21 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Churu Sabhapati Chunav: BJP की बल्ले-बल्ले, विनय गोयनका बने सभापति; इन दो निकायों में भी मिली जीत

Churu Nagar Parishad Election Result: चूरू नगर परिषद चुनाव में भाजपा के विनय गोयनका नए सभापति चुने गए हैं। वहीं बीदासर में सुमन प्रजापत और सरदारशहर में अनिता ने जीत दर्ज की। इसके साथ ही जिले की तीन प्रमुख निकायों में भाजपा ने जीत का परचम लहराया।
2 min read
Google source verification

चूरू

image

Harshita Saini

Sep 21, 2026

churu nagar parishad result

भाजपा के विनय गोयनका (Photo-Patrika)

चूरू। नगर परिषद सभापति चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। आज सोमवार को हुए मतदान के बाद मतगणना पूरी चुकी है। सभापति पद के लिए भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला था, जिसमें भाजपा ने बाजी मारी है। चुनाव परिणाम के साथ ही नगर परिषद में बोर्ड गठन की तस्वीर भी साफ हो गई है। भाजपा के विनय गोयनका ने कांग्रेस प्रत्याशी संजय भाटी को हराकर सभापति पद पर जीत दर्ज की है।

बीजेपी ने बनाया दबदबा

चुनावी परिणामों के अनुसार, विनय गोयनका को 34 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के संजय भाटी के पक्ष में सिर्फ 26 पार्षदों ने ही वोट दिया। इस जीत के साथ ही चूरू नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बन गया है। परिणाम सामने आने के बाद भाजपा खेमे में खुशी का माहौल है।

बता दें कि चूरू जिले की 11 नगर निकायों में आज सोमवार को अध्यक्ष और सभापति पद के लिए चुनाव प्रक्रिया हुई। इनमें चूरू, सुजानगढ़ और सरदारशहर नगर परिषद के सभापति पद शामिल रहे। इसके अलावा जिले की आठ नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद के लिए मतदान हुआ।

बीदासर और सरदारशहर में भी बीजेपी की जीत

चूरू नगर परिषद के बाद जिले की बीदासर नगर पालिका और सरदारशहर नगर परिषद में भी भाजपा ने जीत दर्ज की है। बीदासर में भाजपा की सुमन प्रजापत ने अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। सुमन प्रजापत को कुल 19 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी सोना देवी को 15 वोट मिले। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी सरिता सिंघी के खाते में 1 वोट आया। इस तरह सुमन प्रजापत ने कांग्रेस प्रत्याशी को 4 वोट से हराकर अध्यक्ष पद अपने नाम किया।

वहीं सरदारशहर नगर परिषद में भाजपा की अनिता ने सभापति पद का चुनाव जीत लिया। सरदारशहर में सभापति पद महिला के लिए आरक्षित था। यहां भाजपा की अनिता वर्मा, कांग्रेस की मोनिका सैनी के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी सरला, डिम्पल राजपूत और आईना खान चुनाव मैदान में थीं। चुनाव परिणाम में भाजपा प्रत्याशी अनिता ने जीत दर्ज कर नगर परिषद की कमान अपने हाथ में ले ली।

22 सितंबर को उपसभापति का चुनाव

नगर परिषद चूरू में अब उपसभापति पद के लिए चुनाव 22 सितंबर को होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच और जरूरत पड़ने पर मतदान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के इंतजाम किए हैं।