
फैसल खान (फोटो- ICC)
IND U19 vs AFG U19, U19 World Cup 2026: अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले में पहुंचने के लिए भारतीय टीम को 311 रन बनाने होंगे। दूसरे सेमीफाइनल में अफगानिस्तान की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 310 रन बना दिए। इस दौरान फैसल खान ने 110 रन की शानदार पारी खेली, जबकि उज़ैरुल्लाह नियाज़ी ने 86 गेंदों पर नाबाद 101 रन बनाए। इन दोनों बल्लेबाजों के शतकों की बदौलत अफगानिस्तान ने दूसरे सेमीफाइनल में अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली है।
हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे भारत और अफगानिस्तान के बीच मुकाबले में अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी रही और ओसमान सादात व खालिद अहमदजई ने अर्धशतकीय साझेदारी की। इसके बाद फैसल सीनोज़ादा ने ओसमान सादात के साथ मिलकर टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। ओसमान सादात 39 रन बनाकर आउट हुए, हालांकि उन्होंने 70 गेंदों का सामना किया।
इसके बाद फैसल सीनोज़ादा और उज़ैरुल्लाह नियाज़ी ने मिलकर अफगानिस्तान को 200 रन के पार पहुंचा दिया। इसी दौरान फैसल ने अपना शतक भी पूरा किया। 93 गेंदों में 15 चौकों की मदद से 110 रन का सामना किया। फैसल सीनोज़ादा अब तक इस टूर्नामेंट में 400 से अधिक रन बना चुके हैं। इससे पहले वह इसी वर्ल्ड कप में 163 रन की शानदार पारी भी खेल चुके हैं।
फैसल के शतक के बाद उज़ैरुल्लाह नियाज़ी ने भी शतक ठोक दिया। उन्होंने 86 गेंदों में 12 चौके और 2 छक्कों की मदद से 101 रन की नाबाद पारी खेली। भारत के लिए दिपेश दिपेंद्रन और कनिष्क चौहान ने 2-2 विकेट चटकाए। इसके अलावा कोई भी गेंदबाज प्रभावित नहीं कर पाया। अब भारतीय टीम के फाइनल खेलने के उम्मीदें वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे, अभिज्ञान कुंडू और विहान मलहोत्रा पर टिकी है। अगर टीम इंडिया को जीतना है, तो इनमें से किसी एक बल्लेबाज को अंत तक खड़ा रहना होगा।
Updated on:
04 Feb 2026 05:45 pm
Published on:
04 Feb 2026 04:16 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
