
Sonbhadra News: सोनभद्र जिले के अनपरा क्षेत्र के वीरन वहरा टोला में रविवार को बंधी में डूबने से सगे भाई-बहन और बहनोई की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान भाई गहरे पानी में चला गया, जिसे बचाने के लिए उसकी बहन भी पानी में उतर गई। दोनों को डूबता देख बहनोई ने भी पानी में छलांग लगा दी और तीनों की डूब कर मौत हो गई है। घटना की जानकारी होने के बाद अफरा तफरी का माहौल हो गया। वहीं, आसपास के लोगों ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तीनों के शव को बरामद कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा अनपरा थाना क्षेत्र के कुल डोंगरी ग्राम पंचायत के वीरन वहरा टोला में हुआ है। बताया जा रहा है कि गांव के रहने वाले राम प्रसाद का पुत्र राजू (16) रविवार को घर से बंधी में नहाने गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समा गया। अपने भाई को डूबता देख पास में ही मौजूद उसकी बहन उर्मिला (20) ने उसे बचाने की कोशिश की और उसने भी पानी में छलांग लगा दी। हालांकि, पानी इतना गहरा था कि वह भी पानी में फंस गई और डूबने लगी।
अपने साले और पत्नी को पानी में डूबता देख पास में ही खड़े उर्मिला के पति अनिल (24) ने भी उन्हें बचाने की कोशिश करते हुए बंधी में छलांग लगा दी। इस दौरान तीनों ही एक दूसरे को बचाने की कोशिश करते रहे और तीनों ही पानी में डूब गए। पास में ही खड़े ग्रामीणों ने तीनों को डूबता देखा और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वे पानी में समा गए थे, जिसके बाद ग्रामीणों ने पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके साथ ही परिजनों को भी जानकारी दी गई।
जानकारी मिलते ही परिजन बंधी के पास पहुंचे और चीख पुकार मच गई। वहीं, घटना की जानकारी होने के बाद अनपरा पुलिस भी मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम व गोताखोरों को मौके पर बुलाया। इस दौरान करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद तीनों के शव को गोताखोरों की मदद से बाहर निकाला गया। पुलिस ने बताया है कि तीनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।