उदयपुर

आधी रात में तेज बरसात, कई इलाके अंधेरे में डूबे, एक-दो दिन रहेगी गर्मी से राहत

पश्चिमी विक्षोभ का असर: दिनभर बादलों का डेरा, तापमान गिरा उदयपुर. पश्चिमी विक्षोभ ने गुरुवार को पूरा मौसम ही बदल दिया। अलसुबह से शाम तक बादलों का डेरा रहा। शाम को हल्की बूंदाबांदी हुई और आधी रात को बरसात हो गई। शहर में कहीं हल्की तो कहीं बहुत तेज बरसात हुई। बरसात के चलते शहर […]

2 min read
Mar 20, 2026
source [patrika photo

पश्चिमी विक्षोभ का असर: दिनभर बादलों का डेरा, तापमान गिरा

उदयपुर. पश्चिमी विक्षोभ ने गुरुवार को पूरा मौसम ही बदल दिया। अलसुबह से शाम तक बादलों का डेरा रहा। शाम को हल्की बूंदाबांदी हुई और आधी रात को बरसात हो गई। शहर में कहीं हल्की तो कहीं बहुत तेज बरसात हुई। बरसात के चलते शहर के अधिकांश जीएसएस बंद कर दिए गए, जिससे आधे से ज्यादा शहर आधी रात में अंधेरे में डूब गया। एक तरफ गर्मी की शुरुआत और उसमें बिजली बंद होने की िस्थति में लोग आहत हो गए। हालांकि मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि एक-दो दिन मौसम इसी तरह सुहाना बना रहेगा। इस दौरान गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

रात करीब 10.30 बजे बरसात का क्रम शुरू हुआ, जो करीब दो घंटे तक चला। शहर के कुछ हिस्सों में धीमी बरसात हुई, जबकि प्रतापनगर, मादड़ी क्षेत्र में जमकर बौछारें गिरी। हवाओं के साथ हुई बरसात के चलते बिजली सिस्टम बुरी तरह से प्रभावित हो गया। बड़ी परेशानी से बचने के लिए सिस्टम को होल्ड करना पड़ा। ऐसे में लगभग आधे शहर में करीब दो घंटे तक बिजली बंद रही। अचानक बिजली बंद होने की िस्थति में शहरवासियों ने तीखी प्रतिक्रिया दी और बिजली निगम के प्रति आक्रोश जताया। लोगों ने निगम दफ्तरों में कॉल करके बिजलीकर्मियों को खरी-खरी सुनाई।

दिनभर सुहाना रहा मौसम

बादलों की चादर, ठंडी हवाओं और हल्की बूंदाबांदी ने शहर के मौसम को सुहाना बना दिया, लेकिन इसके साथ ही अगले दो दिन मौसम के तेवर और तीखे रहने के संकेत हैं। गुरुवार को सुबह से ही आसमान पर घने बादल छा गए और ठंडी हवाओं ने तापमान में गिरावट ला दी। दिनभर धूप नहीं निकलने से वातावरण ठंडा बना रहा, वहीं शहर के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई।

इसलिए दिख रहा बदलाव

दिन में बादलों की मौजूदगी के कारण धूप का असर कम हो गया है, जिससे दिन का तापमान नियंत्रित हो गया है। हालांकि, मौसम के इस बदलाव के साथ तेज हवाओं और अंधड़ की आशंका भी बनी हुई है। पश्चिमी विक्षोभ के साथ अरब सागर से आ रही नमी के कारण वातावरण में नमी बढ़ गई है। यही कारण है कि बादल छाए रहने और हल्की बारिश जैसी स्थिति बन रही है।

बरसात से फसलों का खराबा

उदयपुर सहित मेवाड़-वागड़-हाड़ौती क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की स्थिति बन सकती है। इससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। यह बदलाव किसानों और आमजन दोनों के लिए अहम है। जहां एक ओर गर्मी से राहत मिली है, वहीं अचानक बदलते मौसम से फसलों को नुकसान की आशंका भी जताई जा रही है।

तापमान में गिरावट तेज

गुरुवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 18.8 डिग्री दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री और न्यूनतम 15.8 डिग्री रहा था। लिहाजा दिन के पारे में 3.7 डिग्री की गिरावट आई, जबकि रात का पारा 3 डिग्री बढ़ा रहा। गुरुवार को दिनभर ठंडक बनी रहने के कारण अब रात के पारे में भी गिरावट आएगी।

मेवाड़ सहित पूरा प्रदेश पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में है। इससे कहीं-कहीं बहुत हल्की बूंदाबांदी तो कहीं तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि और अंधड़ का असर बना रहा, जो शुक्रवार को भी रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ से वायु मण्डल में नमी से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 5 डिग्री से 10 डिग्री की कमी आएगी। पश्चिमी विक्षोभ के साथ अरब सागरीय से आती नमी से मेवाड़-वागड़-हाड़ौती तक मौसमी दशाओं मे बदलाव दर्ज किए हैं। बादल अधिकांश क्षेत्रों में छाए रहेंगे और बरसात भी होगी।

प्रो. नरपतसिंह राठौड़, मौसमविद

Published on:
20 Mar 2026 05:30 pm
Also Read
View All

अगली खबर