खास खबर

दुनिया का सबसे सस्ता घर महज एक डॉलर में बिक रहा

घर के विज्ञापन में इसे रियल स्टेट एडवेंचर का टिकट बताया गया है, जिसे खरीदने के लिए देशी ही नहीं बल्कि विदेशी खरीदारों ने भी इच्छा जाहिर की है। साथ ही कई सोशल मीडिया इंफ्ल्यूएंसर्स की निगाहें भी इस पर टिकी हुई हैं।

2 min read
Aug 20, 2023
दुनिया का सबसे सस्ता घर महज एक डॉलर में बिक रहा

वाशिंगटन। अमरीका के मिशिगन में स्थित दो बेडरूम का घर महज एक डॉलर (83.16 रुपए) में बिकने के लिए तैयार है। इसे दुनिया का सबसे सस्ता घर कहा जा रहा है। रैंच शैली (खासतौर से सिंगल स्टोरी में तैयार) में बना यह घर इससे पहले पिछले साल 4,092 डॉलर (लगभग तीन लाख रुपए) में बिका था। इच्छुक खरीदार इसे लेने के लिए 23 अगस्त सुबह 10 बजे तक अपना ऑफर पेश कर सकते हैं। घर के विज्ञापन में इसे रियल स्टेट एडवेंचर का टिकट बताया गया है, जिसे खरीदने के लिए देशी ही नहीं बल्कि विदेशी खरीदारों ने भी इच्छा जाहिर की है। साथ ही कई सोशल मीडिया इंफ्ल्यूएंसर्स की निगाहें भी इस पर टिकी हुई हैं।

क्रेजी डील के जरिए ध्यान खींचने की कवायद:

घर को बेचने वाले एजेंट क्रिस्टोफर हुबेल असल में इस क्रेजी ऑफर के जरिए ग्राहकों का ध्यान आकर्षित कर डील को लगभग 45-50 हजार डॉलर में पूरा करना चाहते हैं। उनकी यह तरकीब काम भी करने लगी है क्योंकि रियल स्टेट साइट पर लिस्टिंग होने के तीन दिन बाद से 1.43 लाख यूजर्स इस प्रॉपर्टी को देख चुके हैं और पांच हजार से अधिक ने इसे सेव भी किया है। हुबेल का कहना है कि उन्हें अब तक घर के लिए लगभग 200 ऑफर मिल चुके हैं, जिसमें सबसे ऊंची बोली लगाने वाले ने 30 हजार डॉलर से अधिक की पेशकश की है।

खरीदार को मरम्मत पर खर्च करना होगा काफी धन:

यह घर 1956 में बनकर तैयार हुआ था, जो 724 वर्ग फीट में फैला है। कई सालों तक यह घर खाली रहा है। घर के आसपास रहने वाले पड़ोसियों का कहना है कि कुछ दिनों से उनके इलाके में काफी तादाद में लोग आने लगे हैं, जो इसे खरीदना चाहते हैं। हालांकि यहां रहना इतना भी आसान नहीं होगा क्योंकि घर की दीवारों, छत और फर्श आदि को काफी मरम्मत की जरूरत है। यदि कोई खुद से घर का रेनोवेशन कराएगा तो इसमें लगभग 20 हजार डॉलर का खर्च आएगा। जबकि इस काम के लिए किसी फर्म को नियुक्त करने पर लगभग 45,000 डॉलर तक का खर्च आ सकता है। फेडरल रिजर्व बैंक के अनुसार अमरीका में घर की औसतन कीमत लगभग पांच लाख डॉलर के आसपास होती है।

इटली के कई शहर करते रहे हैं ऐसी पेशकश:

प्रॉपर्टी को लेकर इस तरह के सस्ते ऑफर की पेशकश अक्सर इटली के शहरों में होती रही है। जिनका उद्देश्य छोटे ग्रामीण इलाकों में वीरान पड़े घरों या आबादी को वहां फिर से बसाना होता है। यह विचार वास्तव में 2008 में सामने आया, जब दक्षिणी सिसिली के एक शहर के मेयर ने पहली बार इसे आजमाया था। हालांकि एक यूरो में बिकने वाली इन प्रॉपर्टीज को अक्सर रेनोवेट कराने में खरीदार को काफी धन खर्च करना पड़ता है। कई बार खरीदार को बिजली और पानी जैसी सुविधाओं के लिए भी परेशानी उठानी पड़ती है।

यहां से हुई खरीदने की पेशकश

Published on:
20 Aug 2023 11:55 am
Also Read
View All