खेल

Paris Olympic 2024: टोक्यो ओलंपिक में मेडल जीतने वाले एथलीट क्या कर रहे हैं अब, जानें कितने पेरिस ओलंपिक में ले रहे भाग?

Tokyo Olympic Medal Winner: टोक्यो ओलंपिक में भारत ने कुल मिलाकर सात मेडल जीते थे, जिसमें नीरज चोपड़ा को गोल्ड मेडल और मेंस हॉकी टीम का कांस्य पदक भी शामिल था।
2 min read
Paris Olympic 2024

India at Paris Olympic 2024: भारत के 117 एथलीट पेरिस ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं। इन खिलाड़ियों से पदक की बड़ी आस भी है। टोक्यो ओलंपिक में भारत ने कुल मिलाकर सात मेडल जीते थे। पेरिस ओलंपिक में टोक्यो ओलंपिक के पांच पदक विजेता ही भाग ले रहे हैं। स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा एक बार फिर से देश के लिए पदक की सबसे बड़ी उम्मीद हैं। नीरज ने टोक्यो में एथलेटिक्स में व्यक्तिगत स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचा था। पेरिस में भी वह पुरुष जैवलिन थ्रो इवेंट में पदक के लिए भाला फेंकने उतरेंगे।

टोक्यो में भारत को सिल्वर मेडल दिलाने वाली महिला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू इस बार भी 49 किलोग्राम भारवर्ग में भारत की चुनौती पेश करेंगी। भारत की ओर से मीराबाई ने ही टोक्यो में पहली बार पदक जीता था। महिला बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन ने टोक्यो में वेल्टरवेट कैटेगरी में कांस्य पदक जीता था। इस बार वह 75 किलोग्राम भारवर्ग कैटेगरी में रिंग में उतरेंगी। भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु ने टोक्यो ओलंपिक में महिला सिंगल इवेंट में देश को कांस्य पदक दिलाया था। इस बार भी वह ओलंपिक गोल्ड मेडल की हैट्रिक लगाने के लिए उतरेंगी।

रवि दहिया-बजरंग पूनिया बाहर

भारतीय पुरुष हॉकी टीम का टोक्यो में कांस्य पदक जीतना एक भावनात्मक पल था। यह टीम एक बार फिर से पदक की रेस में शामिल होने के लिए पेरिस में दमखम लगाएगी। हालांकि महिला हॉकी टीम इस बार क्वालीफाई नहीं कर पाई है। टोक्यो में भारत को दो रेसलिंग मेडल दिलाने वाले दो रेसलर इस बार ओलंपिक का हिस्सा नहीं है। रवि कुमार दहिया ने पुरुष 57 किलोग्राम कैटेगरी में टोक्यो ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीता था। टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक विजेता बजरंग पूनिया भी पेरिस ओलंपिक का हिस्सा नहीं है। रवि कुमार और बजरंग पूनिया इस बार सिलेक्शन ट्रायल में हारने के बाद ओलंपिक के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए।

Updated on:
20 Jul 2024 07:33 pm
Published on:
20 Jul 2024 07:33 pm