
(सोनीपत): सीएम फ्लाइंग की टीम ने देर रात हरियाणा के राई में अवैध रूप से संचालित पब में रेव पार्टी करते युवाओं को पकड़ा है। ये युवा नशे में झूम रहे थे। यहां अवैध रूप से यहां शराब परोसी जा रही थी। पुलिस को शराब, बीयर और नशे के इंजेक्शन से लेकर प्रतिबंधित दवांए तक यहां मिली हैं।
फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में पब को संचालित करने वाले दो लोगों गिरफ़तार किया। इसके मालिक को भी हिरासत में लिया है। यहां से पकड़े गए करीब 124 युवक व युवतियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। पुलिस ने इन युवाओं का मेडिकल कराने तक की जहमत नहीं की। बताया जा रहा है कि इसमें नौकरशाहों, राजनेताओं और कारोबारियों के पुत्र-पुत्रियां शामिल थे। इनमें सात विदेशी छात्र भी थे और यह सभी आसपास की नामचीन यूनिवर्सिटीज के छात्र हैं।
सोनीपत के राई औद्योगिक क्षेत्र के पास लिवान रोड पर अंजलि गैस्ट हाऊस की छत पर बने पब में आधी रात को रेव पार्टी की सूचना पर सीएम फ्लाइंग की टीम ने छापा मारा है। मौके पर मिले सभी छात्र नशे में थे। टीम ने सभी को हिरासत में लिया। यहां से दो जनो यशपाल तथा दिनेश को गिरफतार किया। इनके अलावा इस पब के मालिक कस्टम एवं एक्साइज इंस्पेक्टर को भी टीम ने हिरासत में लिया है।
नशीली दवाएं और इंजेक्शन मिले
सीएम फ्लाइंग रोहतक की टीम को मौके से शराब की बोतलें, नशे के इंजेक्शन, नशे की गोलियां मिली हैं। मौके पर मिली दवाओं में 170 गोली कलोनाजी पाम, 20 गोली अलपरा जोलाम, 30 गोली ट्रामा जोल, 20 इंजेक्शन 1.20 एमएल ट्राला जोल मिले हैं। ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि यह सारी दवाएं नशा करने के काम आती हैं और प्रतिबंधित हैं। इन्हें बिना किसी डाक्टर की सलाह के इस्तेमाल करना या बेचना कानूनी तौर पर जुर्म है।
नशे की हालात में मिले थे युवा, छोड़ दिया गया
एसपी सोनीपत प्रतीक्षा गोदारा का कहना है कि पुलिस ने एक पब पर छापा मारा है। इससे नशे की हालत में छात्र-छात्राएं पकड़े हैं, उन्हें बाद में छोड़ दिया गया। पब संचालन करने वाले दो जनो को गिरफतार किया है। इसके मालिक को भी हिरासत में लिया गया है। सभी विद्यार्थी सोनीपत के बड़े शिक्षण संस्थानों से हैं।