
FIFA Data Leak: दुनिया में फुटबॉल की सबसे बड़ी संस्था FIFA पर साइबर हमला हुआ है। हैकर्स ने संस्था के कंप्यूटर सिस्टम में सेंध लगाकर निजी और कारोबारी जानकारी तक अनधिकृत पहुंच बना ली है। FIFA ने गुरुवार को इस हमले की पुष्टि करते हुए इसे निजता का गंभीर उल्लंघन बताया है। यह मामला सबसे पहले तब सामने आया जब एक हैकिंग ग्रुप ने अपने पास FIFA का डेटा होने का दावा किया था। अब FIFA ने भी पुष्टि कर दी है कि उसका डेटा लीक हुआ है।
इस मामले हैंडसम बॉय हैकिंग क्लब का नाम सामने आया है। दरअसल, इस ग्रुप ने फिछले हफ्ते सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए दावा किया कि उसके पास FIFA की कुछ निजी फाइलें हैं। इसके बाद एक अन्य पोस्ट का रिप्लाई देते हुए इस ग्रुप ने FIFA पर साइबर अटैक की जिम्मेदारी लेने की जानकारी दी।
उसी पोस्ट में दावा किया गया कि FIFA का करीब 12 GB डेटा लीक हुआ है और डेटा में कंपनी की जानकारी के आंतरिक दस्तावेज शामिल हैं। हालांकि अभी तक FIFA ने यह नहीं बताया कि हमला कब हुआ, कितने लोग या संगठन इससे प्रभावित हुए हैं और कौन-कौन सी जानकारियां हैकर्स के हाथ लगी हैं।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, FIFA के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस साइबर हमले में कंपनी की जानकारी का एक सीमित हिस्सा ही लीक हुआ है। रिपोर्ट में बताया गया है कि FIFA के मौजूदा कुल डेटा का करीब 0.1 फीसदी डेटा ही प्रभावित हुआ है। इसके साथ ही यह जानकारी भी सामने आई है कि FIFA के बंद हो चुके 'FIFA फॉरवर्ड एंटरप्राइज' प्रोजेक्ट की कोई भी फाइल हैकर्स के हाथ नहीं लगी।
यह साइबर हमला ऐसे समय में हुआ है, जब FIFA के अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो पहले से जांच के दायरे में है। FIFA वर्ल्ड कप में निजी निवेशकों को हिस्सेदारी बेचने की एक विवादित योजना के चलते उन्हें कड़ी आलोचना और जांच का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, बढ़ते विवाद के बाद इन्फेंटिनो ने जुलाई में इस योजना को छोड़ने की घोषणा की थी।