अजमेर

केकड़ी में बीस लाख कीमत की अवैध शराब के 410 कर्टन जब्त

पंचायत चुनाव में मतदाताओं को बांटने के लिए तस्करी से मंगाई,पुलिस को सूचना मिली तो पकड़ी खेप, एक ट्रक में पाउडर के कट्टों के नीचे छिपाई गई,लेकिन चालाकी काम नही आई
2 min read
• •
Updated: 18 Jan 2020, 12:19 AM IST
केकड़ी में बीस लाख कीमत की अवैध शराब के 410 कर्टन जब्त
केकड़ी में बीस लाख कीमत की अवैध शराब के 410 कर्टन जब्त

अजमेर. इन दिनों जिले में पंचायतीराज के चुनाव चरम पर है। शक्रवार को प्रथम चरण के वोट पड़ गए। देर रात तक चुनाव परिणाम भी आ गए। अब चुनाव के दूसरे चरण की तैयारी है। मतदातओं को लुभाने व अपने-अपने पक्ष में करने के लिए शराब बांटी जा रही है।

यह शराब तस्करी के जरिए मंगाई जा रही है। इसका प्रमाण आबकारी थाना पुलिस की ओर से जब्त शराब की खेप है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 20 लाख रुपए बताई गई है।

आबकारी थाना पुलिस के प्रहराधिकारी शिवराज मीणा ने बताया कि विभाग को सूचना मिली कि ट्रक में छिपा कर अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। इस पर विभाग के दल ने जयपुर-भीलवाड़ा बाइपास पर नाकाबंदी कर ट्रक को रुकवाने की कोशिश की,लेकिन चालक उसे भगा कर ले गया। बाद में दल ने पीछा कर ट्रक को रुकवाया। तलाशी में ट्रक में पाउडर के कट्टों के नीचे रखे हरियाणा निर्मित विभिन्न ब्रांड की शराब से भरे कुल 410 कर्टन मिले।

लाइसेंस व परमिट आदि आवश्यक दस्तावेजों के बारे में पूछताछ करने ट्रक चालक मावली (उदयपुर) थानान्र्तगत फतहनगर निवासी श्रवण कुमार खाती ने अनभिज्ञता जताई। टीम ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त कर लिया।

हरियाणा से खरीदी शराब!

आबकारी पुलिस का मानना है कि यह शराब केवल हरियाणा में विक्रय की जा सकती है। शराब पंचायत चुनावों के दौरान खपाने की आशंका है। आबकारी विभाग के जिला अधिकारी राजेश गोयल, सहायक आबकारी अधिकारी महावीर सिंह राठौड़, आबकारी निरीक्षक निर्मला चौधरी ने केकड़ी पहुंच कर आरोपी से पूछताछ की।

इन दिनों प्रदेश में पंचायत चुनाव चल रहे हैं। पंचायत चुनावों के दौरान शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की ओर से मुख्य राजमार्गों पर सख्ती बरती जा रही है। शराब तस्कर वाया केकड़ी होते हुए शराब की तस्करी कर इसे भीलवाड़ा, उदयपुर आदि जिलों में ले जाकर सप्लाई कर रहे हैं।

पाउडर के कट्टों की आड़ में तस्करी

सहायक आबकारी अधिकारी महावीर सिंह राठौड़ ने बताया कि आरोपी ने शराब के कर्टन पाउडर के कट्टों के नीचे छिपा रखे थे। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह ट्रक को भीलवाड़ा ले जा रहा था। तस्करी के आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रहराधिकारी शिवराज मीणा, सहायक प्रहराधिकारी घनश्याम वैष्णव, सिपाही गोपाल सिंह, बालूराम, भंवरलाल दरोगा, भंवरलाल गुर्जर, पवन सिंह शामिल रहे।

Published on: