
PM Modi Meets CWG Athletes: रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों से मुलाकात की। ग्लासगो गेम्स में भारतीय बॉक्सर्स ने इतिहास रचते हुए 7 गोल्ड मेडल जीता। इस दौरान ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन स्वर्ण पदक से चूक गईं। हालांकि सिल्वर मेडल के बाद जब पूरे दल को एक रेस्टोरेंट ने डिनर के लिए आमंत्रित किया, तो वहां भारत के गलत नक्शे को लेकर विवाद हो गया। उस मामले के बारे में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे पूछा तो सिल्वर मेडल बॉक्सर ने पूरी कहानी सुना डाली।
प्रधानमंत्री मोदी ने बॉक्सर लवलीना से मजाकिया अंदाज में पूछा, "क्या हुआ, आप उस रेस्टोरेंट वाले से झगड़ा कर रही थीं?" जवाब में लवलीना ने मुस्कुराते हुए कहा, "खुशी का मौका था सर, हम जश्न मना रहे थे। मुझे अपने देश का गलत नक्शा देखना पसंद नहीं आया। मैंने उन्हें प्यार से समझाया और उन्होंने उसमें बदलाव भी कर दिए।" भारतीय स्टार बॉक्सर की बात सुनने के बाद प्रधानमंत्री ने इस कदम को युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक बताया। पीएम ने कहा, "जब आप जश्न मना रही थीं और गेम्स खत्म हो चुके थे, उस समय उस मानचित्र की अहमियत को पहचान पाना कोई आम बात नहीं थी। यह आपकी सतर्कता और देशभक्ति को दर्शाता है। इसे लोग बहुत लंबे समय तक याद रखेंगे।"
लवलीना ने कहा, "हम खिलाड़ियों को जिस तरह से सपोर्ट मिल रहा है और बैक-टू-बैक प्रतिस्पर्धा करने के मौके मिल रहे हैं, वह बहुत बड़ी बात है। आज जितने भी युवा एथलीट आ रहे हैं, वे सभी 'खेलो इंडिया' स्कीम की देन हैं। इससे जमीनी स्तर पर बड़ा बदलाव हो रहा है।" इस पर प्रधानमंत्री ने कहा, "अगर आप लोगों की वजह से 'खेलो इंडिया' की प्रतिष्ठा बढ़ती है, तो यह देश के लिए बड़ा योगदान होगा। अभी हमें बहुत आगे जाना है और ढेर सारे मेडल जीतने हैं।"
कॉमनवेल्थ गेम्स के मिडिलवेट वूमेंस बॉक्सिंग के फाइनल में लवलीना बोरगोहेन को ऑस्ट्रेलिया की एम्मा-सू ग्रीनट्री से कड़े मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। दुनिया के चौथे नंबर की ऑस्ट्रेलियाई बॉक्सर ने पहले राउंड में 4 जजों से 10-10 अंक हासिल किए थे। इसके बाद लवलीना ने शानदार कमबैक करते हुए दूसरा राउंड 4-1 से अपने नाम किया। हालांकि, निर्णायक तीसरे राउंड में 4 जजों ने एम्मा के पक्ष में अंक दिए, जिसके कारण दुनिया की 7वें नंबर की मुक्केबाज लवलीना गोल्ड मेडल से चूक गईं।