खास खबर

कई रूपों में उपयोगी बेनटोनाइट क्ले

बालों, त्वचा और सेहत को हेल्दी बनाने के लिए अगर आप किसी नेचुरल प्रोडक्ट की तलाश में हैं तो बेनटोनाइट क्ले का प्रयोग करें।
2 min read
May 19, 2018
skin care
कई रूपों में उपयोगी बेनटोनाइट क्ले

बेनटोनाइट एक प्रकार की क्ले होती है, जो वॉल्केनिक ऐश होती है। यह कई सालों की प्रक्रिया के बाद बनती है। मार्केट में यह पाउडर के रूप में मिलती है। मुलायम और गंध रहित यह पाउडर कई तरह की खूबियों से भरपूर होता है। रोगों की रक्षा करने के लिए यह क्ले सदियों से चिकित्सा जगत में प्रयोग में ली जाती है। एंडीज, मध्य अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के क्षेत्रों में रहने वाली कई पारंपरिक संस्कृतियों में सदियों से इस उपयोगी मिट्टी को रोगों के इलाज में प्रयोग किया जाता रहा है। इसे बालों को हेल्दी बनाने और त्वचा रोगों में भी बहुत उपयोगी माना गया है।
बालों के लिए उपयोगी : बालों को हेल्दी बनाने के लिए अगर आप किसी नेचुरल उत्पाद की तलाश में हैं तो बेनटोनाइट हेयर मास्क का प्रयोग करें। जब इसे बालों में प्रयोग किया जाता है तो यह बालों को हेल्दी बनाने के साथ-साथ डैमेज टिश्यूज को रिपेयर करने का काम करता है। इससे रूखे बालों में जान आ जाती है। इससे दो मुंहे और बालों के झडऩे में भी कमी आती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि यह बालों की स्कैल्प पर जमी गंदगी व पसीने को हटाकर नेचुरल ऑयल को रिलीज करने का काम करती है।
क्लींजिंग मास्क : सामग्री: बेनटोनाइट क्ले-एक कप, पानी-एक एक कप, सेब का सिरका-1/२ कप, बाउल और एक चम्मच।
प्रयोग की विधि: एक बाउल में बेनटोनाइट क्ले डालें। इसमें आधा कप पानी मिलाएं और चम्मच की सहायता से मिक्स कर लें। इसमें सिरका मिलाकर एक पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को बालों की जड़ों में अच्छी तरह से लगाएं। जब यह सूखने लगे या आधे घण्टे के बाद बालों में शैंपू कर लें। ध्यान रहे कि यह मास्क बालों से अच्छी तरह निकल जाए वरना आपको डैंड्रफ की समस्या हो सकती है।
इन बातों का ध्यान रहे : सेब के सिरके के अलावा आप इसमें ऐलोवेरा का जैल, शहद, जैतून का तेल या एसेंशियल ऑयल की कुछ बूंदें मिला सकती हैं। आप अपने बालों की लंबाई के आधार पर सामग्री को कम या ज्यादा भी कर सकती हैं। बेनटोनाइट क्ले का उपयोग करते समय धातु के कंटेनर या बरतनों का प्रयोग करने से बचना चाहिए। किसी भी प्रकार की धातु, इस क्ले से रिएक्शन करके आपके बालों को नुकसान पहुंचाने का काम कर सकती है इसलिए केवल लकड़ी, प्लास्टिक या ग्लास का बाउल और चम्मच का प्रयोग करें।

Published on:
19 May 2018 11:30 am