रिटायर्ड कर्मी ने दहेज़ के लिए निकाले थे 80 हज़ार, कोतवाली के समीप लुटेरों ने सरेआम की लूट
सीतापुर. सीतापुर शहर कोतवाली से कुछ कदमों की दूरी पर ही एक रिटायर्ड कर्मचारी को लुटेरों ने अपना शिकार बना लिया। यहां के जिला अस्पताल के ठीक सामने बाइक सवार लुटेरों ने रिटायर कर्मचारी से 80000 की नगदी लूट ली और लुटेरे वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने कांबिंग कराई लेकिन शातिर लुटेरे भागने में सफल रहे। फिलहाल पुलिस ने तीन संदिग्ध हिरासत में लिया है।
जानकारी है कि रामकोट थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव निवासी राजाराम सप्लाई ऑफिस में चतुर्थी श्रेणी पद से रिटायर हुए हैं। शुक्रवार को वह सीतापुर शहर स्थित इलाहाबाद बैंक आए थे यहां उन्होंने अपने खाते में ₹80000 की नगदी निकाली और साइकिल खड़ी कर उसकी मरम्मत कराने की बात कहकर वह पैदल ही जिला अस्पताल की ओर चल दिए। लगभग 3:30 बजे राजाराम जिला अस्पताल गेट के ठीक सामने पहुंचे, इसी दौरान काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि बाइक सवार लुटेरों ने असलहे के बल पर राजाराम के हाथ से रुपए से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए। शोर शराबे के बाद भीड़ जमा हो गई। इस घटना की पाकर शहर कोतवाल जैनउद्दीन अंसारी मौके पहुंचे। कोतवाल ने बताया कि राजाराम के बताए गए होली यह आधार पर आसपास वाहनों की चेकिंग कराई गई लेकिन लुटेरे हाथ नहीं लग सके। शहर कोतवाल का कहना है कि काले रंग की बाइक पर सवार लुटेरे 80000 की नगदी छीन कर फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि 3 संदिग्ध हिरासत में लिए गए हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है। शहर कोतवाल जैनुद्दीन ने बताया कि राजाराम की बेटी की शादी नजदीक है। दहेज में मोटरसाइकिल देने के लिए उसने बैंक से पैसे निकाले थे। शहर कोतवाल ने बताया कि लुटेरों की बाइक का पता चल गया है। दो लुटेरे पल्सर बाइक से उजागर लाल स्कूल की तरफ भागे हैं। उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।