
प्रतीकात्मक तस्वीर
सोनभद्र: घोरावल कोतवाली क्षेत्र के नौगढ़वा गांव में चंदौली के एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर की कथित गर्लफ्रेंड ने अपने पति और भांजे संग मिलकर उसकी हत्या कर शव को सिरसा डैम में गहरी खाई में फेंक दिया। घटना की जानकारी प्रॉपर्टी डीलर के ड्राइवर ने परिजनों को दी, जिसके बाद पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, चंदौली के रहने वाले कुंवार मौर्या (50) पेशे से प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। बताया जा रहा है कि 22 मार्च को वह सोनभद्र में अपनी कथित प्रेमिका लीलावती से मिलने के लिए अपने ड्राइवर संग पहुंचे थे। इस दौरान देर रात उनकी हत्या कर दी गई और शव को पास के ही एक नहर में पत्थर से बांधकर फेंक दिया गया।
प्रॉपर्टी डीलर के ड्राइवर रोहित ने बताया है कि देर रात लीलावती ने उसे जगाया और कहा कि उसने अपने पति और भांजे संग मिलकर कुंवार मौर्या की हत्या कर दी है। ड्राइवर ने बताया कि लीलावती ने उससे प्रॉपर्टी डीलर के शव को ठिकाने लगाने की बात कही और उसकी गाड़ी की दिग्गी में शव को रखकर सिरसा डैम की खाई में पत्थर बांधकर फेंक दिया। ड्राइवर ने आरोप लगाया है कि लीलावती ने इस भेद को खोलने पर उसे जान से मारने की धमकी दी थी।
घटना के बाद रोहित वापस चंदौली लौट आया और उसने यह बात कुंवार मौर्या के परिजनों को बता दी। कुंवर के भाई घासी मौर्य ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उसके भाई का सोनभद्र की रहने वाली लीलावती से प्रेम प्रसंग था और 22 मार्च को वह किसी काम से सोनभद्र गए थे और लीलावती के ही घर पर रुके थे। इस दौरान लीलावती ने अपने पति और भांजे संग मिलकर उनकी हत्या कर शव को खाई में फेंक दिया।
पुलिस ने बताया है कि मृतक के भाई द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर शव को खाई से बरामद कर लिया गया है। इसके साथ ही तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बयान के लिए मृतक के ड्राइवर को भी बुलाया गया है। फिलहाल, सभी आरोपी फरार हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम का गठन किया गया है जल्द ही सभी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
Published on:
28 Mar 2026 10:29 am
बड़ी खबरें
View Allसोनभद्र
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
