
Deepak Punia: भारतीय रेसलर दीपक पूनिया ने शनिवार को जारी एशियन में पुरुषों के 97 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती वर्ग में भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीता।दीपक ने मंगोलिया के गनखुयाग गनबातर को 2-1 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इसके साथ ही भारत ने एशियन गेम्स में पुरुषों के 97 किग्रा फ्रीस्टाइल वर्ग में 60 साल बाद पदक जीता। इससे पहले 1966 के एशियाई खेलों में भीम सिंह ने इस वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।
पुरुषों की 74 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती के कांस्य पदक मुकाबले में सागर जगलान को कजाकिस्तान के तीन बार के विश्व पदक विजेता नूरकोझा काइपानोव ने 30 सेकंड के भीतर ही पिन कर दिया। इस हार के साथ सागर ब्रॉन्ज मेडल से चूक गए। दूसरी ओर, अमन सहरावत ने शनिवार को पुरुषों की 57 किग्रा फ्रीस्टाइल कुश्ती में स्वर्ण पदक जीत लिया। उन्होंने फाइनल में उत्तर कोरिया के चोंग सोंग हान को हराकर शानदार प्रदर्शन किया।
अमन ने फाइनल की शुरुआत रक्षात्मक अंदाज में की और हान के लगातार बाएं पैर पर किए गए हमलों का सफलतापूर्वक बचाव किया। शुरुआती दौर में मुकाबला बिना स्कोर के रहा। इसके बाद अमन को पैसिविटी की चेतावनी मिली और उन्हें एक अंक गंवाना पड़ा। हालांकि, उन्होंने तुरंत वापसी करते हुए टेकडाउन से अपना खाता खोला। ब्रेक से पहले अमन ने एक और शानदार टेकडाउन किया और 4-1 की बढ़त बना ली।
दूसरे पीरियड की शुरुआत में अमन ने एक और बेहतरीन टेकडाउन के साथ अपनी बढ़त 6-1 कर दी। हालांकि, घुटने की चोट से जूझते नजर आ रहे हान ने जोरदार वापसी की। उत्तर कोरियाई पहलवान ने एक टेकडाउन और रोल के जरिए तेजी से छह अंक जुटाए और अमन की 6-1 की बढ़त को 7-6 की बढ़त में बदल दिया। मुकाबला हाथ से निकलता देखकर अमन ने निर्णायक चार अंकों की चाल चली। उन्होंने टेकडाउन से दो और रोल से दो अंक हासिल किए तथा 10-7 की बढ़त फिर से अपने नाम कर ली।
इसके बाद हान की असफल चुनौती के कारण अमन को एक अतिरिक्त अंक मिला। उन्होंने अंत तक बढ़त बनाए रखी और मुकाबला जीतकर एशियन गेम्स 2026 का गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। यह भारत का इन एशियन गेम्स रेसलिंग का दूसरा गोल्ड मेडल है। इससे पहले शुक्रवार को सुजीत कलकल ने गोल्ड जीता जीता था।
अमन ने हान के शुरुआती हमलों के खिलाफ मजबूत बचाव किया और फिर अपनी आक्रामक तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए बढ़त बनाई। दूसरे पीरियड में छह अंक गंवाने के बावजूद उन्होंने निर्णायक चाल चलकर मुकाबले पर फिर से नियंत्रण हासिल किया और यादगार जीत दर्ज की।
एशियन गेम्स 2026 में भारत का पदक अभियान शानदार रहा। अमन सहरावत के अलावा कुमकुम मोहोड़, प्रणवी उर्स और भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने भी गोल्ड मेडल जीते। प्रणवी उर्स, अदिति अशोक और दीक्षा डागर ने महिला टीम गोल्फ स्पर्धा में सिल्वर मेडल हासिल किया, जबकि नीरज चौहान ने पुरुषों की व्यक्तिगत रिकर्व तीरंदाजी में ब्रॉन्ज मेडल जीता।