Amelia Kerr Runout Controversy: टी20 विश्व कप 2024 में भारत बनाम न्यूजीलैंड मैच के दौरान अमेलिया केर के रन आउट को लेकर शुरू हुआ विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। इसे भारतीय महिला टीम के साथ बेइमानी बताया जा रहा है। इस मामले में रविचंद्रन अश्विन ने भी सोशल मीडिया पर सवाल उठाए हैं।
Amelia Kerr Runout Controversy: टी20 विश्व कप 2024 के अपने पहले ही मैच में भारतीय महिला टीम को न्यूजीलैंड के हाथों 58 रनों से शिकस्त झेलनी पड़ी है। न्यूजीलैंड की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान सोफी डिवाइन के 36 गेंद में 57* रन की बदौलत 160 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय महिला टीम 19 ओवर में 102 रन पर ही ढेर हो गई। इस मैच के दौरान एक विवाद भी हुआ, जिसे भारतीय महिला टीम के साथ बेइमानी बताया जा रहा है। इस मामले में भारत के स्टार ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने भी सोशल मीडिया पर सवाल उठाए हैं। वहीं, भारतीय फैंस इस मामले में मैदानी अंपायर पर निशाना साध रहे हैं।
न्यूजीलैंड की पारी का 13वां ओवर में दीप्ति शर्मा फेंक रही थीं। दीप्ति की आखिरी गेंद पर अमेलिया केर ने लांग ऑफ की तरफ खेलते हुए एक रन ले लिया। इसी बीच केर ने दूसरा रन लेने का प्रयास किया तो कप्तान हरमनप्रीत ने ऋचा घोष की ओर थ्रो किया। ऋचा ने बिना देरी किए केर को रन आउट कर दिया। केर रन आउट होकर पवेलियन लौट ही रही थीं कि मैदान के बाहर से अंपायर ने उन्हें रुकने का इशारा किया और इसी पर विवाद हो गया।
दरअसल, अमेलिया केर जब दूसरा रन लेने के लिए भाग रही थीं तो ओवर खत्म मानकर मैदानी अंपायर दीप्ति को उनका कैप लौटा रही थीं। उसी बीच केर दूसरा रन लेने के प्रयास में रन आउट हो गईं। वहीं, नियमत: फील्ड अंपायर के गेंदबाज को कैप वापस देते ही गेंद डेड हो जाती है। इसके बाद रन लेने की कोशिश और रन आउट दोनों ही अमान्य माने जाते हैं। अब सवाल ये है कि क्या अंपायर को इस तरह कैप वापस करनी चाहिए थी?
भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर और टीम कोच अमोल मजूमदार अंपायर के इस निर्णय से नाराज दिखे। दोनों ने अंपायर्स से इसको लेकर काफी चर्चा की। वहीं, भारत के स्टार ऑलराउंडर रविचंद्रन अश्विन ने भी इस फैसले से सहमति जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सवाल किया कि दूसरा रन शुरू होने से पहले ही ओवर कॉल्ड ऑफ किया गया। वास्तव में ये किसकी गलती है?