सोनीपत

सोनीपत में पिता ने तेजधार हथियार से काटा बेटी का गला, नर्सिंग की छात्रा ‘चीनू’ की घर में ही हत्या

Sonipat Crime News: सोनीपत के गोहाना में पिता ने अपनी 23 साल की बेटी चीनू की गला काटकर हत्या की। नर्सिंग की छात्रा थी मृतका। आरोपी पिता गिरफ्तार, पुलिस प्रेम प्रसंग या घरेलू कलह के एंगल से कर रही जांच।

2 min read
Apr 12, 2026
सोनीपत में पिता ने की बेटी की हत्या

गोहाना (सोनीपत): हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना शहर से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहां की देवीनगर कॉलोनी में एक पिता ने अपनी ही 23 वर्षीय बेटी की तेजधार हथियार से गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान चीनू के रूप में हुई है, जो नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरी कॉलोनी में मातम और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता अनिल ने रविवार को घर के भीतर ही चीनू पर हमला किया। हमले के दौरान उसने युवती के गले पर तेजधार हथियार से वार किया, जिससे वह संभल भी नहीं पाई। खून से लथपथ चीनू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घर का फर्श खून से लाल हो गया था और यह मंजर देख वहां पहुंचने वाले लोग भी दहल गए।

ये भी पढ़ें

निर्भया कांड: दिल्ली की वो काली रात, जिसे याद कर आज भी कांप उठती है रूह

पुलिस ने आरोपी पिता को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी गोहाना जितेंद्र गहलावत अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने बिना देरी किए कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता अनिल को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। टीम ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार को भी बरामद कर लिया है, जिसे जांच के लिए भेजा जा रहा है। इसके अलावा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के हर पहलू को समझने की कोशिश की जा रही है।
हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग या घरेलू कलह का शक

घरेलू कलह या प्रेम प्रसंग ?

पुलिस की शुरुआती जांच में इस कत्ल की वजह घरेलू कलह या प्रेम प्रसंग से जुड़ी होने का शक जताया जा रहा है। हालांकि, पिता ने अपनी ही बेटी की जान क्यों ली, इसका सटीक खुलासा अभी नहीं हुआ है। डीसीपी जितेंद्र गहलावत ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और जल्द ही इस जघन्य अपराध के पीछे की मुख्य वजह सामने आएगी।

Also Read
View All