खेल

KKR vs GT: ईडन गार्डन्स में कोलकाता का हाई-स्कोरिंग धमाका, गुजरात को 29 रन से हराकर जिंदा रखीं प्लेऑफ की उम्मीदें

KKR vs GT IPL 2026: ईडन गार्डन्स में खेले गए हाई-स्कोरिंग मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने गुजरात टाइटंस को 29 रन से हराकर प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखीं, पूरी मैच रिपोर्ट यहां पढ़ें।

2 min read
May 17, 2026
ईडन गार्डन्स में शनिवार, 16 मई 2026 को खेले गए आईपीएल 2026 मुकाबले में गुजरात टाइटंस को हराने के बाद जीत का जश्न मनाते कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाड़ी। (फोटो: आईएएनएस)

KKR vs GT IPL 2026: कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने शनिवार को आईपीएल 2026 के 60वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) को 29 रन से हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। ईडन गार्डन्स में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 247 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में गुजरात की टीम 20 ओवर में 4 विकेट पर 218 रन ही बना सकी।

इस जीत के साथ केकेआर 12 मैचों में 11 अंकों के साथ अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है। वहीं गुजरात टाइटंस 13 मैचों में 8 जीत के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है।

ये भी पढ़ें

KKR vs GT: फिन एलेन के बाद रघुवंशी और ग्रीन का तूफान, कोलकाता ने गुजरात को दिया 248 रनों का लक्ष्य

फिन एलन ने खेली तूफानी पारी

टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर को कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन एलन ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 27 गेंदों में 44 रन जोड़े। रहाणे 14 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन इसके बाद फिन एलन ने अंगकृष रघुवंशी के साथ मिलकर गुजरात के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया।

दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 41 गेंदों में 95 रन की साझेदारी की। फिन एलन ने 35 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। वह शतक से चूक गए, लेकिन उनकी बल्लेबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

रघुवंशी और ग्रीन ने अंत में मचाया तूफान

फिन एलन के आउट होने के बाद अंगकृष रघुवंशी और कैमरून ग्रीन ने गुजरात के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में नाबाद 108 रन जोड़कर टीम को 247 रन तक पहुंचाया।

रघुवंशी ने 44 गेंदों में 82 रन की शानदार नाबाद पारी खेली, जिसमें 7 छक्के और 4 चौके शामिल रहे। वहीं कैमरून ग्रीन ने 28 गेंदों में 52 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। गुजरात की ओर से मोहम्मद सिराज और साई किशोर को 1-1 विकेट मिला।

शुभमन गिल और बटलर की फिफ्टी गई बेकार

248 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस को शुभमन गिल और साईं सुदर्शन ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले 3 ओवर में 42 रन की साझेदारी हुई। हालांकि तीसरे ओवर में कार्तिक त्यागी की गेंद साईं सुदर्शन की कोहनी पर लगी, जिसके बाद उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा।

इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने जोस बटलर के साथ पारी संभाली। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 73 गेंदों में 128 रन की साझेदारी की और गुजरात को मुकाबले में बनाए रखा। शुभमन गिल ने 49 गेंदों में 85 रन बनाए, जिसमें 7 छक्के और 5 चौके शामिल रहे। वहीं जोस बटलर ने 35 गेंदों में 57 रन की पारी खेली।

साईं सुदर्शन की वापसी भी नहीं दिला सकी जीत

17वें ओवर में साईं सुदर्शन दोबारा बल्लेबाजी के लिए मैदान पर लौटे और अंत तक टिके रहे। उन्होंने 28 गेंदों में नाबाद 53 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। केकेआर की ओर से सुनील नरेन ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए, जबकि सौरभ दुबे और कैमरून ग्रीन को 1-1 सफलता मिली।

अब गुजरात टाइटंस की नजर अगले मुकाबले पर होगी, जहां टीम चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर प्लेऑफ में जगह पक्की करना चाहेगी।

ये भी पढ़ें

KKR vs GT: सुनील नरेन ने रचा इतिहास, IPL में 200 मैच खेलने वाले इकलौते विदेशी खिलाड़ी बने
Published on:
17 May 2026 12:41 am
Also Read
View All