खेल

Australian Open 2025: भारत के एन श्रीराम बालाजी और उनके मैक्सिकन जोड़ीदार ने दूसरे दौर में किया प्रवेश

Australian Open 2025: ऑस्ट्रेलियन ओपन 2025 से अब तक रोहन बोपन्ना, युकी भांबरी और ऋत्विक बोलिपल्ली पुरुष युगल स्पर्धा से बाहर होने वाले तीसरे भारतीय बन गए।

2 min read

Australian Open 2025: भारत के एन श्रीराम बालाजी और उनके मैक्सिकन जोड़ीदार मिगुएल एंजेल रेयेस-वरेला ने गुरुवार को रॉबिन हासे और एलेक्जेंडर नेडोवेसोव को सीधे सेटों में हराकर ऑस्ट्रेलियाई ओपन पुरुष युगल स्पर्धा के दूसरे दौर में प्रवेश किया। एन. श्रीराम बालाजी और मिगुएल एंजेल रेयेस-वरेला की इंडो-मैक्सिकन जोड़ी ने अपने शुरुआती पुरुष युगल मैच में डच-कजाख जोड़ी को एक घंटे से भी कम समय में 6-4, 6-3 से हराया।

बालाजी और रेयेस-वरेला ने बेहतरीन निरंतरता और दमखम दिखाया, उन्होंने अपने विरोधियों के 16 के मुकाबले 23 विनर्स लगाए। पहले सेट के छठे गेम में सर्विस तोड़ने के बाद, अगले गेम में उनकी सर्विस भी टूट गयी, लेकिन 10वें गेम में निर्णायक बैकहैंड विनर के साथ नियंत्रण हासिल कर सेट अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में, हासे और नेडोवेसोव की एक महत्वपूर्ण अनफोर्स्ड गलती ने बालाजी और रेयेस-वरेला को आठवें गेम में ब्रेक दिया, जिसका फायदा उठाकर उन्होंने सेट और मैच को आसानी से जीत लिया।

भारतीय स्टार्स हो चुके हैं बाहर

दूसरी तरफ, रोहन बोपन्ना और युकी भांबरी के बाद ऋत्विक बोलिपल्ली पुरुष युगल स्पर्धा से बाहर होने वाले तीसरे भारतीय बन गए। बोलिपल्ली और उनके अमेरिकी जोड़ीदार रयान सेगरमैन फिनलैंड के हैरी हेलियोवारा और यूके के हेनरी पैटन की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी से 6-7, 1-6 से हार गए। इससे पहले पूर्व विश्व नंबर 1 रोहन बोपन्ना और उनके नए कोलंबियाई जोड़ीदार निकोलस बैरिएंटोस पहले दौर में बाहर हो गए थे। इंडो-कोलंबियाई खिलाड़ी को एक घंटे और 54 मिनट तक चले मुकाबले में स्पेनिश जोड़ी पेड्रो मार्टिनेज और जैम मुनार से 5-7, 6-7 (5) से हार का सामना करना पड़ा।

बोपन्ना ने 2024 में ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू एबडेन के साथ सीजन का पहला ग्रैंड स्लैम जीता, एक ऐतिहासिक जीत हासिल की क्योंकि वह 43 साल की उम्र में ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले ओपन युग में सबसे उम्रदराज व्यक्ति बन गए। हालांकि, बोपन्ना-एबडेन की साझेदारी पिछले साल नवंबर में ट्यूरिन एटीपी फाइनल के बाद समाप्त हो गई, और भारतीय दिग्गज ने इस साल कोलंबिया के बैरिएंटोस के साथ जोड़ी बनाई। बोपन्ना और एबडेन की दो साल की सफल साझेदारी रही, जिसके दौरान उन्होंने पिछले साल ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता, साथ ही 2023 में इंडियन वेल्स में एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब और 2024 में मियामी ओपन जीता। इंडो-ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी 2024 में फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में भी पहुंची और युगल में नंबर 1 रैंकिंग पर पहुंच गई।

Published on:
16 Jan 2025 03:15 pm
Also Read
View All

अगली खबर