Sitapur Murder: यूपी के सीतापुर में एक शख्स ने अपने परिवार के पांच लोगों की हत्या कर खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। पुलिस जांच में इस घटना के पीछे की वजह सामने आई है।
Sitapur Murder: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक ही परिवार से छह लोगों की मौत की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी मां, पत्नी और 3 बच्चों की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने खुद को गोली मारकर अपनी जान दे दी। पुलिस को जांच के समय मौके से एक अवैध असलहा मिला है।
यह वारदात मथुरा थाना क्षेत्र के पल्हापुर गांव की है। इस गांव के निवासी अनुराग सिंह ने रात करीब ढाई से तीन बजे के करीब अपनी मां सावित्री को गोली मारी। इसके बाद अनुराग ने अपनी पत्नी प्रियंका सिंह (40) की गोली मारी और सिर पर हथौड़े से भी वार किया। पुलिस को पत्नी के शव के पास से हथौड़ा बरामद हुआ है।
अनुराग सिंह ने मां और पत्नी को मारने के बाद बेटी अस्वी (12), अर्ना (8) और पुत्र आद्विक(4) को छत से नीचे फेंक दिया। इसके बाद अनुराग अपने भाई अजीत सिंह को मारने के लिए दौड़ा, लेकिन अजीत ने खुद को कमरे में बंद कर लिया।
अनुराग सिंह ने इसके बाद खुद को गोली मार ली। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृतक अनुराग सिंह के भाई अजीत सिंह ने बताया, “खुद को कमरे में बंद कर उसने अपनी जान बचाई। रात ढाई से तीन बजे के बीच गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जब वह अपने कमरे से बाहर आया तो खूनी मंजर देखा।”
सीओ महमूदाबाद दिनेश शुक्ला ने बताया, “युवक नशे का आदी था। परिवार वाले उसे नशा मुक्त केंद्र ले जाना चाहते थे, इसको लेकर रात में विवाद हुआ। इसके बाद यह घटना हुई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।”
सीतापुर के एसएसपी चक्रेश मिश्रा का कहना है, “आज मथुरा में रामपुर पुलिस को सूचना मिली कि मानसिक रूप से बीमार एक व्यक्ति, जिसका नाम अनुराग सिंह उम्र 45 वर्ष है, ने कथित तौर पर खुद को गोली मारने से पहले अपने परिवार के पांच लोगों की हत्या कर दी है। पुलिस और एफएसएल टीम जांच कर रही है। हर पहलू पर कानूनी कार्रवाई चल रही है। मौके से एक अवैध असलहा बरामद कर लिया गया है। अलग-अलग शव पर अलग तरह के चोट के निशान हैं। छत से फेंकने वाली बात इस परिवार के एक सदस्य ने ही बताई है। मामले की जांच कर रहे हैं।”