खास खबर

उपभोक्ताओं को बनाया जा रहा बेवकूफ, आदिवासी हेयर ऑयल के नाम पर घोटाला : डॉ. अशोक सिन्हा

वायरल वीडियो में "आदिवासी हेयर ऑयल" के नाम पर लोगों से घोटाला किया जा रहा है। इसका पर्दाफाश करते हुए डॉ. अशोक सिन्हा ने शोध के बाद कई चौंकाने वाले दावे किए। कई लोकप्रिय हस्तियों की ओर से प्रमोट किए इस उत्पाद पर उन्होंने सवाल उठाए हैं। डॉ. सिन्हा के अनुसार यह घोटाला न केवल उपभोक्ताओं को, बल्कि सरकार को भी चूना लगा रहा है।

2 min read
Aug 13, 2024

जयपुर। सोशल मीडिया पर हो रहे वायरल वीडियो में "आदिवासी हेयर ऑयल" के नाम पर लोगों से घोटाला किया जा रहा है। इसका पर्दाफाश करते हुए डॉ. अशोक सिन्हा ने शोध के बाद कई चौंकाने वाले दावे किए। कई लोकप्रिय हस्तियों की ओर से प्रमोट किए इस उत्पाद पर उन्होंने सवाल उठाए हैं। डॉ. सिन्हा के अनुसार यह घोटाला न केवल उपभोक्ताओं को, बल्कि सरकार को भी चूना लगा रहा है।

यह है घोटाले का सच

झूठे दावे और मैन्यूफ़ैक्चरिंग लाइसेंस की कमी : वीडियो में यह दावा किया गया है कि बाजार में उपलब्ध अधिकांश आदिवासी तेलों में कोई लाइसेंस नंबर या प्रमाणपत्र नहीं होता है, जो उनकी प्रामाणिकता पर सवाल खड़ा करता है। इसके अलावा इन तेलों में 100 से अधिक जड़ी-बूटियों के होने के दावे भी संदेहास्पद हैं।

एफडीए नियमों की धज्जियां : वीडियो में दावा किया गया है कि आदिवासी तेल अक्सर एल्युमिनियम के बर्तनों में बनाया जाता है, जो FDA की ओर से अनुमोदित नहीं है। तेल में एल्युमिनियम घुल सकता है और बालों की जड़ों तक पहुंचकर गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।

संदिग्ध सामग्री और गुणवत्ता : वीडियो में दिखाया गया है कि कई सेलिब्रिटीज की ओर से प्रचारित तेलों का रंग एक समान है, जबकि असल में नारियल, बादाम और अरंडी के तेल का रंग अलग-अलग होता है। इससे मिलावट की आशंका पैदा होती है। साथ ही तेल बनाने की प्रक्रिया में तापमान नियंत्रण की कमी और अस्वच्छ उत्पादन स्थितियां भी चिंता का विषय हैं।

सेलिब्रिटी एंडोर्समेंट पर सवाल : वीडियो में उन सेलिब्रिटीज पर भी सवाल उठाए गए हैं, जिन्होंने इन उत्पादों का प्रचार किया है। क्या उन्होंने इन उत्पादों की पूरी तरह से जांच की थी या वे सिर्फ पैसे के लिए इनका प्रचार कर रहे थे?

लोगों ने सरकार से की कार्रवाई की मांग

इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में आक्रोश है। लोग उन सेलिब्रिटीज से जवाब मांग रहे हैं, जिन्होंने इन उत्पादों का प्रचार किया है। साथ ही सरकार से भी मामले में कार्रवाई की मांग की जा रही है।

आंख मूंदकर भरोसा क्यों …

यह वीडियो एक बड़ा सवाल खड़ा करता है कि क्या हम उन उत्पादों पर आंख मूंदकर भरोसा कर सकते हैं, जिनका प्रचार पसंदीदा सेलिब्रिटी करते हैं? क्या सरकार मामले में कोई कार्रवाई करेगी? क्या सेलिब्रिटीज सफाई देंगे? क्या जनता का गुस्सा शांत होगा? ये सवाल अभी अनुत्तरित हैं, लेकिन एक बात तय है कि इस वीडियो ने तथाकथित "आदिवासी हेयर ऑयल" के कारोबार पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है।

Updated on:
14 Aug 2024 12:31 pm
Published on:
13 Aug 2024 10:06 pm
Also Read
View All

अगली खबर