खास खबर

रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव: निवेशकों के लिए लैंड बैंक तैयार करा रहा प्रशासन, स्थानीय उद्यमियों को जोडऩे पर है जोर

इन्वेस्टर्स को सभी सुविधाएं मुहैया कराने व्यवस्था बना रहा प्रशासन, कार्यक्रम स्थल में डोम सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए पहुंची टीम

2 min read
Dec 28, 2024

शहडोल. रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव में निवेशकों व अन्य उद्यमियों के लिए प्रशासन समुचित व्यवस्था बनाने मे जुटा है। बाहर से यहां उद्योग स्थापित करने की मंशा से आने वाले उद्यमियों को पर्याप्त भूमि व आवश्यक सुविधा व संसाधन मुहैया हो इसके लिए जिला प्रशासन व उनकी टीम कार्य कर रही है। जिले में उपलब्ध शासकीय भूमि का सर्वे कराया जा रहा है, जिससे कि एक व्यवस्थित लैंड बैंक तैयार किया जा सके। ज्यादा से ज्यादा उद्यमी इस कॉन्क्लेव में शामिल हों और निवेश करें इसके लिए प्रशासनिक अधिकारी एक-एक कर सभी से संपर्क कर रहे हैं। कॉन्क्लेव की समुचित व्यवस्था देखने वाले अलग-अलग विभागों के साथ ही संबंधित कंपनियों की टीम भी शहडोल पहुंच अपने स्तर पर तैयारियां करने लगी है।

कार्यक्रम स्थल की नापजोख, तैयारी शुरू
जिला मुख्यालय से लगभग 10 किमी दूर इंजीनयरिंग कॉलेज में रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव होना है। इसके लिए तैयारियां शुरु हो गई हैं। डोम सहित अन्य तैयारियों को लेकर टीम ने नाप जोख कर पूरा कार्ययोजना तैयार कर रहे हैं। एमपीटी तथा सीआईआई कंपनी की टीम कार्यक्रम स्थल को लेकर पूरी व्यवस्था बनाने में जुट गई है।

नोडल ने नर्मदापुरम में समझी बारीकियां
रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव के लिए अरविंद शाह एसडीएम सोहागपुर को नोडल अधिकारी बनाया गया है। एसडीएम सोहागपुर अरविंद शाह नर्मदापुरम होकर आए हैं। वहां कॉन्क्लेव को लेकर की गई तैयारियों के संबंध में उन्होंने आवश्यक जानकारी जुटाई है। उसके आधार पर ही अब वह यहां समुचित व्यवस्था बनाने में जुटे हैं। विभागीय अधिकारी कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर वह कॉन्क्लेव की पूरी व्यवस्था बना रहे हैं।

दो तहसीलों में चल रहा सर्वे
एमपीआईडीसी के अधिकारियों की माने तो जिले के दो तहसीलों में लैंड बैंक के लिए राजस्व टीम सर्वे कर रही है। इनमें ब्यौहारी और जयसिंहनगर तहसील शामिल है। इन क्षेत्रों के लगभग 5 गांवों का सर्वे और किया जाना है। इसके बाद यहां उपलब्ध उपयुक्त भूमि की जानकारी उपलब्ध होगी।

उपयुक्त भूमि चिन्हित कर रही राजस्व टीम
निवेशकों को जमीन उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन लैंड बैंक तैयार करा रहा है। इसके लिए संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार, एसडीएम, आरआई व पटवारी की ड्यूटी लगाई गई है। राजस्व अमला भूमि का सर्वे कर उन्हे चिन्हित कर रहे हैं। क्षेत्र में उपलब्ध भूमि उद्योग स्थापित किया जा सकता है या नहीं, भूमि में कब्जा तो नहीं है, इन्वेस्टरों के लिए उपयुक्त है या नहीं, आस-पास समुचित संसाधन व सुविधाओं के साथ ही कनेक्टिविटी व अन्य मापदण्डो के अनुरूप भूमि को चिन्हित कर रहे हैं। अलग-अलग तहसीलों में उपलब्ध शासकीय भूमि का सर्वे कर उन्हे चिन्हित करेंगे और पूरा लैंड बैंक तैयार करेंगे, जिससे कि निवेशकों के सामने उपलब्ध भूमि की जानकारी रख सकें।

200 से अधिक स्टॉल, करा रहे पंजीयन
कार्यक्रम में निवेशकों के साथ उत्पादकों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। उत्पादकों को कार्यक्रम स्थल उत्पादों की प्रदर्शनी व बिक्री के लिए स्टॉल लगाने आमंत्रित किया जा रहा है। यहां लगभग 200 स्टॉल लगाए जाने की तैयारी है। इनमें ट्राइबल फूड के साथ लोकल उत्पादों को भी शामिल किया जाएगा।

एक-एक उद्यमियों से कर रहे संपर्क
कलेक्टर डॉ केदार सिंह, एसडीएम सोहागपुर अरविंद शाह के साथ ही अन्य प्रशासनिक अधिकारी एक-एक उद्यमी से संपर्क कर रहे हैं। उद्यमियों को कॉन्क्लेव में शामिल होने व उन्हें निर्वेश करने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। इसके अलावा स्थानीय इन्वेस्टरों को भी ज्यादा से इन्वेस्ट करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इनका कहना है
उद्यमियों से निरंतर संपर्क कर रहे हैं। अलग-अलग विभागों की टीम भी शहडोल पहुंच रही है। कार्यक्रम स्थल के साथ ही अन्य तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। पोर्टल पर उद्यमियों के साथ ही उत्पादकों के लिए पंजीयन भी प्रारंभ हो गया है।
डॉ केदार सिंह, कलेक्टर शहडोल

Published on:
28 Dec 2024 12:08 pm
Also Read
View All

अगली खबर