खास खबर

चौके-छक्के से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में रहे हैं दिनेश कार्तिक

आखिरी गेंद पर सिक्स मारकर दिनेश कार्तिक ने भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को हमेशा के लिए अपना मुरीद बना लिया ।
2 min read
• •
Updated: 19 Mar 2018, 1:25 PM IST
dinesh karthik

नई दिल्ली : रविवार को निदहास ट्रॉफी के फाइनल में आखिरी गेंद पर सिक्स मारकर दिनेश कार्तिक ने भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को हमेशा के लिए अपना मुरीद बना लिया । वैसे तो कार्तिक पिछले 14 साल से इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे हैं, लेकिन रविवार से पहले इतनी सुर्खियां शायद ही उन्होने बटोरी हों । क्रिकेट इतिहास में ये दूसरा मौका है, जब किसी टीम ने आखिरी गेंद पर सिक्स लगाकर किसी टूर्नामेंट का फाइनल जीता हो । इससे पहले ये रिकॉर्ड पाकिस्तान के जावेद मियांदाद के नाम था। खैर आज हर कोई कार्तिक के छक्के के चर्चे कर रहा है लेकिन इससे पहले कार्तिक किन वजहों से सुर्खियों में रहे ये हम आपको बताते हैं ।

दरअसल कार्तिक की चर्चा उनके पर्सनल लाइफ के लिए ज्यादा होती है । दिनेश कार्तिक ने 2013 में स्कवॉश प्लेयर दीपिका पल्लीकल से शादी की । दीपिका से शादी करने से पहले कार्तिक ने अपनी पहली पत्नी निकिता को तलाक दिया था । आपको बता दें कि निकिता क्रिकेटर मुरली विजय की पत्नी है । कहा तो ये भी जाता है कि मुरली विजय और निकिता की नजदीकियों ने कार्तिक और मुरली के रिश्तों में दूरी ला दी थी । कहते हैं कि उस दौरान इन दोनो खिलाड़ियों की तनातनी की वजह से क्रिकेट के ड्रेसिंग रूम का माहौल स्ट्रेसफुल हो गया था ।

निकिता से तलाक के बाद कार्तिक की ज़िंदगी में दीपिका की एंट्री हुई और दीपिका के जिंदगी में आने के बाद कार्तिक की जिंदगी में खुशियों ने दस्तक दी और अब जब भी दोनो को मौका मिलता दोनो घूमने के लिए निकल पड़ते हैं। दीपिका अक्सर कार्तिक और अपनी फोटोज सोशल मीडिया पर शेयर करती है।

कार्तिक भले ही इंटरनेशनल क्रिकेट में कुछ खास कमाल नहीं कर पाए लेकिन आईपीएल में इनका प्रदर्शन हमेशा धाकड़ माना गया है । खैर रविवार को बांग्लादेश को नागिन डांस भूलने पर मजबूर करने वाले दिनेश कार्तिक के आज हर जगह चर्चे हैं, और इस बार उनके चर्चे सिर्फ और सिर्फ उनके खेल को लेकर हो रहे हैं ।

Published on: