खास खबर

Weather News : तपते चूरू पर मेहरबान हुए बादल, लू के बीच राहत की फुहार

भीषण गर्मी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने स्कूलों का समय एक घंटा पहले कर दिया, जिससे बच्चों की छुट्टी दोपहर 12 बजे हो गई। इससे अभिभावकों को बड़ी राहत मिली।
2 min read
Apr 28, 2026
Feature image

चूरू. वैशाख के उतरार्द्ध में जहां एक ओर दिनभर तेज धूप और लू ने लोगों को झुलसा दिया, वहीं शाम ढलते ही मौसम ने करवट लेकर राहत की फुहारें बिखेर दीं। सोमवार शाम करीब सवा 6 बजे शुरू हुई हल्की बूंदाबांदी ने तपती धरती और गर्म हवाओं से परेशान आमजन को कुछ सुकून दिया। दिन में अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह थोड़ी राहत भरी रही, लेकिन सूरज चढ़ते ही गर्मी ने अपने तेवर दिखा दिए। दोपहर की चिलचिलाती धूप और उष्ण लहर के चलते लोग घरों में दुबकने को मजबूर रहे।

स्कूल टाइमिंग में बदलाव से राहत
भीषण गर्मी को देखते हुए शिक्षा विभाग ने स्कूलों का समय एक घंटा पहले कर दिया, जिससे बच्चों की छुट्टी दोपहर 12 बजे हो गई। इससे अभिभावकों को बड़ी राहत मिली।

शाम को छाए बादल, हल्की बारिश
शाम होते-होते आसमान में घने बादल छा गए और हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई। हालांकि बारिश ज्यादा नहीं हुई, लेकिन बादलों की मौजूदगी से मौसम सुहावना बना रहा।

सरदारशहर में आंधी का असर
सरदारशहर में तेज आंधी और हल्की बारिश ने लोगों को राहत दी, लेकिन धूलभरी आंधी से कुछ समय के लिए जनजीवन प्रभावित रहा। बाजारों में दुकानदारों को सामान समेटना पड़ा और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई।

सुजानगढ़ में भी बूंदाबांदी
सुजानगढ़ में दोपहर की गर्मी के बाद शाम करीब चार बजे हल्की बारिश हुई। तेज हवाओं के साथ आई बूंदाबांदी ने मौसम को खुशनुमा बना दिया।

सादुलपुर में कड़की बिजली, बरसे मेघ
सादुलपुर क्षेत्र में शाम को अचानक मौसम बदला। धूलभरी आंधी, बिजली की कड़क और हल्की बारिश ने वातावरण को ठंडा कर दिया। ग्रामीण इलाकों में भी मेघगर्जन के साथ बूंदाबांदी का दौर चला।

सांखू फोर्ट में भी बदला मौसम
सांखू फोर्ट क्षेत्र में शाम पांच बजे बाद काले बादल छा गए और तेज आंधी के साथ हल्की बारिश शुरू हुई, जो देर रात तक रुक-रुक कर जारी रही।

मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम केन्द्र के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 1 मई तक पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में मेघगर्जन, तेज हवाएं और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। कुल मिलाकर, भीषण गर्मी के बीच आई इन राहत भरी फुहारों ने लोगों को थोड़ी राहत जरूर दी, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम के और भी रंग देखने को मिल सकते हैं।

Updated on:
28 Apr 2026 12:56 pm
Published on:
28 Apr 2026 12:56 pm