सीतापुर

खुशियां मातम में बदलीं: सीतापुर में अनियंत्रित ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रौंदा, 6 लोगों की दर्दनाक मौत

सीतापुर जिले के पिसावां थाना क्षेत्र में लोगों से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली को पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई।
2 min read
• •
Updated: 6 Nov 2026, 7:44 PM IST
Sitapur Road Accident
सीतापुर सड़क दुर्घटना

Sitapur Road Accident: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में शुक्रवार शाम को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिले के पिसावां थाना क्षेत्र में लोगों से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली को पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। वहीं कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पिसावां CHC में भर्ती कराया गया है।बताया जा रहा है कि ये लोग मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए जा रहे थे।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों और मृतकों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया।

मुंडन संस्कार में जा रहे लोगों पर टूटा कहर

शुरुआत जानकारी के मुताबि, ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार सभी लोग एक बच्चे के मुंडन संस्कार में जा रहे थे। सभी लोग बहुत खुश थे। उन्हें क्या पता था कि अगला पल उनके ​लिए काल बनकर आएगा। रास्ते में पिहानी मार्ग स्थित कुलहाघाट के पास तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना के बाद वहां पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण तुरंत राहत एवं बचाव कार्य के लिए दौड़ पड़े।

सीएम योगी ने सीतापुर सड़क हादसे पर जताई संवेदना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीतापुर में हुए सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाई जाए। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। योगी सरकार ने हादसे के बाद त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।

जानें सीतापुर पुलिस ने क्या कहा

सीतापुर पुलिस के अनुसार, पिसावां थाना क्षेत्र के हिम्मतनगर इलाके में हरदोई की ओर से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार छह लोगों की मौत हो गई। वहीं कुछ लोग घायल हो गए। यह जानकारी क्षेत्र के इंस्पेक्टर नागेंद्र चौबे ने दी है।

Updated on:
6 Nov 2026, 7:44 PM IST
Published on: