
जयपुर। सात समंदर पार देश और घर से दूरी भले ही हजारों किलोमीटर की हो, लेकिन जब बात परंपराओं और आस्था की आती है तो सरहदें भी छोटी पड़ जाती हैं। हाथों में रची मेहंदी, सोलह श्रृंगार, पारंपरिक परिधान, पूजा की सजी थाली और आसमान में चांद निकलने का इंतजार… करवा चौथ की ये तस्वीरें सिर्फ भारत के घरों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि अमरीका रिका के शिकागो से लेकर ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया के कई शहरों में भी भारतीय संस्कृति की छटा बिखेरती नजर आईं।
विदेशों में रहने वाली भारतीय महिलाओं ने पूरे उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ करवा चौथ का पर्व मनाया। इस दौरान कई शहरों में एनआरआई महिलाओं ने सामूहिक पूजा का आयोजन किया। सुहागिनें सज-धजकर एक जगह जुटीं और पूजा-अर्चना के साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। किसी के हाथों में पति के नाम की मेहंदी सजी थी तो किसी ने पारंपरिक परिधान और चूड़ियों के साथ अपने सोलह श्रृंगार को पूरा किया।
करवा चौथ के अवसर पर महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा की और करवा चौथ की कथा सुनी। दिनभर निर्जला व्रत रखने के बाद सभी को रात में चांद निकलने का इंतजार रहा। चंद्र दर्शन होते ही महिलाओं ने चंद्रमा को अर्घ्य अर्पित किया और पति की लंबी उम्र तथा सुखी वैवाहिक जीवन की कामना की। इसके बाद पतियों के हाथों पानी पीकर व्रत का पारण किया।
विदेशों में आयोजित इन कार्यक्रमों में भारतीय परंपराओं के प्रति लगाव साफ नजर आया। सामूहिक पूजा ने महिलाओं को अपने देश, परिवार और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का अवसर दिया। घर-परिवार से दूर रहकर भी उन्होंने त्योहार की खुशियां एक-दूसरे के साथ बांटीं।
करवा चौथ की ये तस्वीरें बताती हैं कि भारतीय संस्कृति की पहचान केवल देश की सीमाओं तक बंधी नहीं है। सात समंदर पार भी चांद के दीदार की वही प्रतीक्षा, पति की लंबी उम्र की वही कामना और परंपराओं को निभाने का वही उत्साह कायम है। भारत में जिस उत्साह से सुहागिनें चांद का इंतजार करती हैं, वही उत्सुकता शिकागो, ब्रिटेन, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में भी दिखाई दी। सात समंदर पार भी चांद वही था, इंतजार वही था और पति की लंबी उम्र की कामना भी वही।