Naxal News: देश को आजाद हुए 72 साल हो चुके हैं। देश हर वर्ष अपनी स्वतंत्रता और गणतंत्र स्थापना के अवसर पर तिरंगे को सलामी देता है। लेकिन अब भी हमारे देश में ऐसी जगह हैं जहां अब तक...
भुवनेश्वर. देश को आजाद हुए 72 साल हो चुके हैं। देश हर वर्ष अपनी स्वतंत्रता और गणतंत्र स्थापना के अवसर पर तिरंगे को सलामी देता है। लेकिन अब भी हमारे देश में ऐसी जगह हैं जहां अब तक तिरंगा नहीं फहराया गया। आज हम आपको ऐसी ही एक जगह के बारे में बताएंगे। ओडिशा में नक्सली बहुल जिला मलकानगिरि के लिए यह ऐतिहासिक और रोमांचक पल था जब नक्सलियों का गढ़ कहा जाने वाला सुदूरवर्ती लालगढ़ आजादी के बाद पहली बार तिरंगा फहराया गया। यहां पर नक्सलियों से लड़ रहे सीमा सुरक्षा बल का नया कैंप है। यह कैंप लालगढ़ के हंतालागुडा में है। इस क्षेत्र के आसपास गांवों में लोगों का कहना है कि उन्हें पता ही नहीं है कि 15 अगस्त और 26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय पर्व कब आते हैं और चले जाते हैं। लालगढ़ जिले का दुर्गम इलाका है। यह सुरक्षा बलों की भी पहुंच से दूर था। पहली बार सीमा सुरक्षा बल ने यहां पर कैंप स्थापित किया। उनकी एक टुकड़ी यहां पर कैंप कर रही है। नक्सलियों के प्रभाव में स्वतंत्रता और गणतंत्र दिवस में इस क्षेत्र में नक्सलियों के दबाव में काला झंडा फहराया जाता रहा है। मलकानगिरि के पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश देव खिल्लारी और उनके साथ सीमा सुरक्षा बल की 9वीं बटालियन के के कमांडिंग अफसर रुद्रसुनील मिंजा ने पहली बार नक्सलियों के गढ़ में घुसकर कैंप स्थापित किया। तीन दिसंबर को नक्सलियों ने गांव वालों को लेकर रैली निकाली थी और बाद में प्रजा मेलि (सभा) करके सुरक्षा बलों को चुनौती दी थी। पुलिस और सीमा सुरक्षा बल ने मिलजुलकर नक्सलियों की चुनौती से निपटने का निर्णय लिया। लोग लालगढ़ में तिरंगा झंडा फहराने को ऐतिहासिक दिवस बता रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अब वर्ष के प्रत्येक स्वतंत्रता और गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराया जाता रहेगा। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि यहां पर जनसुरक्षा की भावना से सुरक्षा बल और पुलिस काम करेंगे। किसी से डरने की आवश्यकता नहीं है। उनका कहना है कि उनका लक्ष्य सरकारी योजनाओं का लाभ सुदूरवर्ती क्षेत्र के लोगों को भी मिले।
पुलिस महानिदेशक ने की बैठक
ओडिशा के पुलिस महानिदेशक अभय ने कोरापुट, मलकानगिरि, नवरंगपुर और रायगढ़ा के पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक करके नक्सली इलाकों में कानून व्यवस्था की समीक्षा की और नक्सल विरोधी अभियान तेजी से चलाने को कहा। सीमावर्ती इलाको में अर्धसैनिक बलों की तैनाती और उन्हें स्पेशल पुलिस आपरेशन ग्रुप का भरपूर सपोर्ट देने को कहा। लालगढ़ में तिरंगा फहराने की भी जानकारी उनहें दी गयी। इस बैठक में आईजी आपरेशन अमिताभ ठाकुर, एडीजी (लॉ एंड आर्डर) डीएस कुट्टी, डीआईजी इंटेलीजेंस आरके शर्मा भी उपस्थित रहे। चार्ज लेने के बाद डीजीपी का यह पहला दौरा है।