खेल

Hockey Asia Cup 2025: चीन के बाद टीम इंडिया ने जापान को किया पस्त, सुपर 4 में जगह भी की पक्की

India vs Japan: हॉकी एशिया कप 2025 में भारतीय टीम ने लगातार दूसरा मुकाबला जीत लिया है और सुपर 4 में जगह पक्की कर ली है।

2 min read
Aug 31, 2025
भारत ने जापान को 3-2 से हराया (फोटो- Hockey India)

India vs Japan, Hockey Asia Cup 2025 Highlights: एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के अपने दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने जापान को 3-2 से हराकर सुपर 4 में जगह पक्की कर ली है। भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 2 गोल किए तो मंदीप सिंह ने टीम इंडिया का खाता खोला। इससे पहले टीम इंडिया ने चीन को 4-3 से हराया था। अब भारतीय टीम का सुपर 4 में जाना तय है।

ये भी पढ़ें

पिछले साल अचानक छोड़ी टीम की कमान और ले लिया संन्यास, अब लड़ने जा रहे चुनाव

कजाकिस्तान से भारत का अगला मुकाबला

टीम इंडिया अपना आखिरी लीग मुकाबला सोमवार को कजाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। इस मुकाबले में जापान की ओर से कोसेई कावाबे गोल करने वाले इकलौते खिलाड़ी रहे, जिन्होंने दो गोल दागे। भारत ने पहले क्वार्टर की शानदार शुरुआत की। चौथे मिनट मंदीप सिंह ने गोल दागकर टीम का खाता खोला। सुखजीत सिंह ने बेसलाइन पर गेंद ली और मनदीप सिंह (चौथे मिनट) को एक बेहतरीन पास दिया, जिसे उन्होंने गोलपोस्ट के सामने अपने मार्कर को छकाते हुए नेट में डालकर टीम का खाता खोला।

अगले ही मिनट भारत को मुकाबले का पहला पेनाल्टी कॉर्नर मिला और दो रीटेक के बाद, कप्तान हरमनप्रीत सिंह (पांचवें मिनट) ने एक जोरदार शॉट लगाया, जो जापानी गोलकीपर के पैर से टकराकर गोल में चला गया। इसी के साथ भारत ने 2-0 से बढ़त बना ली। जापान को 13वें मिनट में एक पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन जापानी टीम इसका कोई फायदा नहीं उठा सकी।

19वें मिनट में जापान गोल करने के करीब पहुंच गया था। रयोसुके शिनोहारा ने गेंद को मिडफील्ड से ड्रिबल किया और एक बैकहैंड शॉट लगाया, जो मामूली अंतर से बाहर चला गया। जापान को 24वें मिनट में अपना दूसरा पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन इस बार भी जापान नाकाम रहा। जापान ने तीसरे क्वार्टर में अपना पहला गोल किया। कोसेई कावाबे (38वें मिनट) ने सर्कल के अंदर एक मुश्किल पास को सफलतापूर्वक लिया और उसके बाद एक शानदार शॉट लगाया, जो गोलकीपर को छकाते हुए निचले दाएं कोने में पहुंचा।

'सरपंच साहब' ने फिर किया कमाल

इस गोल के बाद, जापान ने बराबरी की तलाश में आक्रामक रणनीति अपनाई। क्वार्टर खत्म होने में बस कुछ ही क्षण बचे थे, भारत को एक महत्वपूर्ण पेनाल्टी कॉर्नर मिला, जिसे कप्तान हरमनप्रीत सिंह (45वें मिनट) ने गोलकीपर के पैरों के बीच से खूबसूरती से गोल में बदलकर भारत को 3-1 से आगे कर दिया।

अंतिम क्वार्टर के शुरुआती मिनटों में, जापान को एक पेनाल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन भारतीय गोलकीपर सूरज ने लगातार दो शानदार गोल बचाए। मैच के 59वें मिनट में जापान के कोसेई कावाबे ने मुकाबले का अपना दूसरा गोल दागा। इसके साथ भारत के पास महज एक गोल की बढ़त शेष रह गई। कप्तान हरमनप्रीत सिंह को अंतिम मिनट में येलो कार्ड दिखाया गया, लेकिन अपनी मामूली बढ़त को बरकरार रखते हुए भारत ने जीत दर्ज की। यह भारतीय गोलकीपर कृष्ण बी पाठक का 150वां अंतरराष्ट्रीय मैच था।

Updated on:
31 Aug 2025 06:42 pm
Published on:
31 Aug 2025 05:56 pm
Also Read
View All

अगली खबर