खास खबर

इंसान कहीं भी चला जाए, उसकी जड़ें उसके साथ रहती हैं: गजराज राव

बचपन में डूंगरपुर और बागड़ की जड़ों से जुड़ाव, दिल्ली की रेलवे कॉलोनी में बीता जीवन और रंगमंच से शुरू हुआ अभिनय का सफर। ‘बैंडिट क्वीन’ से लेकर ‘बधाई हो’ तक गजराज राव ने लंबे संघर्ष के बाद अपनी अलग पहचान बनाई। अभिनेता होने के साथ विज्ञापन फिल्मों के निर्देशन में भी उन्होंने खास मुकाम हासिल किया है। हाल ही में राजस्थान पत्रिका कार्यालय पहुंचे अभिनेता और एडफिल्म मेकर गजराज राव से राजस्थान, यहां की कहानियों, सिनेमा की संभावनाओं, ओटीटी और अभिनय की दुनिया के बदलते स्वरूप पर हुई बातचीत के प्रमुख अंश…
14 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 4:04 PM IST
Actor Gajraaj Rav
Actor Gajraaj Rav

आपका जन्म राजस्थान के डूंगरपुर में हुआ। बचपन की कौन-सी यादें आज भी आपके दिल के करीब हैं?

मेरा जन्म और शुरुआती जुड़ाव राजस्थान से रहा, लेकिन बहुत छोटी उम्र में ही मैं दिल्ली चला गया था। इसके बावजूद डूंगरपुर और अपने गांव से मेरा रिश्ता कभी नहीं टूटा। मेरे माता-पिता का अपने गांव और रिश्तेदारों से गहरा जुड़ाव था। शादी-ब्याह हो या किसी के घर कोई दुखद घटना, परिवार का वहां जाना होता था। जब तक मैं दिल्ली में रहा, नियमित रूप से गांव आना-जाना बना रहा। बाद में मेरा ससुराल जोधपुर में हुआ, तो राजस्थान से मेरा जुड़ाव और भी बढ़ गया। मेरे लिए यह जुड़ाव केवल किसी जगह से जुड़ा होना नहीं है, बल्कि अपनी भाषा, संस्कृति और लोगों से जुड़े रहने का अनुभव है। आज भी जब मैं अपने माता-पिता से बात करता हूं, तो अपनी बागड़ी बोली में ही बात करता हूं। मुझे लगता है कि इंसान कहीं भी चला जाए, उसकी जड़ें उसके साथ रहती हैं।

दिल्ली में रहते हुए भी राजस्थान के ग्रामीण परिवेश और अपनी संस्कृति से आपका जुड़ाव कैसे बना रहा?

हम दिल्ली में रेलवे कॉलोनी में रहते थे। हमारा परिवार निम्न मध्यमवर्गीय था और आसपास भी अलग-अलग प्रदेशों के सामान्य परिवार रहते थे। पंजाब, हिमाचल, बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश के लोग थे। उनके बीच रहते हुए भी एक तरह का ग्रामीण परिवेश बना रहता था। लोगों के व्यवहार, बातचीत और आपसी संबंधों में गांव की संस्कृति दिखाई देती थी। हमारा घर रेलवे स्टेशन के पास था। उस समय मोबाइल फोन और आज जैसी संचार सुविधाएं नहीं थीं। रिश्तेदारों के रिश्तेदार, गांव के लोग और परिचित अक्सर दिल्ली आते थे। किसी को परीक्षा देनी होती, किसी को इलाज करवाना होता, किसी को दिल्ली घूमना होता या ऋषिकेश-हरिद्वार जाना होता, तो वे हमारे घर ही रुकते थे। हमारा घर एक तरह से गेस्ट हाउस बन गया था। इस वजह से अलग-अलग जगहों के लोगों से मिलने और उनके अनुभव जानने का मौका मिलता रहा। घर में गांव से आने वाले लोगों का आना-जाना लगा रहता था। यही वजह है कि दिल्ली में रहने के बावजूद अपनी भाषा और अपनी सांस्कृतिक पहचान से दूरी नहीं बनी।

आपके माता-पिता चाहते थे कि आप डॉक्टर या इंजीनियर बनें। फिर अभिनय और रंगमंच की तरफ आपका रुझान कैसे हुआ?

बिल्कुल,मेरे माता-पिता का सपना था कि मैं पढ़-लिखकर कोई बड़ी सरकारी नौकरी करूं। उनका पूरा जीवन रेलवे से जुड़ा था, इसलिए वे चाहते थे कि मैं भी रेलवे में डॉक्टर या इंजीनियर बनूं। उनके लिए सरकारी नौकरी केवल रोजगार नहीं, बल्कि सम्मान और सुरक्षित जीवन का प्रतीक थी। रेलवे की नौकरी में मिलने वाली सुविधाएं, अस्पताल में इलाज, साल में मिलने वाले पास जैसी चीजों को वे बहुत महत्त्व देते थे। लेकिन इसी बीच मेरा परिचय रंगमंच से हो गया। रंगमंच ने मेरे सामने एक बिल्कुल अलग दुनिया खोल दी। मुझे लगा कि जीवन में करने के लिए केवल वही विकल्प नहीं हैं, जो हमारे आसपास दिखाई देते हैं। मैंने अपने पिता को बहुत मेहनत करते देखा था। गर्मियों में वे कई-कई घंटे लगातार काम करते थे। कभी 12 तो कभी 16 घंटे तक काम करना पड़ता था। मैंने उन्हें एक मशीन की तरह काम करते देखा। उनका जीवन जिम्मेदारियों और काम के इर्द-गिर्द ही घूमता था। घूमने जाना भी होता तो साल में एक बार मई-जून में गांव जाने का कार्यक्रम बनता था। बचपन में यह सब देखकर मेरे मन में कहीं यह विचार आया कि मैं अपना जीवन केवल इसी तरह नहीं बिताना चाहता। मैं कुछ अलग करना चाहता हूं। रंगमंच ने मुझे वह रास्ता दिखाया। उसने मुझे जीवन को देखने का एक नया नजरिया दिया और फिर धीरे-धीरे रास्ते खुलते चले गए।

‘बैंडिट क्वीन’ से लेकर ‘बधाई हो’ तक का सफर लंबा रहा। इतने लंबे संघर्ष के दौरान निराशा से कैसे बचे रहे?

मेरे पास दो बड़े उदाहरण थे। एक मेरे पिता और दूसरा मेरे आसपास का जीवन। मेरे पिता ने बहुत कठिन परिस्थितियों में जिंदगी बिताई थी। मेरे दादाजी का निधन तब हो गया था, जब मेरे पिता करीब 12 साल के थे। उन्होंने बहुत कम उम्र में जिम्मेदारियां संभालीं और कठिनाइयों का सामना किया। लेकिन मैंने उन्हें कभी निराश होते नहीं देखा। वे हर परिस्थिति से जूझते थे। उनके पास विकल्प बहुत ज्यादा नहीं थे, फिर भी वे हिम्मत नहीं हारते थे। मेरे लिए वे एक बेंचमार्क थे। मैंने उनसे सीखा कि परिस्थितियां कितनी भी मुश्किल हों, निराश होकर बैठना समाधान नहीं है।
दूसरी बात यह थी कि मैं आर्थिक रूप से अपने परिवार पर बोझ नहीं बनना चाहता था। मुझे यह समझ थी कि अगर मैं परिवार का आर्थिक सहारा नहीं बन सकता, तो कम से कम उन पर अतिरिक्त बोझ भी नहीं बनूं। दिल्ली में रहते हुए सिनेमा देखना, फिल्म फेस्टिवल में जाना, किताबें खरीदना और अपनी पसंद की चीजें जुटाना चाहता था। मुझे अमृतलाल नागर जैसे लेखकों को पढऩा था। इन सबके लिए पैसे की जरूरत थी। इसलिए मैंने सिलाई की दुकान से लेकर गारमेंट एक्सपोर्ट तक कई छोटे-मोटे काम किए। रंगमंच के दौरान ही मुझे यह भी समझ आने लगा था कि अभिनय की दुनिया उतनी आसान नहीं है, जितनी बाहर से दिखाई देती है। मुंबई को लेकर एक चमकीली तस्वीर बनाई जाती थी। लोग बताते थे कि वे महेश भट्ट से मिले, फिरोज खान से मिले या अमिताभ बच्चन के साथ बैठे। ये बातें सुनकर लगता था कि मुंबई पहुंचते ही जिंदगी बदल जाएगी। लेकिन कुछ लोग यह भी बताते थे कि वहां संघर्ष बहुत लंबा है। उस समय न तो आज जैसे निजी टेलीविजन चैनल थे और न ही ओटीटी प्लेटफॉर्म। सिनेमा में भी एक तरफ श्याम बेनेगल, कुंदन शाह जैसे फिल्मकारों की फिल्में थीं, जहां रंगमंच के कलाकारों को काम मिलता था, लेकिन बहुत ज्यादा पैसा नहीं होता था। दूसरी तरफ सुभाष घई जैसे बड़े व्यावसायिक फिल्मकारों का सिनेमा था, जहां हमारे जैसे कलाकारों के लिए सीमित जगह होती थी। मैं एक-दो बार मुंबई गया भी। ‘बैंडिट क्वीन’ के दौरान भी वहां जाना हुआ। तब समझ में आया कि यह रास्ता इतना आसान नहीं है कि आप ट्रेन से उतरें और कोई फिल्म निर्माता आपका इंतजार कर रहा हो। मेरे परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे मेरे सपनों को कई साल तक आर्थिक सहारा दे सकें। इसलिए मैंने दिल्ली में रहकर काम करने का फैसला किया। इसी दौरान विज्ञापन की दुनिया से जुड़ा और प्रदीप सरकार जी के साथ काम करने का अवसर मिला। मुझे लगा कि संघर्ष केवल कलाकार का नहीं होता। जब कोई व्यक्ति अपने सपनों के पीछे चलता है, तो उसके माता-पिता, परिवार, प्रेमिका, पत्नी और दोस्तों का जीवन भी उस संघर्ष से प्रभावित होता है। इसलिए अपने सपनों के साथ जिम्मेदारियों को समझना भी जरूरी है।

अभिनय के साथ विज्ञापन फिल्मों के निर्देशन में भी अपनी पहचान बनाई। दोनों में से किस काम में ज्यादा संतुष्टि मिलती है?

मेरे लिए अभिनय एक तरह की पेड वर्कशॉप है। जब मैं अभिनय करता हूं, तो बहुत कुछ सीखता हूं। मुझे समझ में आता है कि एक निर्देशक किस तरह सोचता है, सेट पर तकनीशियनों से कैसे बात करता है, कलाकारों को कैसे संभालता है और पूरी टीम से किस तरह काम करवाता है। मैंने प्रसून पांडे साहब के विज्ञापनों में काफी काम किया है। वे भी जयपुर से ही हैं। उनके साथ काम करना मेरे लिए सौभाग्य और सीखने का अवसर रहा है। जब मैं उनके विज्ञापन में अभिनय करता हूं, तो केवल अपना किरदार नहीं निभाता, बल्कि उनके काम करने के तरीके को भी समझता हूं। बाद में जब मैं खुद किसी विज्ञापन फिल्म का निर्देशन करता हूं, तो अभिनय के दौरान मिली सीख को अपने काम में शामिल करने की कोशिश करता हूं। इस लिहाज से अभिनय और निर्देशन एक-दूसरे के पूरक हैं। दोनों में अलग तरह का आनंद और संतुष्टि मिलती है।

जब आप ‘बधाई हो’ में जितेंद्र कौशिक का किरदार निभा रहे थे, तो क्या आपके मन में रेलवे कॉलोनी के दिनों की यादें भी थीं? नीना गुप्ता जी के साथ काम करने का अनुभव कैसा रहा?

जितेंद्र कौशिक रेलवे में काम करते हैं और मैंने अपनी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा रेलवे क्वार्टर और रेलवे कॉलोनी में बिताया है। इसलिए उस परिवेश से मैं पहले से परिचित था। मैंने अपने आसपास ऐसे कई लोगों को देखा था। उनके बोलने का तरीका, रहन-सहन, पारिवारिक माहौल और रोजमर्रा की जिंदगी मेरे लिए अनजानी नहीं थी। इस वजह से उस किरदार को समझने में मदद मिली।
‘बधाई हो’ की सबसे बड़ी ताकत उसकी लेखनी थी। मेरा मानना है कि कुछ फिल्में ऐसी होती हैं, जिनके बनने में कई चीजें एक साथ सही बैठती हैं। ‘शोले,‘जाने भी दो यारों’ और ‘दिल चाहता है’ जैसी फिल्मों की तरह च्बधाई होज् भी एक ऐसा ही उदाहरण है, जहां कहानी, निर्देशन, अभिनय और संगीत सबने मिलकर काम किया।
इस फिल्म की स्क्रिप्ट पढ़ते हुए ही मुझे समझ में आ गया था कि यह एक अच्छी और संवेदनशील कहानी है। इसमें सस्ते हास्य का सहारा नहीं लिया गया था। हालांकि, मेरे मन में एक संकोच जरूर था कि मैंने इससे पहले इतने बड़े स्तर का किरदार नहीं निभाया था। अचानक इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलने पर यह चिंता थी कि मैं इसे ठीक से निभा पाऊंगा या नहीं। इसे आप ऐसे समझिए कि कोई व्यक्ति लंबे समय तक स्ट्रिंगर रहा हो और अचानक उसे सिटी एडिटर की जिम्मेदारी दे दी जाए। उसके मन में स्वाभाविक रूप से सवाल आएगा कि क्या मैं यह जिम्मेदारी संभाल पाऊंगा? मेरे साथ भी कुछ ऐसा ही था। लेकिन अच्छी स्क्रिप्ट और निर्देशक के भरोसे ने मुझे आत्मविश्वास दिया। नीना गुप्ता जी के साथ काम करना भी अनुभव का अहम हिस्सा रहा। फिल्म की कहानी और कलाकारों के बीच का तालमेल ही उसे इतना प्रभावशाली बनाता है।

‘बधाई हो’ और ‘विक्की डोनर’ जैसी फिल्मों में सामाजिक रूप से संवेदनशील विषयों को सहजता से दिखाया गया। क्या आपको लगता है कि ऐसी कहानियां बनाना आसान नहीं होता?

किसी भी फिल्म, नाटक या शो में सबसे महत्त्वपूर्ण चीज उसकी लेखनी होती है। अच्छी स्क्रिप्ट ही यह तय करती है कि किसी विषय को किस संवेदनशीलता और समझदारी से प्रस्तुत किया जाएगा। ‘बधाई हो’ की स्क्रिप्ट पढ़ते समय मुझे कहीं ऐसा नहीं लगा कि फिल्म किसी संवेदनशील विषय को केवल हास्य पैदा करने के लिए इस्तेमाल करेगी। उसमें परिवार, रिश्तों और समाज के व्यवहार को बहुत सहज तरीके से दिखाया गया था। इसलिए किरदार को लेकर कोई नैतिक संकोच नहीं था। मेरा संकोच केवल अभिनय की जिम्मेदारी को लेकर था। अच्छी कहानी की खूबी यही होती है कि वह ऐसे विषयों पर भी बात कर सकती है, जिन पर सामान्य तौर पर लोग खुलकर चर्चा करने से बचते हैं। वह दर्शकों को हंसाने के साथ सोचने का मौका भी देती है।

इन दिनों मध्यमवर्गीय परिवारों की कहानियों को फिल्मों और ओटीटी पर ज्यादा जगह मिल रही है। क्या यह सिनेमा की बदलती सोच का संकेत है?

दरअसल, मध्यमवर्गीय परिवारों की कहानियां हिंदी सिनेमा में पहले भी खूब बनती रही हैं। 1970 के दशक में ऋषिकेश मुखर्जी और बासु चटर्जी जैसे फिल्मकारों ने आम आदमी और मध्यवर्गीय जीवन को केंद्र में रखकर कई बेहतरीन फिल्में बनाई थीं। अमोल पालेकर, नसीरुद्दीन शाह और दूसरे कलाकारों की फिल्मों म ें यह दुनिया बहुत खूबसूरती से दिखाई देती थी। इसके बाद 1980 और 1990 के दशक में सिनेमा का स्वरूप बदला। उस दौर में बड़े पर्दे पर बड़े सितारों, भव्य कहानियों और बड़े मनोरंजन को ज्यादा महत्त्व मिलने लगा। फिल्म निर्माताओं के सामने व्यावसायिक सफलता की चुनौती थी। वे ऐसी कहानियां बनाना चाहते थे, जिनसे ज्यादा से ज्यादा दर्शक सिनेमाघरों तक पहुंचें। फिर टेलीविजन और ओटीटी का दौर आया। ओटीटी ने कहानी कहने के तरीके में बड़ा बदलाव किया। अब हर फिल्म की सफलता केवल शुक्रवार को बॉक्स ऑफिस पर मिलने वाली प्रतिक्रिया पर निर्भर नहीं रहती। इससे निर्माताओं को अलग-अलग तरह की कहानियां और कलाकारों के साथ प्रयोग करने का अवसर मिला। अब किसी फिल्म में गजराज राव या पंकज त्रिपाठी जैसे कलाकारों को भी प्रमुख भूमिका में लिया जा सकता है। पहले बड़े सितारों के साथ फिल्म बेचने का जो दबाव था, उसमें चरित्र अभिनेताओं को उतनी जगह नहीं मिलती थी। आज कहानी और किरदार के आधार पर भी फिल्में बनाई जा रही हैं। यह बदलाव कलाकारों के लिए अच्छा है।

फिल्म इंडस्ट्री में नेपोटिज्म को लेकर लगातार चर्चा होती है। आपकी नजर में यह बहस कितनी सही है? क्या फिल्मी परिवारों से आने वाले कलाकारों को ज्यादा अवसर मिलते हैं?

मैं इस बहस से बहुत ज्यादा जुड़ा नहीं रहता, लेकिन मेरा एक अलग नजरिया है। मान लीजिए कोई अखबार का मालिक है। वह चाहता है कि उसके बाद उसका बेटा या बेटी अखबार संभाले। इसमें अपने आप नेपोटिज्म कहां आ गया? कोई डॉक्टर है, उसका बेटा या बेटी भी डॉक्टर बनना चाहता है और परिवार का क्लिनिक संभालता है, तो उसे भी हम इसी नजर से नहीं देखते। दुकानदार अपने बच्चे को दुकान पर बैठाता है। कई परिवारों में पीढिय़ों से एक ही पेशा आगे बढ़ता आया है। फिल्मी परिवारों के मामले में भी यही बात है। अगर किसी कलाकार के बच्चे को अभिनय का माहौल बचपन से मिला है, तो उसका इस क्षेत्र में आना स्वाभाविक है। उसके माता-पिता उसे अवसर देना चाहते हैं, तो इसमें असामान्य क्या है? लेकिन इसका दूसरा पक्ष भी है। केवल किसी बड़े कलाकार का बेटा या बेटी होने से कोई सुपरस्टार नहीं बन जाता। अगर ऐसा होता तो कई बड़े फिल्मी परिवारों के बच्चे आज बहुत बड़े सितारे होते। जितेंद्र के बेटे हों या दूसरे दिग्गज कलाकारों के बच्चे, कई लोगों ने कोशिश की, फिल्मों में काम किया, लेकिन हर कोई सफलता के शिखर तक नहीं पहुंचा। फिल्मी परिवार से होने का फायदा जरूर मिलता है। आपके लिए कुछ दरवाजे जल्दी खुल जाते हैं और आपको शुरुआती अवसर मिल सकते हैं। लेकिन उन अवसरों को सफलता में बदलने के लिए अपनी प्रतिभा और मेहनत की जरूरत होती है। उदाहरण के लिए, उदय चोपड़ा ने भी कई फिल्मों में काम किया, लेकिन वह वैसा स्टारडम हासिल नहीं कर पाए, जैसा रणबीर कपूर या राजकुमार राव ने अपने काम से हासिल किया। वहीं आयुष्मान खुराना भी अपने दम पर एक अलग पहचान बनाने में सफल रहे। मेरा मानना है कि अगर नेपोटिज्म पर बहस करनी है, तो इसे केवल फिल्म इंडस्ट्री तक सीमित नहीं रखना चाहिए। हर क्षेत्र में परिवार और पेशे का जुड़ाव दिखाई देता है। सवाल यह होना चाहिए कि अवसर मिलने के बाद व्यक्ति अपनी योग्यता साबित कर पाता है या नहीं।

आपने कई विज्ञापन फिल्में बनाई हैं और अब तक आठ फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। क्या अपनी बड़ी फीचर फिल्म बनाने की योजना है?

बिल्कुल। मेरी इच्छा है कि मैं अपनी बड़ी फिल्म बनाऊं। इस दिशा में काम भी चल रहा है और स्क्रिप्ट पर काम कर रहा हूं। लेकिन फिल्म बनाना केवल किसी एक व्यक्ति की इच्छा पर निर्भर नहीं करता। यह एक व्यावसायिक प्रक्रिया भी है। कहानी के साथ कलाकार, निर्माता, प्लेटफॉर्म और कई दूसरे समीकरण सही बैठने जरूरी हैं। मेरी कोशिश है कि जब भी फिल्म बनाऊं, तो वह ऐसी कहानी हो, जिसे लेकर मैं पूरी तरह आश्वस्त रहूं। केवल फिल्म बनाने के लिए फिल्म नहीं बनाना चाहता। कहानी और उसके कहने का तरीका मेरे लिए सबसे महत्त्वपूर्ण है।

आपने राजस्थान और राजस्थानी सिनेमा की स्थिति पर भी बात की। राजस्थान में इतनी खूबसूरत लोकेशन, समृद्ध लोकसंस्कृति और प्रतिभाशाली कलाकार होने के बावजूद यहां का सिनेमा अपनी अलग पहचान क्यों नहीं बना पाया?

यह बहुत बड़ी विडंबना और त्रासदी है। राजस्थान में सिनेमा के लिए जो कुछ चाहिए, वह सब मौजूद है। यहां की लोकेशन, रंग, संगीत, लोककथाएं और सांस्कृतिक विविधता किसी भी फिल्मकार की कल्पना को विस्तार दे सकती हैं। प्रसून पांडे और पीयूष पांडे जैसे विज्ञापन जगत के बड़े नाम जयपुर से जुड़े रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर पर काम करने वाले कई निर्माता, निर्देशक, लेखक और कलाकार राजस्थान से निकले हैं। देश के दूसरे हिस्सों से आने वाले फिल्मकार भी राजस्थान को अपने कैमरे में कैद करना चाहते हैं। जैसलमेर, जोधपुर, जयपुर और उदयपुर में लगातार फिल्मों और विज्ञापनों की शूटिंग होती रही है। लेकिन सवाल यह है कि जब दूसरे राज्यों के फिल्मकार राजस्थान की खूबसूरती और संस्कृति को इतनी अच्छी तरह पहचानते हैं, तो हम अपनी ही कहानियों को बड़े पर्दे पर क्यों नहीं ला पा रहे हैं? मुझे लगता है कि इसके पीछे लंबे समय तक नीतिगत स्तर पर पर्याप्त पहल का अभाव रहा है। यहां प्रतिभा की कमी नहीं है। लेखक हैं, निर्देशक हैं, अभिनेता हैं, लोक कलाकार हैं, संगीतकार हैं। जरूरत इस बात की है कि इन सभी को एक व्यवस्थित मंच और संसाधन मिलें। मेरी बड़ी इच्छा है कि राजस्थान के अलग-अलग शहरों में ड्रामा स्कूल स्थापित किए जाएं। जयपुर, सांगानेर, जोधपुर और दक्षिण राजस्थान के बांसवाड़ा जैसे क्षेत्रों में अभिनय और रंगमंच की संस्थाएं होनी चाहिए। यहां हजारों युवा ऐसे हैं, जिनमें प्रतिभा है, लेकिन उनके पास आगे बढऩे के रास्ते और संपर्क नहीं हैं। हर किसी के लिए मुंबई, दिल्ली, चेन्नई या कोलकाता जाकर संघर्ष करना संभव नहीं है। अगर उन्हें अपने ही शहर में प्रशिक्षण, मंच और काम करने के अवसर मिलें, तो वे बहुत आगे जा सकते हैं।

राजस्थान में फिल्मों की शूटिंग तो लगातार होती है। फिर यहां फिल्म निर्माण का मजबूत इकोसिस्टम तैयार करने के लिए क्या किया जाना चाहिए?

शूटिंग के लिए केवल खूबसूरत लोकेशन होना पर्याप्त नहीं है। उसके साथ एक पूरा इकोसिस्टम भी चाहिए। स्थानीय कलाकार, तकनीशियन, प्रोडक्शन से जुड़े लोग, उपकरण, सुविधाएं और सरकार का सहयोग, ये सब मिलकर किसी जगह को शूटिंग के लिए अनुकूल बनाते हैं। जयपुर में पिछले करीब दो दशकों से मेरा अभिनय और विज्ञापन फिल्मों के निर्देशन के सिलसिले में आना-जाना रहा है। इस दौरान मैंने देखा है कि यहां धीरे-धीरे एक अच्छा शूटिंग इकोसिस्टम विकसित हुआ है। स्थानीय कलाकार और तकनीशियन अब काफी अनुभवी हो चुके हैं। कुछ साल पहले की तुलना में आज यहां शूटिंग का अनुभव बहुत बेहतर हुआ है।
लेकिन इस तरह की व्यवस्था अपने आप नहीं बनती। इसके लिए सरकार और प्रशासन की सक्रिय भूमिका जरूरी है। उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहन देने के लिए सब्सिडी दी जाती है। पहाड़ी क्षेत्रों में भी फिल्मकारों को आकर्षित करने के लिए सुविधाएं दी जाती हैं। विदेशों में भी शूटिंग को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन योजनाएं हैं।
राजस्थान में भी ऐसी नीतियां प्रभावी ढंग से लागू होनी चाहिए। फिल्म सिटी की बात होती रही है, फिल्म निर्माण को प्रोत्साहन देने की घोषणाएं भी हुई हैं। लेकिन जरूरत इन योजनाओं को जमीन पर उतारने की है। अगर सरकार स्थानीय फिल्मकारों को आर्थिक सहायता, शूटिंग की सुविधाएं और प्रशिक्षण संस्थान उपलब्ध करवाए, तो राजस्थान केवल फिल्मों की शूटिंग का बैकड्रॉप नहीं रहेगा, बल्कि यहां खुद फिल्में बनेंगी।

राजस्थान की लोकसंस्कृति और संगीत को हिंदी सिनेमा में खूब इस्तेमाल किया गया है। क्या आपको लगता है कि इसका पूरा लाभ यहां के कलाकारों और फिल्म उद्योग को नहीं मिल पाया?

राजस्थान का संगीत और लोकसंस्कृति हिंदी सिनेमा को एक अलग रंग देते हैं। पंजाबी संगीत के साथ-साथ राजस्थानी संगीत का भी फिल्मों में खास प्रभाव रहा है। यहां के लोकगायक, वादक और पारंपरिक कलाकार बेहद प्रतिभाशाली हैं। राजस्थान की सबसे खास बात इसका रंगों से भरा परिवेश है। रेगिस्तान होने के बावजूद यहां इतनी सांस्कृतिक विविधता और रंग देखने को मिलते हैं कि किसी भी फिल्मकार के लिए यह एक बड़ा रचनात्मक संसार है। यहां की कहानियों में भी बहुत संभावनाएं हैं। विजयदान देथा जैसे साहित्यकारों की कहानियों में ऐसा लोकजीवन और कल्पनाशीलता है, जिन पर बेहतरीन फिल्में बन सकती हैं। मेरी इच्छा है कि राजस्थान की अपनी कहानियों को उसी संवेदनशीलता से पर्दे पर लाया जाए, जिसके वे हकदार हैं।

आपने राजस्थान में शूटिंग की संभावनाओं की बात की। क्या भविष्य में अपनी किसी फिल्म की शूटिंग बांसवाड़ा या डूंगरपुर जैसे दक्षिण राजस्थान के क्षेत्रों में करना चाहेंगे?

मेरी बहुत इच्छा है कि मैं बांसवाड़ा में शूटिंग करूं। बांसवाड़ा बेहद खूबसूरत जगह है। इसे कई लोग स्कॉटलैंड जैसी खूबसूरती वाला क्षेत्र भी कहते हैं। लेकिन देश और दुनिया में अभी भी बहुत से लोग इसकी खूबसूरती से परिचित नहीं हैं। डूंगरपुर, सागवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में भी बहुत संभावनाएं हैं। डूंगरपुर का ऐतिहासिक परिवेश और वहां के महल बहुत आकर्षित करते हैं। मैं वहां बहुत ज्यादा समय नहीं बिता पाया हूं, लेकिन एक बार जाने का अनुभव याद है। मुझे लगा था कि यह ऐसी जगह है, जहां बैठकर किताब पढ़ी जा सकती है, लिखा जा सकता है और कुछ समय प्रकृति के बीच बिताया जा सकता है। लेकिन किसी जगह पर फिल्म बनाने के लिए केवल मेरी इच्छा काफी नहीं है। उसके लिए स्थानीय सुविधाएं, प्रशासन का सहयोग और पूरी टीम के काम करने की व्यवस्था भी जरूरी है। जिस तरह जयपुर में शूटिंग का एक अच्छा वातावरण बना है, उसी तरह बांसवाड़ा और डूंगरपुर में भी ऐसा इकोसिस्टम विकसित होना चाहिए।

राजस्थानी फिल्मों और यहां के कलाकारों को लेकर आपका नजरिया क्या है? क्या सोशल मीडिया ने नई प्रतिभाओं के लिए रास्ते खोले हैं?

निश्चित रूप से। आज सोशल मीडिया के कारण छोटे शहरों के कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है। जयपुर, जोधपुर और उदयपुर से कई युवा अपने काम के जरिए लोगों तक पहुंच रहे हैं। उनकी रील्स और वीडियो को लाखों लोग देखते हैं। आज किसी कलाकार के लिए यह जरूरी नहीं रह गया है कि वह अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए पहले किसी बड़े शहर में पहुंचे। सोशल मीडिया ने एक नया मंच दिया है। हालांकि, केवल लोकप्रियता ही पर्याप्त नहीं है। प्रशिक्षण, अनुशासन और लगातार काम करने की क्षमता भी जरूरी है। अगर राजस्थान में अभिनय और सिनेमा से जुड़े संस्थान विकसित हों, तो सोशल मीडिया पर अपनी पहचान बना चुके इन युवाओं को भी बेहतर अवसर मिल सकते हैं।

आपकी फिल्मों में आपके किरदार अक्सर सहज, हल्के-फुल्के और हास्य से भरपूर होते हैं। क्या वास्तविक जीवन में भी आप ऐसे ही हैं?

मेरा मानना है कि जीवन अपने आप में बहुत कठिन है। हर व्यक्ति के जीवन में किसी न किसी तरह की समस्या होती है। किसी को आर्थिक परेशानी होती है, किसी को पारिवारिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है और किसी के जीवन में स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियां होती हैं। अब अगर हम हर समय उन्हीं परेशानियों का रोना रोते रहेंगे, तो दुख और बढ़ेगा। मैं आपको लगातार अपनी परेशानियां सुनाता रहूं, तो आप भी एक समय बाद बोर हो जाएंगे। समस्याओं को झेलना और उनका सामना करना तो जरूरी है, लेकिन जीवन को जितना हल्का और सहज बनाकर जिया जा सके, उतना अच्छा है। इसलिए मेरी कोशिश रहती है कि मुश्किल परिस्थितियों में भी सकारात्मकता और हास्य का कोई न कोई रास्ता तलाशूं। हर बात को बहुत गंभीरता से लेने के बजाय उसके अच्छे पक्ष को भी देखना चाहिए।

ओटीटी ने कलाकारों के लिए कितने नए अवसर पैदा किए हैं? क्या अब छोटे शहरों और अलग-अलग पृष्ठभूमि की कहानियों को ज्यादा जगह मिल रही है?

ओटीटी ने निश्चित रूप से कलाकारों और कहानीकारों के लिए नए रास्ते खोले हैं। पहले फिल्म की सफलता का बहुत बड़ा दबाव बॉक्स ऑफिस और शुक्रवार के प्रदर्शन पर होता था। अब कहानियों के लिए अलग-अलग प्लेटफॉर्म उपलब्ध हैं। इससे निर्माताओं को ऐसे कलाकारों के साथ काम करने का अवसर मिला है, जिन्हें पहले केवल चरित्र भूमिकाओं तक सीमित रखा जाता था। अब कहानी के हिसाब से कलाकार चुने जा रहे हैं। यह एक सकारात्मक बदलाव है। ओटीटी के कारण दर्शकों को भी अलग-अलग तरह की कहानियां देखने का मौका मिल रहा है। अब दर्शक केवल बड़े सितारों को देखने के लिए ही फिल्म या शो नहीं चुनते, बल्कि कहानी और उसके विषय में भी उनकी दिलचस्पी होती है।

आपकी हालिया फिल्मों और प्रोजेक्ट्स को दर्शकों से मिल रही प्रतिक्रिया को किस तरह देखते हैं? ‘दुपहिया’ को लेकर भी अच्छी चर्चा है।

किसी कलाकार के लिए दर्शकों की प्रतिक्रिया बहुत मायने रखती है। हाल ही में ‘दुपहिया’ को अच्छा फीडबैक मिल रहा है। मैं जहां भी जाता हूं, लोग इस शो के बारे में बात करते हैं। कुछ समय पहले जिस होटल में मैं रुका था, वहां अमरीका से एक पूरा परिवार आया हुआ था। वे शादी के किसी समारोह में शामिल होने भारत आए थे। उन्होंने मुझसे अपने अंग्रेजी अमरीकी लहजे में शो की कहानी और उसके किरदारों के बारे में बात की। यह देखकर अच्छा लगा कि भारतीय कहानियां और यहां के कलाकार दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में बैठे दर्शकों तक पहुंच रहे हैं। मेरे लिए यह बहुत सुखद अनुभव है कि किसी छोटे शहर या सामान्य परिवार की कहानी भी इतनी दूर तक लोगों से जुड़ सकती है। यही सिनेमा और मनोरंजन की ताकत है। अच्छी कहानी भाषा और भौगोलिक सीमाओं से आगे निकल जाती है।

Updated on:
13 Nov 2026, 4:04 PM IST
Published on: