
Nethra Kumana Win Bronze medal: जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारत की झोली में एक और पदक आया है। दरअसल, नेत्रा कुमानन ने शुक्रवार को महिला नौकायान के डिंगी फाइनल में तीसरा स्थान हासिल करते हुए ब्रॉन्ज मेडल (कांस्य पदक) अपने नाम किया। पहली रेस में नेत्रा कुमानन छठे स्थान पर रहीं, जबकि दूसरी रेस में जीत हासिल की। कुल मिलाकर उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया। 29 वर्षीय भारतीय महिला नाविक कायोह यॉट हार्बर में थाइलैंड की सोफिया गेल मॉन्टगोमरी और सिंगापुर की एंग जानिया से पीछे रहीं। थाइलैंड की सोफिया गेल मॉन्टगोमरी ने गोल्ड मेडल जीता जबकि एंग जानिया ने सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया।
चेन्नई की 29 वर्षीय नेत्रा ने कुल 14 अंक अर्जित कर तीसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने क्वालीफिकेशन रेस में सात और फाइनल रेस में भी सात अंक जुटाए। थाईलैंड की सोफिया मॉन्टगोमरी ने पांच अंकों के साथ गोल्ड, जबकि सिंगापुर की एंग जानिया 13 अंकों के साथ सिल्वर जीतने में सफल रहीं।
बता दें कि सेलिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को हर रेस में उनके स्थान के आधार पर अंक मिलते हैं। पहले स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को एक अंक दिया जाता है और सबसे कम कुल अंक वाला खिलाड़ी विजेता घोषित होता है। नेत्रा ने अपनी आखिरी दो रेस में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक रेस में पहला स्थान हासिल किया, जबकि दूसरी रेस में वह छठे स्थान पर रहीं।
एशियन गेम्स 2026 के 14वें दिन हासिल किया गया ब्रॉन्ज मेडल नेत्रा कुमारन के लिए बेहद खास उपलब्धि है। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय नौकायन के क्षेत्र में अपनी पहचान को और मजबूत किया है। चेन्नई में जन्मी इस ओलंपियन ने पूरी प्रतियोगिता के दौरान शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद अपने बेहतरीन कौशल और दृढ़ इच्छाशक्ति के दम पर पोडियम फिनिश हासिल की।
नेत्रा इससे पहले 2014, 2018 और 2023 के एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वह पेरिस 2024 के लिए क्वालीफाई करके ओलंपिक के लिए जगह बनाने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं।
पुरुष वर्ग में भारत के विष्णु सरवनन को चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा। उन्होंने दोनों अंतिम रेस में दूसरा स्थान हासिल किया, लेकिन क्वालीफिकेशन में मिले 17 अंकों के कारण उनका कुल स्कोर 21 अंक रहा।