
आर्मी परिवार में अनुशासन के बीच हुई परवरिश
पिता ने आत्मरक्षा के लिए सिखाया कराटे
यूएस ओपन कराटे चैंपियनशिप के एलीट डिविजन में गोल्ड जीतकर रचा इतिहास
मेरी कहानी सिर्फ पदक जीतने और चैंपियनशिप में देश का नाम रोशन करने तक सीमित नहीं है। इसके पीछे मेरे परिवार की सोच, माता-पिता का विश्वास, आर्थिक और शारीरिक चुनौतियों से जूझने का हौसला और खुद को लगातार बेहतर बनाने का जुनून है। मैं आर्मी परिवार में पली-बढ़ी हूं, इसलिए बचपन से ही अनुशासन और फिटनेस का महत्त्व समझा। पिता ने आत्मरक्षा के उद्देश्य से मुझे मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग दिलानी शुरू की थी, लेकिन यही छोटी-सी शुरुआत आगे चलकर मेरे जीवन का लक्ष्य बन गई। ग्वालियर से शुरू हुआ कराटे का सफर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप तक पहुंचा। वर्ष 2019 में अमरीका के लास वेगास में आयोजित यूएस ओपन कराटे चैंपियनशिप के एलीट डिविजन में गोल्ड मेडल जीतना मेरे कॅरियर की ऐतिहासिक उपलब्धियों में शामिल है। इस सफर में कभी चोटों से जूझना पड़ा तो कभी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए परिवार को आर्थिक मुश्किलों का सामना करना पड़ा। यहां तक कि मेरी मां ने अपने सोने के गहने बेचकर मुझे अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा लेने भेजा। आज मध्यप्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग से जुडकऱ नई प्रतिभाओं को तैयार करने की दिशा में काम कर रही हूं। मेरा मानना है कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता में परिवार का भरोसा और मानसिक मजबूती सबसे अहम भूमिका निभाते हैं।
मेरी कहानी भी फिल्म ‘दंगल’से कम नहीं है। मैं आर्मी परिवार से हूं। मेरे पिता अनुशासन को लेकर बेहद सख्त थे और स्वास्थ्य के प्रति भी काफी सजग रहते थे। वे ही मेरे पहले कोच भी रहे। मुझे बचपन से ऐसी परवरिश मिली, जिसमें शारीरिक रूप से फिट रहना और आत्मनिर्भर बनना बहुत जरूरी माना जाता था। पिता का मानना था कि हर लडक़ी को अपनी सुरक्षा के लिए किसी दूसरे पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। इसी सोच के साथ उन्होंने मुझे बचपन से ही मार्शल आर्ट सिखाना शुरू किया। मेरी परवरिश भी कुछ अलग ही रही। 12वीं कक्षा में पहुंचने के बाद ही मैंने अपने बाल बढ़ाए। पिता चाहते थे कि मैं हर परिस्थिति का सामना करने के लिए खुद को सक्षम बनाऊं। मेरा जन्म गुजरात के दाहोद में हुआ, लेकिन पिता की पोस्टिंग के कारण मेरी कराटे ट्रेनिंग ग्वालियर से शुरू हुई। वर्ष 2001 में पहली बार कराटे प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इसके बाद मेरा चयन भारतीय खेल प्राधिकरण (साई), धार में हो गया, जहां से कराटे का विधिवत प्रशिक्षण शुरू हुआ। वर्ष 2010 में मैं मध्यप्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग से जुड़ी और भोपाल के टीटी नगर स्टेडियम में प्रशिक्षण लेने लगी। यहीं से मेरी अंतरराष्ट्रीय यात्रा की शुरुआत हुई। इस दौरान मेरे कोच जयदेव शर्मा रहे, जिनके मार्गदर्शन में मुझे अपने खेल को आगे बढ़ाने का अवसर मिला।
जब कोई लडक़ी घर से बाहर निकलकर कुछ नया या अलग करना चाहती है तो उसकी पहली चुनौती कई बार परिवार और आसपास के लोगों की सोच से ही शुरू होती है। मेरे साथ भी ऐसा हुआ। लोगों ने कहा कि लडक़ी को कैसा स्पोट्र्स सिखा रहे हो, अगर हाथ-पैर टूट गए तो शादी कैसे होगी। हालांकि मेरे माता-पिता ने कभी इन बातों को महत्त्व नहीं दिया। उन्होंने हमेशा मेरा साथ दिया और मुझे आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। कई बार ऐसा हुआ कि मैं शरीर के किसी न किसी हिस्से में चोट लगाकर घर पहुंचती थी, लेकिन माता-पिता ने मुझे कराटे छोडऩे के लिए कभी नहीं कहा। मेरी मां तो हमेशा मेरे जख्मों पर पट्टी बांधती थीं। उनके लिए मेरी चोटें खेल का हिस्सा थीं, कोई ऐसी वजह नहीं जिनके कारण मुझे अपना सपना छोड़ देना चाहिए। आज पीछे मुडकऱ देखती हूं तो महसूस होता है कि माता-पिता का यही भरोसा मेरी सबसे बड़ी ताकत बना। अगर परिवार साथ न देता तो शायद मैं इस मुकाम तक नहीं पहुंच पाती।
मेरे कॅरियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में वर्ष 2019 में अमरीका के लास वेगास में आयोजित यूएस ओपन कराटे चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतना शामिल है। मैं भारत की पहली खिलाड़ी बनी, जिन्होंने इस प्रतियोगिता के एलीट डिविजन में देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी प्रतियोगिता में मैंने टीम कुमिते में रजत पदक भी जीता। इसके अलावा कॉमनवेल्थ कराटे चैंपियनशिप में भी पदक हासिल किए। मैं वर्ष 2010 से 2020 तक लगातार दस साल नेशनल चैंपियन रही। मेरी उपलब्धियों के लिए मध्यप्रदेश और गुजरात सरकार ने भी मुझे सम्मानित किया। वर्ष 2011 में मुझे मध्यप्रदेश सरकार के शक्तिदूत पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अलावा एकलव्य पुरस्कार और गुजरात सरकार का राज्य उत्कृष्टता खेल सम्मान भी मिला। मेरे लिए ये पुरस्कार सिर्फ व्यक्तिगत उपलब्धियां नहीं हैं, बल्कि उन तमाम वर्षों की मेहनत और परिवार के त्याग का परिणाम हैं, जब मैंने अपने लक्ष्य को सबसे ऊपर रखा।
मेरी जिंदगी का एक भावुक पहलू मेरी मां का त्याग है। जब मुझे अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा लेना था, तब आर्थिक परिस्थितियां ऐसी नहीं थीं कि आसानी से प्रतियोगिता का खर्च उठाया जा सके। उस समय मेरी मां ने अपने सोने के गहने बेच दिए, ताकि मैं चैंपियनशिप में भाग लेने जा सकूं। उनके इस फैसले ने मुझे अंदर तक छू लिया था। मैं जानती थी कि मां ने मेरे सपने के लिए कितना बड़ा त्याग किया है। जब मैंने गोल्ड मेडल जीता तो सबसे पहले मन में मां के लिए कुछ खास करने का विचार आया। मैंने उन्हें सोने के ईयररिंग्स गिफ्ट किए। मेरे लिए यह सिर्फ एक उपहार नहीं था, बल्कि उस विश्वास और त्याग के प्रति आभार जताने का तरीका था, जिसने मुझे यहां तक पहुंचाया। मेरी सफलता में मां का योगदान किसी भी मेडल से कम नहीं है।
किसी भी खिलाड़ी के कॅरियर में सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक इंजरी होती है। चोट लगने के बाद सिर्फ शारीरिक रूप से ही नहीं, मानसिक रूप से भी खिलाड़ी को काफी संघर्ष करना पड़ता है। उस समय मन में सवाल उठता है कि अब कॅरियर आगे कैसे बढ़ेगा और क्या पहले जैसी वापसी हो पाएगी। मैंने भी अपने कॅरियर में कई मुश्किल चोटों का सामना किया है। एक प्रतियोगिता के दौरान मेरे कंधे में चोट लगी थी और वहां का मांसपेशीय ऊतक फट गया था। इसी तरह एक बार चैंपियनशिप से ठीक पहले पैर में चोट आ गई। ऐसे अनुभवों ने मुझे सिखाया कि खिलाड़ी के लिए शारीरिक मजबूती के साथ मानसिक रूप से मजबूत होना भी जरूरी है। चोट की स्थिति में सही उपचार और रिकवरी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। मैंने हमेशा खुद को मानसिक रूप से मजबूत बनाने की कोशिश की, ताकि मुश्किल समय में भी अपने लक्ष्य से ध्यान न हटे।
खिलाडिय़ों की ट्रेनिंग सिर्फ नियमित अभ्यास तक सीमित नहीं होती। नेशनल और इंटरनेशनल चैंपियनशिप को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त प्रशिक्षण भी लिया जाता है। हर प्रतियोगिता की अपनी चुनौती होती है और उसी के अनुसार तैयारी करनी पड़ती है। मेरा मानना है कि हर प्रतियोगिता में खिलाड़ी को खुद को पहले से बेहतर बनाने की कोशिश करनी चाहिए। शारीरिक अभ्यास के साथ मानसिक रूप से भी शार्प रहना जरूरी है। प्रतियोगिता के दौरान दबाव और तनाव से निपटने के लिए मैं खुद को शांत रखने की कोशिश करती हूं। इसके लिए मेडिटेशन करती हूं। मुझे गाना गाना पसंद है और जब भी तनाव महसूस होता है तो गाने लगती हूं। इससे मन हल्का होता है और रिलैक्स महसूस करती हूं। पहले चॉकलेट खाकर भी खुद को ट्रीट देती थी। मेरा मानना है कि खिलाड़ी को अपने लिए ऐसे तरीके जरूर तलाशने चाहिए, जिनसे वह मानसिक रूप से सहज रह सके।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई बार खिलाड़ी सामने वाले की उपलब्धियों, देश या झंडे को देखकर दबाव महसूस करने लगता है। मैंने अपने लिए इसका अलग तरीका निकाला था। जब भी मैं किसी अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिस्सा लेती थी तो कोशिश करती थी कि अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी या उसके देश के झंडे को न देखूं। अगर नजर चली भी जाती थी तो खुद को यही समझाती थी कि यह हमारे देश के किसी हिस्से का खिलाड़ी है और मुझे अपने खेल पर भरोसा रखना है। इससे मैं अनावश्यक दबाव में नहीं आती थी। मेरे लिए प्रतियोगिता का सबसे महत्त्वपूर्ण हिस्सा खुद पर नियंत्रण रखना और अपने प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित करना था। खिलाड़ी को बहुत ज्यादा उत्साहित होने के बजाय शांत और संतुलित रहना चाहिए। मानसिक रूप से स्थिर रहने पर ही वह अपनी तैयारी का पूरा इस्तेमाल कर पाता है।
आमतौर पर खिलाडिय़ों को सुबह के समय ट्रेनिंग दी जाती है, लेकिन मेरा प्रशिक्षण कार्यक्रम इससे अलग रहा। सुबह का समय मेरे लिए काफी शांत और सुकून भरा होता है। यह समय मेडिटेशन और खुद को मानसिक रूप से तैयार करने के लिए बेहतर लगता है। इसलिए मैंने विभाग में आवेदन भी दिया था कि मैं सुबह ट्रेनिंग नहीं कर सकती। मेरी ट्रेनिंग सुबह 10 बजे से दोपहर डेढ़ से दो बजे तक होती थी। मेरा मानना है कि सभी खिलाडिय़ों को एक ही तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम में बांधना सही नहीं है। हर खिलाड़ी की शारीरिक और मानसिक जरूरत अलग होती है। मैं अपने खिलाडिय़ों से पूछती हूं कि वे क्या चाहते हैं और किस तरह की ट्रेनिंग उनके लिए बेहतर रहेगी। एक कोच के रूप में यह समझना जरूरी है कि खिलाड़ी की क्षमता और जरूरत क्या है। तभी उससे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा सकती है।
पीरियड्स के दौरान कई महिला खिलाडिय़ों को असहजता और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस दौरान ट्रेनिंग और प्रतियोगिताओं के बीच संतुलन बनाना आसान नहीं होता। हर खिलाड़ी का अनुभव अलग होता है और उसकी शारीरिक जरूरतों को समझना जरूरी है। मैंने अपने प्रशिक्षण और तैयारी में इस बात का ध्यान रखा कि ऐसी परिस्थितियों में भी अपने खेल को बेहतर तरीके से संभाल सकूं। मेरा मानना है कि महिला खिलाडिय़ों के लिए खेल से जुड़ी सुविधाओं, स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और व्यक्तिगत जरूरतों को समझने वाला माहौल होना चाहिए। खिलाडिय़ों को अपनी सेहत के अनुरूप प्रशिक्षण और आराम का विकल्प मिलना चाहिए। किसी भी खिलाड़ी की क्षमता का आकलन केवल इस आधार पर नहीं किया जाना चाहिए कि वह किस परिस्थिति से गुजर रही है।
मेरे कॅरियर में कोविड का दौर भी एक बड़ी चुनौती बनकर आया। लॉकडाउन के कारण पूरे देश में खेल गतिविधियां प्रभावित हुईं। प्रतियोगिताएं रुक गईं और नियमित प्रशिक्षण का सिलसिला भी बाधित हुआ। ऐसे लंबे अंतराल के बाद दोबारा खुद को साबित करना आसान नहीं था। खिलाड़ी के लिए लगातार अभ्यास और प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना जरूरी होता है। जब यह सिलसिला टूटता है तो उसे दोबारा अपनी लय हासिल करने के लिए मेहनत करनी पड़ती है। मेरे लिए भी यह समय चुनौतीपूर्ण था, लेकिन मैंने अपनी तैयारी और मानसिक मजबूती पर ध्यान दिया। मेरा मानना है कि खिलाड़ी को परिस्थितियां कैसी भी हों, अपने लक्ष्य को लेकर गंभीर रहना चाहिए।
मध्यप्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में पूर्व खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने हमेशा खिलाडिय़ों को प्रोत्साहित किया। उस समय खिलाडिय़ों को अपनी समस्याएं बताने और समाधान के लिए उनसे सीधे मिलने का अवसर मिलता था। शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में भी खिलाडिय़ों को सहयोग मिला। खेलों को आगे बढ़ाने के लिए खिलाडिय़ों की समस्याओं को सुनना और उनकी जरूरतों को समझना बहुत जरूरी है। जब खिलाड़ी को यह भरोसा होता है कि उसकी बात सुनी जाएगी तो वह अपने खेल पर बेहतर तरीके से ध्यान दे पाता है।
कराटे में मेरे सफर की शुरुआत आत्मरक्षा से हुई थी। आज मैं दूसरी लड़कियों को भी आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही हूं। मैंने ‘शृंगार बना हथियार’ नाम से एक अभियान शुरू किया है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को यह सिखाना है कि वे किसी आपातकालीन या हमले की स्थिति में अपने रोजमर्रा के शृंगार और पहनावे की वस्तुओं का इस्तेमाल आत्मरक्षा के हथियार के रूप में कैसे कर सकती हैं। आमतौर पर शृंगार की वस्तुओं को केवल सुंदरता से जोडकऱ देखा जाता है, लेकिन इस पहल के तहत महिलाओं को प्रशिक्षित किया जाता है कि संकट के समय यही वस्तुएं उनकी रक्षा का माध्यम बन सकती हैं। इसमें रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली चीजों जैसे हेयरपिन (जुड़ा पिन), सेफ्टी पिन, अंगूठी, कंगन या चूडिय़ां, दुपट्टा, हैंडबैग और परफ्यूम या डियोड्रेंट (पेपर स्प्रे के विकल्प के रूप में) का उपयोग करके हमलावर को चकमा देने और खुद को बचाने की तकनीक सिखाई जाती है। इसका लक्ष्य महिलाओं में आत्मविश्वास जगाना है ताकि बिना किसी पारंपरिक हथियार के भी वे किसी भी अप्रिय स्थिति या मनचलों/बदमाशों का डटकर मुकाबला कर सकें। मेरा मानना है कि आत्मरक्षा की शुरुआत मानसिक मजबूती से होती है। यदि लडक़ी मानसिक रूप से मजबूत है और परिस्थितियों में समझदारी से निर्णय ले सकती है तो वह मुश्किल हालात का सामना बेहतर तरीके से कर सकती है। इस अभियान का उद्देश्य लड़कियों को यह समझाना है कि आत्मविश्वास और जागरूकता भी उनकी सुरक्षा के महत्त्वपूर्ण आधार हैं।
फिलहाल मैं मध्यप्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग में काम कर रही हूं। मेरा दायित्व नई प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें बेहतर खिलाड़ी बनाने में मदद करना है। मैंने अपने कॅरियर में जो कुछ सीखा है, अब उसे नई पीढ़ी के खिलाडिय़ों के साथ साझा करना चाहती हूं। एक खिलाड़ी के रूप में जो चुनौतियां मैंने देखी हैं, उनसे आने वाले खिलाडिय़ों को सीख मिले, यही मेरी कोशिश है। मेरा मानना है कि भारत में खिलाडिय़ों के लिए अवसर पहले की तुलना में बढ़े हैं, लेकिन खेलों को और आगे ले जाने के लिए कई स्तरों पर सुधार की जरूरत है। खासतौर पर कराटे में फेडरेशन के बीच चलने वाले विवादों का असर खिलाडिय़ों पर पड़ता है। जब दो फेडरेशन के बीच खींचतान होती है तो उसका नुकसान आखिरकार खिलाड़ी को ही उठाना पड़ता है। इस तरह की लड़ाइयां खत्म होंगी तो खिलाडिय़ों का ध्यान विवादों के बजाय चैंपियनशिप और अपने प्रदर्शन पर केंद्रित हो सकेगा।
भारतीय और विदेशी खिलाडिय़ों की तैयारी में एक बड़ा अंतर मानसिक प्रशिक्षण को लेकर भी देखने को मिलता है। विदेशों में खिलाडिय़ों के साथ साइकोलॉजिकल कोच काम करते हैं, जो उन्हें मानसिक रूप से मजबूत बनाने और प्रतियोगिता के दबाव से निपटने में मदद करते हैं। भारत में भी इस दिशा में अधिक काम करने की जरूरत है। खिलाड़ी की सफलता केवल शारीरिक अभ्यास पर निर्भर नहीं करती, बल्कि उसका आत्मविश्वास, एकाग्रता और मानसिक संतुलन भी उतना ही महत्त्वपूर्ण है।
मेरा संदेश केवल खिलाडिय़ों के लिए नहीं, बल्कि उनके माता-पिता के लिए भी है। वे अपने बच्चों पर भरोसा करें और उनके फैसलों का सम्मान करें। हर बच्चे की अपनी रुचि और क्षमता होती है। जरूरी नहीं कि हर बच्चा एक ही रास्ते पर चले। अगर बच्चा खेल में आगे बढऩा चाहता है तो परिवार को उसकी प्रतिभा पहचानकर उसे अवसर देना चाहिए। मैंने अपने जीवन में माता-पिता के भरोसे की ताकत देखी है। उन्होंने मुझे उस समय भी नहीं रोका, जब मैं चोट लगाकर घर लौटती थी या जब मेरे खेल को लेकर सवाल उठाए जाते थे। आज मैं जो कुछ भी हूं, उसमें उनका बहुत बड़ा योगदान है। कराटे में एक अलग ही जुनून है। जो एक बार इस खेल से जुड़ जाता है, वह इसे आसानी से छोडऩा नहीं चाहता। मेरा सफर भी आत्मरक्षा की एक छोटी-सी शुरुआत से शुरू हुआ था और आज यही मेरा जीवन, मेरा जुनून और नई पीढ़ी को कुछ देने का माध्यम बन गया है।