सोनीपत

रफाल डील में मोदी की भागीदारी उजागर करने के लिए राज्य स्तरीय रैली करेगी हरियाणा कांग्रेस

तंवर ने कहा कि देश अब इस दल की हकीकत समझ चुका है...
2 min read
• •
Updated: 25 Aug 2018, 2:20 PM IST
ashok tanwar and narendra modi
ashok tanwar and narendra modi

(चंडीगढ़): हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डा अशोक तंवर ने शुक्रवार को सोनीपत में ऐलान किया कि राज्य में पार्टी की सरकार बनने पर हरियाणा लोक सेवा आयोग व कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से होने वाली भर्तियों में उन परिवारों के सदस्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिन परिवारों के सदस्यों को अब तक कई पीढिय़ों से सरकारी नौकरी नहीं मिली है। तंवर सोनीपत की नई अनाज मंडी में हरियाणा बचाओ-परिवर्तन लाओ और रफाल पोल खोल साइकिल यात्रा के चौथे चरण के समापन अवसर पर आयोजित रैली को संबोधित कर रहे थे।

डा अशोक तंवर ने कहा कि दिल्ली में बैठी बीजेपी की मोदी सरकार ने देश की सुरक्षा के नाम पर बड़ा घोटाला किया है । अपने हाथ मे रफाल जहाज का मॉडल लहराते हुए तंवर ने कहा कि सरकारी कम्पनी एचएएल को बाहर कर मोदी ने अम्बानी की बैंकों से कर्जदार कम्पनी को कांग्रेस की सरकार के समय मंजूर दरों से एक हजार करोड़ से भी अधिक महंगी कीमत पर विमान सौदा किया है । उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के नाम पर चौकीदार से घोटाले में भागीदार बनने के खेल की पोल खोलने के लिए अगले महीने पानीपत में राज्य स्तरीय रैली आयोजित की जाएगी ।


संविधान को जलाने वालों के संरक्षकों को समाज के लिए खतरा बताते हुए तंवर ने कहा कि देश अब इस दल की हकीकत समझ चुका है । इस दल को उखाडऩे की शुरूआत हरियाणा में हो चुकी है । आगामी चुनाव में हरियाणा की सभी 10 लोकसभा तथा विधानसभा की 70 से 80 सीट कांग्रेस जीतेगी । बता दें कि रफाल लडाकू विमान के मुद्ये को लेकर देश में हड़कंप मचा हुआ है । विपक्ष केंद्र सरकार पर इस विमान के सौदे में बडे घोटाले का आरोप लगा रहा है वहीं सरकार इन सभी आरोपों को बेबुनियाद बता रही है ।

Published on: