खेल

Men’s Junior Asia Cup: कप्तान अनमोल एक्का के दो गोल से भारत ने मलेशिया को 3-1 से हराया, फाइनल में बनाई जगह

India vs Malaysia, Men’s Junior Asia Cup: एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत ने मलेशिया को 3-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। कप्तान अनमोल एक्का ने दो गोल किए।
2 min read
Sep 11, 2026
India vs Malaysia
एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत। (Photo- X/@TheHockeyIndia)

Men’s Junior Asia Cup 1st Semi-fianal: भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। शुक्रवार को चीन के मोकी में खेले गए पहले सेमीफाइनल में भारत ने मलेशिया को 3-1 से मात दी। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने अपने खिताब के बचाव की ओर मजबूत कदम बढ़ाया है।

पांच बार की चैंपियन भारत की ओर से कप्तान अनमोल एक्का ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल किए। वहीं सुखविंदर ने भी टीम के लिए एक गोल दागा। मलेशिया की ओर से एम. राहुल ही एकमात्र गोल कर सके। अब फाइनल में भारत की भिड़ंत पाकिस्तान और दक्षिण कोरिया के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगी।

भारत ने बनाए रखा दबदबा

भारतीय जूनियर पुरुष टीम ने एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में मलेशिया पर अपना दबदबा बनाए रखा। पहला क्वार्टर गोलरहित रहा। दोनों टीमों ने गोल करने के मौके बनाए, लेकिन कोई भी उन्हें भुना नहीं सका। दूसरे क्वार्टर में कप्तान अनमोल एक्का ने 16वें मिनट में गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद तीसरे क्वार्टर में मुकाबला कड़ा रहा। दोनों टीमों ने गोल करने की कोशिश की, लेकिन किसी को सफलता नहीं मिली।

चौथा क्वार्टर बेहद रोमांचक रहा। भारत ने इस दौरान दो गोल किए। सुखविंदर ने 51वें मिनट में गोल कर भारत की बढ़त को 2-0 कर दिया। इसके बाद कप्तान अनमोल एक्का ने 54वें मिनट में अपना दूसरा गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया। मलेशिया की ओर से एम. राहुल ने 60वें मिनट में एकमात्र गोल किया। हालांकि, इसके बाद भारत ने कोई और गोल नहीं खाने दिया और मुकाबला 3-1 से अपने नाम कर फाइनल में जगह बना ली।

चीनी ताइपे को 15-0 से हराकर सेमीफाइनल में बनाई थी जगह

एएचएफ जूनियर एशिया कप में भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने पूल-ए के आखिरी मुकाबले में चीन ताइपे को 15-0 से हराया था और सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। इस अहम मुकाबले में भारत की तरफ से कप्तान अनमोल एक्का ने 6 गोल दागे थे।

पूल-ए में टॉप पर भारत

भारतीय जूनियर पुरुष टीम ने एएचएफ जूनियर एशिया कप 2026 में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है। टूर्नामेंट के पूल-ए में दमदार प्रदर्शन का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टीम ने तीन जीत और एक ड्रॉ के साथ टॉप पर रही। वहीं, दक्षिण कोरिया ने जापान को 3-2 से हराकर नौ अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल में जगह बनाई। जापान, इंडोनेशिया और चीनी ताइपे खिताबी रेस से बाहर हो गए हैं।

Updated on:
11 Sept 2026 05:05 pm
Published on:
11 Sept 2026 04:24 pm