
सीतापुर. रविवार का दिन सीतापुर जनपद के लिए काफी दहशत भरा रहा। यहां के महोली इलाके में हुई दो युवकों की हत्या से इलाके में सनसनी का माहौल है। इस वारदात के पीछे पुलिस प्रेम प्रसंग होने का अंदेशा जता रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ़्तारी का दावा भी कर रही है। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक आंनद कुलकर्णी ने मौके का जायजा लिया और पुलिस टीम को जल्द खुलासे के आदेश दिए।
जानकारी है सीतापुर जिले के महोली कोतवाली इलाके के इमलिया गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब गांव के ही एक खेत में गांव के दो युवकों की लाशें बरामद हुई। कुछ लोगों द्वारा मौके से ही पुलिस को जानकारी दी गई, जिसके बाद पुलिस के आला अधिकारी खुद SP आनंद कुलकर्णी अपने दल बल के साथ पहुंचकर मामले की तहकीकात शुरू की। इस दौरान उनके साथ डॉग स्क्वायड व अन्य जांच टीमें भी पहुंची। दोनों मृतकों के सर पर काफी गंभीर चोटें हैं। जिससे दोनों की पहचान आसान नहीं थी लिहाजा गांव के कई लोगों द्वारा मौके पर पहुंचकर दोनों की पहचान बमुश्किल की गयी। जिसमें एक सचिन शुक्ला पुत्र बाबूराम और दूसरा छैलू की पहचान लोगों द्वारा की गयी। पुलिस की माने तो दोनों के सर पर किसी भारी पत्थर या लाठी से जोरदार प्रहार किया गया है। जिससे इनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल मृतकों के परिजनों की तरफ से गांव के ही मोती नाम के एक व्यक्ति को प्राथमिक रिपोर्ट में नामजद किया गया है।
अभी काफी कुछ कहना ठीक नहीं है
उधर महोली कोतवाली पुलिस की माने तो घटना की स्थिति काफी कुछ साफ होने की वजह से जल्द से जल्द पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा और हत्यारों की गिरफ्तारी भी हो जाएगी। पुलिस सूत्रों की माने तो यह मामला प्रेम प्रसंग का भी मालूम दे रहा है, जैसा कि ग्रामीणों की तरफ से पुलिस को इस संबंध में जानकारी दी गई है। SP आनंद कुलकर्णी मीडिया से बात करते समय बताया कि अभी काफी कुछ कहना ठीक नहीं है पूरे मामले की जांच चल रही है।