खास खबर

ओर्का मिनटों में सफेद शार्क का शिकार कर खा गई उसका लिवर

हैरत में पड़े वैज्ञानिक इसे पारिस्थितिक बदलाव का संकेत मान रहे हैं। द.अफ्रीका में मोसेल खाड़ी के तट पर हुई घटना ओर्का के शिकार के व्यवहार में बदलाव को दर्शाती है।

2 min read
Mar 03, 2024
ओर्का मिनटों में सफेद शार्क का शिकार कर खा गई उसका लिवर
ओर्का मिनटों में सफेद शार्क का शिकार कर खा गई उसका लिवर

कैपटाउन। दक्षिण अफ्रीका में अकेली किलर व्हेल ओर्का द्वारा सफेद शार्क का शिकार करने की घटना सामने आई है। स्टारबोर्ड नाम के नर ओर्का ने सबसे पहले शार्क के बाएं पेक्टोरल फिन पर हमला किया, फिर दो मिनट से भी कम समय में उसका लिवर खा लिया। स्टारबोर्ड का एक अन्य साथी पोर्ट भी है और दोनों मिलकर हमला करते हैं। लेकिन इस शिकार में पोर्ट ने दूरी बनाए रखी और सिर्फ स्टारबोर्ड ने हमला किया। हैरत में पड़े वैज्ञानिक इसे पारिस्थितिक बदलाव का संकेत मान रहे हैं। द.अफ्रीका में मोसेल खाड़ी के तट पर हुई घटना ओर्का के शिकार के व्यवहार में बदलाव को दर्शाती है।

आमतौर पर शिकार से पहले बनाती हैं टीम:

ओर्का को इससे पहले शार्क, डॉल्फिन आदि का शिकार करते हुए देखा गया था। लेकिन नई रिपोर्ट में पहली बार देखा गया जब अकेली ओर्का ने दुनिया की सबसे बड़ी खतरनाक मछली का शिकार कर लिया। शोध का नेतृत्व करने वाली द.अफ्रीका के रोड्स विश्वविद्यालय की डॉ. एलिसन टाउनर ने कहा कि ओर्का अकेले शिकार कर सकती हैं लेकिन वे अक्सर ऐसा करने से पहले एक टीम बनाती हैं। लेकिन इस घटना में असामान्य पहलू यह था कि स्टारबोर्ड ने अकेले किशोर सफेद शार्क का शिकार किया और वह भी बेहद कम समय में।

नाव पर सवार लोगों ने कैमरे में कैद की घटना:

स्टारबोर्ड द्वारा 8.2 फीट की सफेद शार्क का शिकार करने का वीडियो पिछले साल पास से गुजर रही एक नाव पर सवार पर्यटकों ने रेकॉर्ड किया था। घटना का विवरण हाल में अफ्रीकी जर्नल ऑफ मरीन साइंस में प्रकाशित हुआ है। वैज्ञानिकों ने दोनों व्हेल को 2022 में ड्रोन फुटेज में सफेद शार्क का शिकार करते हुए देखा था, जिसके बाद से ही इन पर नजर रखी जा रही थी। शोधकर्ताओं का मानना है कि द.अफ्रीका के पूर्वी समुद्र तट पर ये दोनों लंबे समय से सफेद शार्क का शिकार कर रहे हैं।

पर्यटन पर असर पड़ने की आशंका:

सफेद शार्क का लिवर विशाल अंग होता है, जो उनके शरीर के भार का लगभग एक तिहाई हिस्सा होता है। यह लिपिड से भरपूर होता है। ओर्का शव के शेष भाग को छोड़ देती हैं और हार्बर सील, भूरे भालू और भेड़ियों जैसे अन्य मांसाहारी जानवरों में देखे गए चयनात्मक आहार व्यवहार को प्रदर्शित कर रही हैं। दक्षिण अफ्रीका के पानी में सफेद शार्क के खत्म होने से पर्यटन पर भी असर पड़ सकता है क्योंकि दुनियाभर से पर्यटक इन्हें देखने के लिए इस क्षेत्र की यात्रा करते हैं।

किलर व्हेल ओर्का
जीवनकाल: 50-90 वर्ष
वजन: नर- 9000 किलो
मादा- 5500 किलो
लंबाई: नर- 32 फीट
मादा- 28 फीट

Published on:
03 Mar 2024 01:05 pm