सिवान

Bihar News: AK-47 ने बढ़ाई पुलिस की मुश्किलें! VIDEO वायरल, SIT अधिकारी सस्पेंड; DM के बयान से खड़े हुए नए सवाल

सीवान के जिलाधिकारी ने साफ कहा है कि किसी पुलिसकर्मी को AK-47 लेकर जाने का आदेश नहीं दिया गया था और यह जांच की जा रही है कि संबंधित अधिकारी हथियार लेकर मौके पर कैसे पहुंचा।
2 min read
Jul 27, 2026
policeman ak47 firing
सीवान में छात्रों पर AK-47 से फायरिंग करता पुलिसकर्मी। फोटो-एक्स

बिहार के सीवान में शनिवार को हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान AK-47 असॉल्ट राइफल से हवा में फायरिंग करते एक पुलिसकर्मी का वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि फायरिंग मामले में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) में तैनात एक अधिकारी को सस्पेंड किया गया है। यह कार्रवाई सीवान के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पूरन कुमार झा के उस बयान के बाद हुई, जिसमें उन्होंने बताया था कि विरोध प्रदर्शन के दौरान कुल आठ से दस राउंड फायरिंग हुई थी।

किसके आदेश पर AK-47 लाई गई?

सीवान के जिलाधिकारी (डीएम) ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान किसी भी पुलिसकर्मी को AK-47 लेकर जाने का कोई आदेश नहीं दिया गया था। उन्होंने बताया कि यह जांच का विषय है कि संबंधित पुलिसकर्मी AK-47 लेकर मौके पर कैसे पहुंचा। डीएम के इस बयान के बाद पूरे घटनाक्रम और पुलिस की कार्रवाई को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं।

वहीं, एसपी पूरन कुमार झा ने कहा, "पुलिस की ओर से लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियारों से चार राउंड और पिस्तौल से तीन राउंड फायरिंग की गई। कुल मिलाकर करीब आठ से दस राउंड गोलियां चलीं। हम यह भी जांच कर रहे हैं कि बाकी फायरिंग कहां से हुई।"

पुलिस फायरिंग में एक व्यक्ति घायल

कथित NEET पेपर लीक और छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध में शनिवार को आयोजित बिहार बंद के दौरान सिवान में प्रदर्शन हिंसक हो गया था। इस दौरान तीन लोगों को गोली लगने की सूचना मिली, जबकि सिवान के एसपी पूरन कुमार झा समेत कई पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।

हालांकि, एसपी झा ने आधिकारिक तौर पर केवल बुलेट कुमार गोंड नामक एक व्यक्ति के पुलिस फायरिंग में घायल होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि बुलेट कुमार गोंड के पैर में गोली लगी है। एसपी ने यह भी कहा, "फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि तीनों लोगों को लगी गोलियां पुलिस की ओर से चली थीं या किसी अन्य स्रोत से। पूरे मामले की जांच जारी है।"

Updated on:
27 Jul 2026 09:29 pm
Published on:
27 Jul 2026 09:25 pm