सड़क हादसे में घायल युवक को लेकर पहुंचे लोगों ने डॉक्टर नहीं मिलने पर अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इस दौरान कुछ युवकों ने जमकर गाली गलौज की। पूरी घटना का एक सीसीटीवी और अन्य वीडियो भी सामने आए हैं।
सड़क हादसे में घायल युवक को लेकर पहुंचे लोगों ने डॉक्टर नहीं मिलने पर अस्पताल में जमकर हंगामा किया। इस दौरान कुछ युवकों ने जमकर गाली गलौज की। पूरी घटना का एक सीसीटीवी और अन्य वीडियो भी सामने आए हैं। जिसमें कुछ युवक गाली गलौज और हंगामा करते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ में स्थित विशंभर दयाल गुप्ता राजकीय जिला अस्पताल की है।
अस्पताल के पीएमओ डॉक्टर सुरेश यादव ने बताया- घटना मंगलवार शाम 4 बजे की है। गांव शेरपुर निवासी राजपाल यादव सड़क हादसे में घायल हो गया था। जिसे अस्पताल लेकर आया गया था।
राजपाल के सिर में चोट लगी थी। मौके पर मौजूद रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. सुनील बाजिया और स्टाफ ने तुरंत इलाज करना शुरू कर दिया और मरीज को ड्रिप लगाई। प्राथमिक इलाज के बाद उसके सिर में गंभीर चोट होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया और परिजनों को एंबुलेंस को कॉल करने के लिए कहा।
पीएमओ ने बताया- मरीज को शाम 4 बजे अस्पताल लेकर आया गया। 20 मिनट बाद दो व्यक्ति नशे की हालत में अस्पताल पहुंचे। इसके बाद अस्पताल में डॉक्टर नहीं होने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। दोनों ने नर्सिंग और महिला स्टाफ के सामने गाली देते हुए अभ्रद भाषा का प्रयोग किया। साथ ही रेजिडेंट डॉक्टर सुनील बाजिया के साथ धक्का मुक्की कर दी। इस दौरान डॉ. बाजिया ने दोनों को काफी समझाने की कोशिश की। मगर दोनों युवक नहीं माने। युवक ने धक्का देकर उन्हें इमरजेंसी के अंदर बंद कर दिया।
पीएमओ ने बताया-हंगामा कर रहा एक युवक ज्यादा आक्रोशित हो गया। उसने इमरजेंसी स्टाफ की टेबल भी पलट दी। पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। इस दौरान ड्यूटी पर मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. किरोड़ीमल, नर्सिंग स्टाफ और वार्ड बॉय मौजूद थे।