खेल

एशिया कप जीतने से टीम इंडिया को मिलेगा दोगुना फायदा, साउथ कोरिया आज खिताबी जंग

India vs South Korea: हॉकी मेंस एशिया कप 2025 के फाइनल में आज शाम को साउथ कोरिया और टीम इंडिया आमने सामने होंगी। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम को डबल फायदा होने वाला है।

2 min read
Sep 07, 2025
मेंस हॉकी एशिया कप के फाइनल में भारत का सामना साउथ कोरिया से होगा (फोटो- Hockey India)

Men's Hockey Asia Cup Final: मेंस हॉकी एशिया कप 2025 का फाइनल मुकाबला आज बिहार के राजगीर में खेला जाएगा। भारत और साउथ कोरिया की टीम खिलाबी मुकाबले में आमने सामने होंगी। दोनों टीमों ने इस सीजन दमदार खेल दिखाया है और फाइनल तक वे अजेय रही हैं। फाइनल से पहले भी भारत और साउथ कोरिया की टीम सुपर 4 के पहले मुकाबले में भिड़ चुकी हैं और मैच बराबरी पर खत्म हुआ था।

हालांकि अब फाइनल में जो भी टीम जीतेगी उसके डबल फायदा होगा। दरअसल एशिया कप जीतने वाली टीम को सीधे वर्ल्डकप का टिकट मिल जाता है। ऐसे में बिहार के राजगीर से वर्ल्डकप का टिकट कौन लेकर जाता है, यह आज रात को पता चल जाएगा। इस तरह फाइनल जीतने वाली टीम एशिया कप का खिताब तो जीतेगी ही, साथ ही वर्ल्डकप का टिकट भी हासिल कर लेगी।

चीन को 7-0 से रौंदा

भारतीय हॉकी टीम ने शनिवार को राजगीर हॉकी स्टेडियम में एशिया कप के अपने तीसरे सुपर 4 मैच में चीन को 7-0 से हरा दिया। भारत की तरफ से अभिषेक (46वें और 50वें मिनट), शिलानंद लाकड़ा (4वें मिनट), दिलप्रीत सिंह (7वें मिनट), मनदीप सिंह (18वें मिनट), राज कुमार पाल (37वें मिनट) और सुखजीत सिंह (39वें मिनट) ने गोल किए।

भारत ने पहले क्वार्टर में दो गोल दागे। चौथे मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने एक हवाई गेंद दायीं ओर खड़े जरमनप्रीत सिंह को दी, जिन्होंने उसे बखूबी संभाला और शिलानंद लाकड़ा (4) को क्रॉस किया, जो दूर पोस्ट पर पहला गोल करने के लिए इंतजार कर रहे थे। तीन मिनट बाद, भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला जब कप्तान हरमनप्रीत सिंह की ड्रैग-फ्लिक गोल के सामने रोक दी गई, लेकिन दिलप्रीत सिंह (7) ने रिबाउंड पर तेजी से गोल करके बढ़त बना ली।

अभिषेक चूके तो मनदीप ने दागा गोल

दूसरे क्वार्टर में भी भारत ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा। भारत को 17वें मिनट में एक शानदार मौका मिला जब अभिषेक ने मंदीप सिंह के लिए सर्कल में एक बेहतरीन क्रॉस दिया, लेकिन वह गेंद को गोल में नहीं बदल सके। अगले ही मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे टीम ने गोल में बदल दिया। हरमनप्रीत सिंह की ड्रैग-फ्लिक को पहले रशर ने रोक दिया। गेंद विवेक सागर प्रसाद के पास गई, जिन्होंने रिबाउंड पर शॉट लिया जिसे चीनी गोलकीपर ने रोक दिया, लेकिन मनदीप सिंह (18वें मिनट) ने तेजी दिखाते हुए गोल दाग दिया।

भारत ने तीसरे क्वार्टर में दो और गोल दागे। 37वें मिनट में, शिलानंद लाकड़ा ने दिलप्रीत सिंह के लिए सर्कल में एक क्रॉस दिया, जिन्होंने गेंद को सभी के ऊपर से राज कुमार पाल (37वें मिनट) के पास पहुंचाया और राज ने गोल कर दियाा। इसके कुछ ही मिनट बाद दिलप्रीत सिंह ने बेसलाइन से सर्कल के बीच में सुखजीत सिंह (39वें मिनट) को एक पास दिया, जिसे उन्होंने गोल में बदल दिया। अंतिम क्वार्टर के पहले ही मिनट में सुखजीत सिंह ने कई डिफेंडरों को छकाते हुए अभिषेक को गेंद पास की और अभिषेक (46वें मिनट) ने मौके को गोल में बदल दिया। मैच समाप्त होने से ठीक 10 मिनट पहले अभिषेक (50वें मिनट) ने एक और गोल किया। इसी के साथ भारत ने चीन पर 7-0 की जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली।

Published on:
07 Sept 2025 03:02 pm
Also Read
View All

अगली खबर