
Commonwealth Cue Sports Championships 2026: कॉमनवेल्थ क्यू स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 में भारत ने तीन स्वर्ण, पांच रजत और पांच कांस्य सहित कुल 13 पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। शनिवार को वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में संपन्न हुई इस चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों ने स्नूकर, इंग्लिश बिलियर्ड्स और हेयबॉल सहित विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। पदक वितरण समारोह में भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष डॉ. पीटी उषा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
भारत के लिए आदित्य स्नेहल मेहता ने पुरुष स्नूकर में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने फाइनल में भारत के ही ध्वज हरिया को 3-0 से हराया। महिला इंग्लिश बिलियर्ड्स में अनुपमा रामचंद्रन ने हमवतन रेवन्ना उमादेवी को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पुरुष इंग्लिश बिलियर्ड्स में रयान रज्मी ने सिद्धार्थ सेलश पारिख को हराकर भारत को तीसरा स्वर्ण दिलाया। पुरुष स्नूकर में ध्वज हरिया को रजत, जबकि लक्ष्मण सिंह रावत ने कांस्य पदक जीता। महिला स्नूकर में कीर्तना पांडियन ने रजत पदक हासिल किया। फाइनल में उन्हें ग्रेट ब्रिटेन की रेबेका केन्ना से 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। इशिका शाह और श्रुति लक्ष्मीनारायणन ने कांस्य पदक जीते।
महिला इंग्लिश बिलियर्ड्स में उमादेवी को रजत पदक मिला। पुरुष हेयबॉल में पारस गुप्ता ने रजत और उजैर खान ने कांस्य पदक हासिल किया। फाइनल में पारस को दक्षिण अफ्रीका के जेसन थेरॉन से 5-6 से हार मिली। पुरुष 10-बॉल पूल में भारत की दिव्या शर्मा ने कांस्य पदक जीता। अन्य स्पर्धाओं में ग्रेट ब्रिटेन ने महिला स्नूकर, पुरुष ब्लैकबॉल और पुरुष 10-बॉल पूल के खिताब जीते। ऑस्ट्रेलिया ने महिला 10-बॉल पूल में स्वर्ण पदक हासिल किया, जबकि महिला ब्लैकबॉल में युगांडा की नैगा रुकिया विजेता बनीं। महिला हेयबॉल का खिताब ग्रेट ब्रिटेन की केली फिशर ने जीता।
चार दिन तक चली इस चैंपियनशिप में 40 से अधिक देशों के 144 खिलाड़ियों ने इंग्लिश बिलियर्ड्स, स्नूकर, हेयबॉल, 10-बॉल पूल और ब्लैकबॉल स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। भारत में पहली बार इन सभी विधाओं की संयुक्त कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप आयोजित की गई। यह आयोजन बिलियर्ड्स एंड स्नूकर फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीएसएफआइ ) के शताब्दी समारोह का भी प्रमुख हिस्सा रहा। भारत के 13 पदकों ने विभिन्न क्यू स्पोर्ट्स स्पर्धाओं में देश की मजबूती दिखाई।