4 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अब सोनभद्र भी भरेगा उड़ान, बनेगा पूर्वांचल का तीसरा एयरपोर्ट, ₹23 करोड़ जारी

म्योरपुर में पूर्वांचल का तीसरा सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनाया जाएगा। इसके लिए शासन ने 23 करोड रुपए का बजट जारी कर दिया है। निर्माण कार्य के लिए कागजी कार्रवाई भी पूरी की जा चुकी है...

2 min read
Google source verification

AI image (Chatgpt)

सोनभद्र: जिले के म्योरपुर में पूर्वांचल का तीसरा एयरपोर्ट बनने जा रहा है। इसको लेकर शासन की तरफ से 23 करोड रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। यह एयरपोर्ट वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के अधिकारियों की निगरानी में बनाया जाएगा, जिसको लेकर कवायद तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि इस एयरपोर्ट का निर्माण 70 एकड़ की भूमि पर किया जाएगा।

कागजी कार्रवाई पूरी

जानकारी के मुताबिक, म्योरपुर में पूर्वांचल का तीसरा सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनाया जाएगा। इसके लिए शासन ने 23 करोड रुपए का बजट जारी कर दिया है। निर्माण कार्य के लिए कागजी कार्रवाई भी पूरी की जा चुकी है। उम्मीद है कि अप्रैल के अंतिम सप्ताह से इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा और इसका निर्माण आजमगढ़ एयरपोर्ट की तर्ज पर किया जाएगा। बताया जा रहा है कि यहां से क्षेत्रीय और नॉन कनेक्टिंग विमान का संचालन किया जाएगा।

कोर्ट ने लगाया था स्टे

दरअसल, यहां एयरपोर्ट का निर्माण 2022 से कराया जा रहा है। पूर्व में यहां पार्किंग के लिए चिन्हित जमीन पर विवाद था, जिसके कारण इसपर कोर्ट ने स्टे लगा दिया था। 2025 में हाईकोर्ट ने जमीन से स्टे हटा लिया, इसके बाद शासन ने इस एयरपोर्ट के लिए 23 करोड रुपए का बजट जारी कर दिया है। वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के अधिकारियों की निगरानी में इसे पूरा किया जाना है। अधिकारियों के मुताबिक, सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद इसी महीने से निर्माण कार्य शुरू किया जा सकता है।

इस एयरपोर्ट का निर्माण करीब 70 एकड़ की भूमि पर होगा और रनवे की लंबाई 2000 मीटर होगी। यहां एक छोटा टर्मिनल भवन, वीआईपी लाऊंज, पार्किंग, सुरक्षा और चेकइन काउंटर भी बनाए जाएंगे। लगेज के लिए विशेष कन्वेयर सिस्टम होगा जो विमान से आगमन हाल में यात्रियों तक चेकइन किए गए सामान को पहुंचाने के लिए बनाया जाएगा।

क्या बोले अधिकारी

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्देशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि इस एयरपोर्ट के लिए बजट शासन की ओर से जारी किया गया है। जिस तरह से आजमगढ़ में एयरपोर्ट का निर्माण हुआ था, उसी की तर्ज पर इसका भी निर्माण किया जाएगा। उम्मीद है कि यह निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा। इससे पूर्वांचल छत्तीसगढ़ और झारखंड के यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।