
सीतापुर में घर में लगी भीषण आग (PC: X/@sitapurpolice)
Fire Accident in Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। रविवार सुबह मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर गांव में एक घर में शॉर्ट सर्किट की वजह से भयानक आग लग गई। इस भीषण हादसे में 10 साल का एक मासूम बच्चा और उसकी 40 वर्षीय मां जिंदा जल गए जिससे दोनों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं 17 साल की बेटी गंभीर रूप से झुलस गई है जिसका लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक घर में पेट्रोल केन में भरकर रखा हुआ था। बताया जा रहा है कि पेट्रोल बिक्री के लिए रखा गया था। इसी वजह से आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। घर के अंदर फंसे परिवार के लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। आग की लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव की कोशिश शुरू की। ग्रामीणों ने अग्निशमन विभाग और एंबुलेंस को सूचना दी। इस दौरान घर में मौजूद 11 वर्षीय कृष्णा की आग में झुलसने से मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मिश्रिख इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना एंबुलेंस का इंतजार किए झुलसे हुए लोगों को अपनी सरकारी जीप में बैठाकर तुरंत स्थानीय सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी में डॉक्टरों ने 10 साल के कृष्णा को मृत घोषित कर दिया। गौरी और काजल की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल और फिर वहां से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया।
लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान रविवार सुबह करीब 10 बजे बुरी तरह झुलसी गौरी ने भी दम तोड़ दिया। वहीं 17 साल की बेटी काजल की हालत अभी भी बेहद गंभीर बनी हुई है। एएसपी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की वजह से मां और बेटे की मौत हुई है। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर अहम सबूत जुटाए हैं और मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है।
प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। घर में पेट्रोल रखे होने की बात भी सामने आई है, जिसकी वजह से आग तेजी से फैलने की आशंका है। ASP दुर्गेश कुमार सिंह ने कहा कि आग लगने से दो लोगों की मौत हुई है। किशोरी झुलसी है उसका इलाज चल रहा है। फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं। जांच के बाद आग लगने की वजह का पता चलेगा।
Updated on:
13 Sept 2026 03:55 pm
Published on:
13 Sept 2026 03:55 pm
बड़ी खबरें
View Allसीतापुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
