी है। जिला प्रशासन की उपेक्षा और शासन के आदेशों की नाफरमानी उसे सवालों के घेरे में खड़ा कर रही है।