
IAS नीलम मीणा (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)
सवाई माधोपुर। जिले के बामनवास उपखंड क्षेत्र के कोयला गांव की बेटी और 1998 बैच की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी नीलम मीणा को पश्चिम बंगाल का नया मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है। चुनाव आयोग ने राज्य सरकार को पत्र जारी कर उनकी नियुक्ति की जानकारी दी है। इस नियुक्ति के बाद उनके पैतृक गांव कोयला सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। सोशल मीडिया पर लोग लगातार बधाई संदेश साझा कर रहे हैं और क्षेत्र की बेटी को मिली इस बड़ी जिम्मेदारी पर प्रसन्नता जता रहे हैं।
नीलम मीणा को यह जिम्मेदारी ऐसे समय सौंपी गई है, जब पश्चिम बंगाल में चुनावी व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत एवं पारदर्शी बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इससे पहले यह पद मनोज कुमार अग्रवाल के पास था। उनके राज्य के मुख्य सचिव बनने के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी का पद रिक्त हो गया था। इसके बाद चुनाव आयोग ने नीलम मीणा के नाम पर मुहर लगाई।
जानकारी के अनुसार बंगाल सरकार ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पद के लिए तीन वरिष्ठ अधिकारियों के नाम चुनाव आयोग को भेजे थे। चुनाव आयोग ने अनुभव और प्रशासनिक क्षमता को ध्यान में रखते हुए नीलम मीणा का चयन किया।
नीलम मीणा पश्चिम बंगाल कैडर की 1998 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। उनका जन्म 5 फरवरी 1970 को हुआ था। उन्होंने बीएससी और एमए की शिक्षा प्राप्त की है। वर्तमान में वे 19 फरवरी 2024 से पश्चिम बंगाल सरकार के उपभोक्ता मामले विभाग में प्रमुख सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें प्रशासनिक सेवा में करीब 28 वर्षों का अनुभव है।
अपने लंबे प्रशासनिक करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। वे प्रमुख सचिव, सचिव, निदेशक, जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, संयुक्त सचिव, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, अतिरिक्त निदेशक, उपखंड अधिकारी और सहायक मजिस्ट्रेट जैसे कई अहम पदों पर सेवाएं दे चुकी हैं।
हाल ही में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान भी नीलम मीणा ने चुनावी प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। मतदान केंद्रों पर निगरानी व्यवस्था, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और चुनाव आयोग के कंट्रोल रूम से जुड़े कार्यों में उन्होंने अहम जिम्मेदारी निभाई थी। प्रशासनिक हलकों में माना जा रहा है कि चुनावी प्रबंधन और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए ही उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
चुनाव आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पद पर रहते हुए नीलम मीणा कोई अतिरिक्त सरकारी प्रभार नहीं संभालेंगी, ताकि चुनाव संबंधी कार्य पूरी निष्पक्षता और स्वतंत्रता के साथ संचालित किए जा सकें।
Updated on:
26 May 2026 07:50 pm
Published on:
26 May 2026 07:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
