खास खबर

सुबह 9 बजे तक छाया रहा कोहरा, 5 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान, दिनभर रही ठिठुरन

दिनभर चलती रहीं सर्द हवाएं, ठंड से कंपकपाया शहर

2 min read
Jan 09, 2025

शहडोल. जिले में पिछले दो दिनों से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह से कोहरे छाए रहने के साथ ही दिन में सर्द हवाओं की वजह से तापमान लुढकऱ 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। कोहरा व आसमान में बादल छाए रहने की वजह से सुबह 9 बजे तक सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। धीरे-धीरे ठंड फिर से जोर पकड़ता जा रहा है। बुधवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जानकारों की माने तो आने वाले दिनों में भी सुबह कोहरे की धुंध और दिन में सर्द हवाओं का दौर जारी रहेगा। मौसम में नमी व सर्द हवाओं की वजह से गलन बढ़ गई है। इससे बचने के लिए लोग तरह-तरह के जतन करते देखे जा रहे हैं। इस मौसम का प्रभाव आम इंसानों के साथ फसलों पर भी पडऩे वाला है। विशेषज्ञों की माने तो फसलों पर इसका असर मिला जुला रहेगा। अनाज के लिए यह फायदेमंद तो दलहन, तिलहन और कुछ सब्जियों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।

देर से निकला सूरज
सुबह सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो रहे हैं। सुबह 8 बजे के बाद तक घना कोहरा छाया रहा, इसके बाद आसमान में बादल छाए रहे, जिसकी वजह से 9 बजे के बाद ही अच्छे से धूप खिल पाई। यह स्थिति पिछले चार से पांच दिनों से बनी हुई है। विशेषज्ञों की माने तो आने वाले पांच छह दिनों तक ऐसी ही स्थिति रहने वाली है।
जलानी पड़ी लाइट
सुबह 7 बजे तक कोहरे की धुंध इस कदर छाई हुई थी कि वाहन चालकों को सामने कुछ नजर ही नहीं आ रहा था। लोग वाहनों की लाइट जलाकर आगे की सफर तय कर रहे थे। वहीं लोग सडक़ किनारे कचरा व अन्य सामग्री जलाकर ठंड से बचने का प्रयास करते नजर आए। सूर्यदेव के निकलने के बाद भी मौसम में ठंडक बनी रही।

फसलों पर मिला जुला असर
कृषि वैज्ञानिक डॉ बीके प्रजापति ने बताया कि इस मौसम का फसलों पर मिला जुला असर देखने मिलेगी। गेहूं, जौ आई जई के लिए यह काफी फायदेमंद है। इसके अलावा अरहल में कीट व सरसों में बीमारी लगने का भय बना हुआ है। वहीं आलू में लेट ब्लाइट (झुलसा) रोग व अन्य सब्जियों में रसचूसक कीट लगने का खतरा बना हुआ है। किसान इससे बचाव के लिए आवश्क उपाय करें व फसलों में आवश्यक दवा का छिडक़ाव करें।

Published on:
09 Jan 2025 11:57 am
Also Read
View All

अगली खबर