सोनभद्र

सोनभद्र में बारातियों की कार पलटी, 3 की मौत… 4 घायल, एक की हालत नाजुक

सोनभद्र में शादी से लौट रही कार पलटने से बड़ा हादसा हो गया। तीन युवकों की मौके पर मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हुए। एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

2 min read
Apr 25, 2026
सांकेतिक फोटो सोर्स पत्रिका

सोनभद्र जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जब शादी से लौट रहे बारातियों की कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले मेंवाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर शनिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यह दुर्घटना लोढ़ी स्थित टाटा मोटर्स एजेंसी के पास सुबह करीब 4 बजे हुई। जब बारात से लौट रहे लोगों की कार अचानक बेकाबू होकर सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए।

इनकी हुई मौत, चार घायल एक की हालत नाजुक

मृतकों की पहचान दिलीप पासवान, नीतीश यादव और जितेंद्र साहनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था। कार में चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला। पुलिस को सूचना दी। घायलों में चालक छोटेलाल साहनी की हालत गंभीर बताई जा रही है। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। मृतकों के शवों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कार में आठ लोग सवार थे बारात से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, सभी लोग खलियारी बैनी रायपुर से एक शादी समारोह में शामिल होकर कन्हौरा लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया। कार पलट गई। हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। लेकिन माना जा रहा है कि तेज रफ्तार या चालक का नियंत्रण खोना इसका कारण हो सकता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटाकर किनारे किया गया। जिससे कुछ देर बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

Published on:
25 Apr 2026 10:06 am
Also Read
View All