खेल

Australian Open 2025: पूर्व नंबर एक टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना को लगा झटका, ऑस्ट्रेलियन ओपन के पहले दौर से हुए बाहर

Australian Open 2025: भारत के दिग्गज डबल्स टेनिस प्लेयर रोहन बोपन्ना को ऑस्ट्रेलियन ओपन 2025 के पहले ही मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।

2 min read

Rohan Bopanna in Australian Open 2025: पूर्व विश्व नंबर 1 और भारत के दिग्गज टेनिस स्टार रोहन बोपन्ना और उनके नए कोलंबियाई जोड़ीदार निकोलस बैरिएंटोस मंगलवार को ऑस्ट्रेलियाई ओपन में मेंस डबल्स के पहले दौर से बाहर हो गए। इंडो-कोलंबियाई खिलाड़ी को एक घंटे और 54 मिनट तक चले मुकाबले में स्पेनिश जोड़ी पेड्रो मार्टिनेज और जैम मुनार से 5-7, 6-7 (5) से हार का सामना करना पड़ा। बोपन्ना ने 2024 में ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू एबडेन के साथ सीजन का पहला ग्रैंड स्लैम जीता, एक ऐतिहासिक जीत हासिल की क्योंकि वह 43 साल की उम्र में ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले ओपन युग में सबसे उम्रदराज व्यक्ति बने।

हालांकि, बोपन्ना-एबडेन की साझेदारी पिछले साल नवंबर में ट्यूरिन एटीपी फाइनल के बाद समाप्त हो गई, और भारतीय दिग्गज ने इस साल कोलंबिया के बैरिएंटोस के साथ जोड़ी बनाई। बोपन्ना और एबडेन की दो साल की सफल साझेदारी रही, जिसके दौरान उन्होंने पिछले साल ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता, साथ ही 2023 में इंडियन वेल्स में एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब और 2024 में मियामी ओपन जीता। इंडो-ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी 2024 में फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में भी पहुंची और युगल में नंबर 1 रैंकिंग पर पहुंच गई।

रविवार को सुमित नागल को मिली थी हार

इससे पहले, मेलबर्न में एकमात्र भारतीय एकल टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल भी रविवार को मेलबर्न पार्क में पुरुष एकल स्पर्धा के पहले दौर में चेक गणराज्य के टॉमस माचैक से हारकर बाहर हो गए। एटीपी एकल रैंकिंग में 91वें स्थान पर काबिज 27 वर्षीय नागल अपने विश्व नंबर 25 प्रतिद्वंद्वी से दो घंटे पांच मिनट में 6-3, 6-1, 7-5 से हार गए। इस बीच, बोपन्ना की हार के बावजूद युगल स्पर्धा में भारतीयों की दिलचस्पी बनी हुई है क्योंकि अन्य भारतीय खिलाड़ी युकी भांबरी फ्रांस के अल्बानो ओलिवेटी के साथ, एन श्रीराम बालाजी मैक्सिको के मिगुएल एंजेल रेयेस-वरेला के साथ और ऋत्विक बोलिपल्ली यूएसए के रयान सेगरमैन के साथ मिलकर बुधवार को अपना युगल अभियान शुरू करेंगे।

इस सीजन अब तक कई बड़े उलटफेर हो चुके हैं। सोमवार को सितसिपास भी पहले दौर में हारकर बाहर हुए थे। नोवाक जोकोविक और सेबालेंका पहले राउंड के अपने अपने मैच जीतकर दूसरे राउंड में पहुंच गई हैं। दोनों खिलाड़ी इस खिताब के दावेदारों में शामिल हैं। सर्बिया के स्टार टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविक 10 बार ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीत चुके हैं। उन्होंने 2023 में आखिरी बार यह खिताब जीता था और इस बार फिर से यह खिताब जीतने की ओर बढ़ रहे हैं।

Published on:
14 Jan 2025 02:33 pm
Also Read
View All

अगली खबर