
भारतीय शास्त्रीय संगीत को जीवन का ध्येय बनाने वाली प्रो. सुमन यादव की यात्रा केवल एक गायिका की सफलता की कहानी नहीं, बल्कि साधना, अनुशासन, गुरु-शिष्य परंपरा और संगीत के प्रति समर्पण की मिसाल है। सरकारी स्कूल से पढ़ाई, राजस्थान विश्वविद्यालय से संगीत की उच्च शिक्षा, ग्वालियर घराने की गुरु-शिष्य परंपरा में वर्षों की तालीम, देश-विदेश के मंचों पर प्रस्तुतियां और तीन दशक से अधिक समय तक अध्यापन। उन्होंने शास्त्रीय संगीत के साथ फ्यूजन के क्षेत्र में भी प्रयोग किए। आकाशवाणी की ए ग्रेड कलाकार के रूप में पहचान बनाई और टेलीफिल्मों के लिए गायन एवं संगीत रचना का काम किया। उनका मानना है कि शास्त्रीय संगीत कोई शॉर्टकट नहीं, बल्कि जीवनभर चलने वाली साधना है। प्रो. सुमन यादव से संगीत की उनकी यात्रा, बदलते दौर में शास्त्रीय संगीत की चुनौतियों और नई पीढ़ी की जिम्मेदारियों पर बातचीत।
मेरे परिवार में सीधे तौर पर संगीत की कोई पृष्ठभूमि नहीं थी। मेरे पिता और दादाजी, दोनों ही प्रतिष्ठित वकील थे। लेकिन मेरे पिता ने मुझे कभी संगीत के लिए मना नहीं किया। उन्होंने मेरी रुचि को समझा और मुझे अपनी पसंद के क्षेत्र में आगे बढऩे की स्वतंत्रता दी। कई बार किसी बच्चे की प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए परिवार का प्रोत्साहन ही सबसे बड़ी पूंजी होता है। मेरे साथ भी ऐसा ही हुआ।
मैंने अपनी स्कूली शिक्षा एक सरकारी स्कूल से प्राप्त की और इसके बाद राजस्थान विश्वविद्यालय से संगीत की उच्च शिक्षा हासिल की। जब मैं राजस्थान विश्वविद्यालय से एम.ए. कर रही थी, उस दौरान मेरी शिक्षिका ग्वालियर घराने की सुप्रसिद्ध कलाकार थीं। मैंने संगीत जगत की विख्यात कलाकार स्व. लीलावतौ अड़सुले के संरक्षण में, प्राचीन गुरु-शिष्य परंपरा के तहत 12 से अधिक वर्षों तक ख्याल गायन की पारंपरिक और गहन तालीम हासिल की। यहीं से संगीत के प्रति मेरी दीवानगी और अधिक बढ़ गई। धीरे-धीरे संगीत मेरे लिए केवल एक विषय या शौक नहीं रहा, बल्कि जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गया।
ग्वालियर घराने की अपनी एक विशिष्ट परंपरा और पहचान है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता अष्टांग गायिकी है। इसमें गायन के आठ अंगों का अपना महत्त्व है। जिसमें स्थायी-अंतरा सबसे पहले गाया जाता है। ख्याल गायन में स्थायी और अंतरा की प्रस्तुति से शुरुआत होती है। इस घराने की गायकी में राग की शुद्धता, बंदिश की स्पष्टता और प्रस्तुति का अनुशासन बहुत महत्त्वपूर्ण है।
मैंने अपने गुरु से वर्षों तक इसकी बारीकियां सीखीं। गुरु-शिष्य परंपरा में सीखना केवल किसी राग या बंदिश को याद कर लेना नहीं होता, बल्कि गुरु के सामने बैठकर उनके गायन, उनके सुर लगाने के तरीके, राग की प्रस्तुति और उसकी आत्मा को समझना होता है। यह एक लंबी प्रक्रिया है। गुरु की देखरेख में जो तालीम मिलती है, वह कलाकार के भीतर संगीत की बुनियाद तैयार करती है। मेरी गायकी में ग्वालियर घराने की जो छाप दिखाई देती है, वह इसी प्रशिक्षण और वर्षों की साधना का परिणाम है।
आमतौर पर शास्त्रीय संगीत को गंभीर और कठिन विद्या माना जाता है, लेकिन इस धारणा को बदलने की जरूरत है। इसका अर्थ यह नहीं है कि यह आमजन की समझ से बाहर है। यह बहुत कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि आपकी ग्रूमिंग किस तरह हुई है और आपको संगीत से किस तरह परिचित कराया गया है। शास्त्रीय संगीत को समझने के लिए सबसे पहले उसे सुनने की आदत विकसित करनी होगी। जब हम किसी विधा को सुनते हैं, उसके बारे में जानते हैं और धीरे-धीरे उसकी बारीकियों को समझते हैं तो उससे जुड़ाव अपने आप बढ़ता है। शास्त्रीय संगीत को आत्मसात करना जरूरी है। इसे केवल मंच पर प्रस्तुत होने वाली कला के रूप में नहीं देखना चाहिए, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और संगीत परंपरा के महत्त्वपूर्ण हिस्से के रूप में समझना चाहिए।
आम लोगों के बीच शास्त्रीय संगीत की समझ विकसित करने के लिए वर्कशॉप आयोजित की जानी चाहिए। ऐसी वर्कशॉप में लोगों को रागों, सुरों, ताल और बंदिशों के बारे में सरल तरीके से बताया जाए। जब श्रोता संगीत की संरचना और उसकी खूबसूरती समझने लगेंगे तो उनकी रुचि भी बढ़ेगी।
लोक संगीत और शास्त्रीय संगीत की अपनी अलग पहचान और महत्ता है। लोक संगीत का अर्थ ही है कि वह किसी एक व्यक्ति की रचना नहीं, बल्कि पीढिय़ों से चली आ रही परंपरा है। लोक संगीत समाज के बीच विकसित होता है। इसमें किसी क्षेत्र की संस्कृति, जीवनशैली, उत्सव, परंपराएं और लोगों के अनुभव समाहित होते हैं। अगर कहीं ऐसा लिखा दिखाई देता है कि कोई लोकगीत किसी एक विशेष कंपोजर की रचना है तो उसकी प्रकृति को समझना जरूरी है। लोक संगीत का मूल आधार सामूहिक परंपरा है। यह पीढ़ी-दर-पीढ़ी लोगों के बीच जीवित रहता है और समय के साथ आगे बढ़ता है।
संगीत को घर-घर पहुंचाने में रेडियो का बहुत बड़ा योगदान रहा है। एक समय था जब हर घर में रेडियो होता था और लोग बड़े चाव से संगीत के कार्यक्रम सुनते थे। आकाशवाणी ने शास्त्रीय संगीत के कलाकारों को मंच दिया और श्रोताओं को इस विधा से जोडऩे का काम किया। मेरे लिए भी आकाशवाणी और दूरदर्शन से जुडऩा एक महत्त्वपूर्ण अनुभव रहा है। मैं वर्ष 1981 से आकाशवाणी और दूरदर्शन पर प्रस्तुतियां देती आ रही हूं। आकाशवाणी की ए ग्रेड कलाकार होना मेरे लिए एक बड़ी उपलब्धि है। आकाशवाणी के राष्ट्रीय संगीत कार्यक्रमों में प्रस्तुति देने का अवसर भी मिला। रेडियो की पहुंच और विश्वसनीयता ने शास्त्रीय संगीत को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मैंने पिछले चार दशकों से अधिक समय से शास्त्रीय संगीत के प्रमुख राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रस्तुतियां दी हैं। संगीत नाटक अकादमी (जोधपुर), इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (नई दिल्ली), जवाहर कला केंद्र (जयपुर) जैसे कई प्रतिष्ठित मंचों पर गाने का मौका मिला। इसके अलावा, मैं जयपुर लिटरेचर इंटरनेशनल फेस्टिवल में दो बार पैनलिस्ट के रूप में भी शामिल रही हूं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मैंने यूरोप के विभिन्न देशों (जैसे बेल्जियम और स्विट्जरलैंड) में ‘मुसाफिर’ और ‘आर्ट वेज प्रोडक्शन’ के माध्यम से शास्त्रीय और लोक फ्यूजन संगीत के कई सफल कंसर्ट किए हैं।
अलग-अलग देशों के श्रोताओं के बीच भारतीय शास्त्रीय संगीत प्रस्तुत करना और उन्हें इस संगीत से जोडऩा एक अलग तरह की संतुष्टि देता है। विदेशी कलाकारों के साथ काम करते हुए संगीत की अलग-अलग शैलियों और प्रस्तुतिकरण के तरीकों को करीब से समझने का अवसर मिला। यूरोप के विभिन्न देशों में हुए कार्यक्रमों में शास्त्रीय और लोक संगीत के मेल से नई तरह की प्रस्तुतियां तैयार की गईं। लंदन में ट्रांस ग्लोबल अंडरग्राउंड के साथ काम करना भी मेरे लिए एक यादगार अनुभव रहा।
फ्यूजन के प्रयोगों पर मेरा मानना है कि संगीत में नए प्रयोग होने चाहिए, लेकिन प्रयोग करते समय मूल संगीत की पहचान और उसकी संरचना का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। आज भी शुद्ध शास्त्रीय संगीत वही है, जो पहले था और जिसे कलाकार अनुशासन के साथ प्रस्तुत कर रहे हैं। प्रयोग के नाम पर मूल स्वरूप से समझौता नहीं होना चाहिए। जब हम किसी राग को प्रस्तुत या कंपोज करते हैं तो उसका अपना एक स्वरूप और पहचान होती है, राग का शेप वैसा ही रहना चाहिए।
मैंने कुल 14 देशों के 37 शहरों में लगभग 48 क्लासिकल एवं फ्यूजन संगीत कार्यक्रमों की एक शृंखला प्रस्तुत की है। विदेशों में प्रस्तुति के दौरान मैंने एक खास बात पर ध्यान दिया, वहां विदेशी धरती पर श्रोता बेहद शांति से संगीत सुनते हैं, जबकि हमारे यहां कई बार ऐसा देखने को मिलता है कि प्रोग्राम के दौरान मोबाइल बज रहा है या दर्शक आपस में बातें कर रहे हैं। संगीत को सुनना भी अपने आप में एक कला है। कलाकार जितनी साधना से प्रस्तुति देता है, श्रोता से भी उतनी ही एकाग्रता की अपेक्षा होती है।
मैं केवल एक पारंपरिक गायिका ही नहीं हूं, बल्कि संगीत के क्षेत्र में नए प्रयोगों के लिए भी जानी जाती हूं। मैंने प्राचीन ‘ग्राम-मूच्र्छा पद्धति’ पर आधारित एक विशेष प्रयोगधर्मी परियोजना ‘राग भूपाली मूच्र्छा प्रोजेक्ट’ पर काम किया है। लंदन में 'ट्रांस ग्लोबल अंडरग्राउंड' के साथ मिलकर फ्यूजन शैली में शास्त्रीय संगीत का प्रदर्शन किया। मैं एक वाग्गेयकार भी हूं और मैंने प्राचीन संगीत की विभिन्न विधाओं में 100 से अधिक बंदिशों की रचना की है। इनमें शास्त्रीय बंदिशें (बड़ा ख्याल, छोटा ख्याल, तराना, सादरा, संस्कृत स्तोत्र) और उप-शास्त्रीय रचनाएं (ठुमरी, दादरा, होरी, भजन, गजल, गीत) शामिल हैं। कई बड़ी म्यूजिक कंपनियों के माध्यम से मेरी 20 से अधिक ऑडियो कैसेट और सीडी रिलीज हो चुकी हैं। इसके अलावा मैंने फीचर फिल्म 'भोभर' (2010) और टेलीफिल्म 'हंसुली' व 'बिटिया' में पाŸवगायन भी किया है।
संगीत में कोई शॉर्टकट नहीं होता। अगर आपको किसी भी क्षेत्र में आगे बढऩा है तो आपको रियाज करना ही होगा। खासतौर पर शास्त्रीय संगीत में सुर की साधना बेहद जरूरी है। केवल कुछ बंदिशें सीख लेने या मंच पर प्रस्तुति देने से कोई कलाकार नहीं बन जाता। इसके लिए वर्षों तक लगातार अभ्यास करना पड़ता है। संगीत में अच्छा गुरु मिलना भी बहुत जरूरी है। गुरु आपको केवल संगीत सिखाता ही नहीं, बल्कि आपकी कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने का रास्ता भी बताता है। वह आपको अनुशासन सिखाता है।
मेरा मानना है कि सीखने की प्रक्रिया कभी समाप्त नहीं होती। जिस दिन आपने यह सोच लिया कि आपने सब कुछ सीख लिया है और आप परफेक्ट हो गए हैं, उसी दिन आपका सीखना खत्म हो जाएगा। ऑनलाइन माध्यम और यूट्यूब से शुरुआती जानकारी जरूर मिल सकती है, लेकिन संगीत की गहराई, राग की बारीकियां और गायकी का अनुशासन समझने के लिए गुरु का मार्गदर्शन जरूरी है। ऑनलाइन माध्यम सहायक हो सकता है, लेकिन गुरु-शिष्य परंपरा का पूरा विकल्प नहीं बन सकता, क्योंकि साउंड ट्रैवल के समय में सुर की बारीकियां ठीक से समझ पाना संभव नहीं होता।
शिक्षण संस्थानों में संगीत सिखाने के समय को बढ़ाने की जरूरत है। संगीत कोई ऐसा विषय नहीं है, जिसे सप्ताह में कुछ घंटे पढ़ाकर पूरी तरह सिखाया जा सके। इसमें नियमित अभ्यास और निरंतर मार्गदर्शन की आवश्यकता होती है। इसके साथ ही संगीत सिखाने वाले शिक्षकों का स्तर भी अच्छा होना चाहिए। आज स्थिति यह है कि कुछ लोग अपने तानपुरे को ठीक से ट्यून भी नहीं कर पाते और संगीत सिखाने का काम कर रहे हैं, जो चिंता का विषय है। शिक्षक को सुर, लय, ताल और राग की समझ होनी चाहिए। अगर संस्थानों में योग्य शिक्षक और पर्याप्त समय मिले तो संगीत की शिक्षा का स्तर बेहतर हो सकता है।
आज टेलीविजन पर कई म्यूजिक रियलिटी शो आ रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में बच्चे और युवा हिस्सा लेते हैं। उन्हें मंच और लोकप्रियता मिलती है, लेकिन यह सोचने वाली बात है कि इनमें से कितने बच्चे आगे चलकर संगीत के क्षेत्र में अपनी जगह बना पाते हैं। ऐसे शो बच्चों के बचपन को भी प्रभावित करते हैं। अच्छे गायक और लोकप्रिय गायक में फर्क होता है। अच्छा गायक अपनी संगीत साधना में लगा रहता है। उसे इस बात से बहुत फर्क नहीं पड़ता कि कितने लोग उसे पसंद कर रहे हैं। दूसरी ओर, जरूरी नहीं कि जो गायक लोकप्रिय है, वह उतना ही अच्छा गायक भी हो। उसके पास लाइक्स हो सकते हैं, लेकिन लोकप्रियता और संगीत की गुणवत्ता हमेशा एक जैसी नहीं होतीं।
मैंने 1976 से 2015 तक राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर के संगीत विभाग में अपनी बहुमूल्य सेवाएं दीं और अंत में प्रोफेसर के रूप में वहां से सेवानिवृत्त हुई। इस दौरान मैंने विश्वविद्यालय में संगीत विभाग की अध्यक्ष और फाइन आट्र्स फैकल्टी की डीन के गरिमापूर्ण पदों पर भी कार्य किया। एक 'पीएच.डी. रिसर्च गाइड' के रूप में मैंने अनेक शोधार्थियों का मार्गदर्शन किया है। शिक्षक के रूप में मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि यही रही है कि मेरी क्लास में विद्यार्थी कभी अनुपस्थित नहीं रहे। मुझे आज भी याद है कि एक बार तेज बरसात हो रही थी, मुझे लगा था कि आज तो विद्यार्थी आएंगे ही नहीं, लेकिन ऐसा नहीं हुआ,तेज बरसात के बाद भी मेरे विद्यार्थी क्लास अटेंड करने पहुंच गए थे! मेरा मानना है कि एक सफल टीचर वही है, जिससे बच्चे डरे नहीं बल्कि उनका सम्मान करें।
संगीत के क्षेत्र में मेरे योगदान के लिए मुझे कई शीर्ष संस्थाओं और राजनेताओं द्वारा सम्मानित किया गया है। हाल ही में 19 मार्च 2026 को मुझे 'राजस्थान ब्रजभाषा अकादमी पुरस्कार (2026)' से नवाजा गया है। इसके अलावा राजस्थान संगीत नाटक अकादमी (2023-24), राज-गौरव सम्मान (तत्कालीन राज्यपाल प्रतिभा पाटिल द्वारा), शिक्षा रत्न अवॉर्ड (2008), वुमेन आइकन अवॉर्ड (2020), ठाकुर किशन सिंह अवार्ड (2019), लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड (त्रिधारा, भुवनेश्वर), डॉ. सुरेंद्र वर्मा मेमोरियल अवॉर्ड (2013) और मिर्जा गालिब सम्मान (2003) मिल चुके हैं। मुझे पुरस्कार पाकर बहुत अच्छा तब लगता है जब आपकी साधना को पहचाना जाता है, लेकिन मैं यह मानती हूं कि साधना कभी पुरस्कार के लिए नहीं की जाती। मेरे लिए संगीत हमेशा प्राथमिकता रहा है। कलाकार को अपना काम ईमानदारी से करते रहना चाहिए। मेरा जीवनभर यही मानना रहा है कि ‘लर्निंग कभी समाप्त नहीं होती।’ जिस दिन आपने यह सोच लिया कि आपने सब सीख लिया है और आप परफेक्ट हो गए हैं, उसी दिन आपका कलाकार रूप खत्म हो जाता है।
मेरा सपना है कि शास्त्रीय संगीत अपने मूल स्वरूप में आने वाली पीढिय़ों तक पहुंचे। इसके लिए जरूरी है कि बच्चों को छोटी उम्र से ही संगीत से जोड़ा जाए। स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में संगीत की अच्छी शिक्षा मिले। संगीत की खुशबू को हवा में बांधा नहीं जा सकता। उसकी खूबसूरती तभी है, जब वह लोगों तक पहुंचे और उनके जीवन का हिस्सा बने। आने वाली पीढिय़ां शास्त्रीय संगीत को उसके मूल स्वरूप, अनुशासन और गरिमा के साथ आगे बढ़ाएं,यही मेरी साधना का उद्देश्य और सपना है।