सोनभद्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि दो बाइकें आमने-सामने टकरा गई, जिसके बाद यह हादसा हुआ...
सोनभद्र: करमा थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि यह सड़क हादसा रॉबर्ट्सगंज-मिर्जापुर मुख्य मार्ग पर करकी माइनर के पास देर रात करीब 12 बजे के आसपास हुआ।
जानकारी के मुताबिक, करकी माइनर के पास मंगलवार की देर रात दो बाइक आपस में टकरा गई, जिसमें दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं, इस हादसे में घायल दो लोगों का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि जौनपुर जिले के रहने वाले जय सिंह अपनी पत्नी सरिता सिंह के साथ रॉबर्ट्सगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान करकी माइनर के पास विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा तफरी का माहौल हो गया।
इस दर्दनाक सड़क हादसे में जय सिंह और उनकी पत्नी सरिता सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार करमा थाना क्षेत्र के रहने वाले चंदू, कृष्ण और अक्षय गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी होने के बाद आसपास के लोग और पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, अस्पताल में इलाज शुरू होने से पहले ही चंदू की भी मौत हो गई।
अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए कृष्ण और अक्षय की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस के मुताबिक डायल 112 को दुर्घटना की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर पुलिस कर्मियों को भेजा गया। इस दौरान जय सिंह और उनकी पत्नी की चोट ज्यादा लगने के कारण मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि घायल हुए तीन लोगों को अस्पताल भेजा गया। वहीं, अस्पताल में एक और व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। फिलहाल, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।