सोनभद्र

सोनभद्र पुलिस का मानव तस्करी गिरोह पर प्रहार, 1.20 लाख में किशोरी का किया था सौदा, 2 महिलाएं गिरफ्तार

रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने मानव तस्करी गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। महिलाओं ने जिले की एक नाबालिक लड़की को नौकरी का झांसा देकर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से होते हुए आगरा और अलीगढ़ में ले जाकर 1.20 लाख में उसका सौदा कर दिया था...

2 min read
Apr 13, 2026
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी महिलाएं, pc-patrika

सोनभद्र: जिले की पुलिस ने मानव तस्करी जैसे घृणित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक गिरोह का भंडाफोड़कर दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिलाएं काम दिलाने के बहाने युवतियों को बहला फुसलाकर बेच दिया करती थी। इसके बाद अब ये पुलिस के हत्थे चढ़ गई हैं।

रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने मानव तस्करी गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि ग्राम पवर क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। इनकी पहचान बिंदु और सोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।

किशोरी का किया था सौदा

थाना अध्यक्ष ने बताया कि आरोपी महिलाओं ने जिले की एक नाबालिक लड़की को नौकरी का झांसा देकर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से होते हुए आगरा और अलीगढ़ में ले जाकर 1.20 लाख में उसका सौदा कर दिया था। पुलिस ने बताया कि पीड़ित नाबालिक किशोरी को अलग-अलग स्थान और अलग-अलग व्यक्तियों के पास रखा गया, जहां जबरन उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। इसके बाद वह गर्भवती हो गई।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान यह प्रकाश में आया कि यह पूरी वारदात किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि एक संगठित गिरोह की सोची समझी चाल थी, जिसमें अन्य लोग भी संलिप्त हैं। रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने इस मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत और पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

पुलिस ने बताया कि लगभग 6 महीने पूर्व पीड़ित नाबालिक के परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया था। उसके बाद इस मामले में कार्रवाई करते हुए दो महिलाएं गिरफ्तार हुई हैं। फिलहाल नाबालिक किशोरी गर्भवती है और उसके गर्भपात को लेकर न्यायालय अपना फैसला सुनाएगी। नाबालिक किशोरी का इलाज डॉक्टर के परामर्श के अनुसार चल रहा है।

Published on:
13 Apr 2026 05:30 pm
Also Read
View All